अक्षय कुमार ने खान तिकड़ी के खिलाफ खोला मोर्चा

आज से कुछ समय पहले तक हमारे तीनों खान शाहरुख (Shahrukh Khan) सलमान (Salman Khan) और आमिर खान (Amir Khan) बॉक्स ऑफिस के किंग माने जाते थे. इनकी बिग बजट फिल्मों का इंतजार सभी को होता था. 200 करोड़ का बिजनेस तो इनकी फिल्में यूं कर लेतीं थीं, लेकिन वक्त बदल चुका है. तीनों खान स्टार्स का जादू धीरे-धीरे अब उतरने लगा है. ऐसे में वो कहते हैं ना कि लोहा गरम है मार दो हथौड़ा, तो यही किया है हमारे खिलाड़ी कुमार यानि अक्षय कुमार (Akshay Kumar) ने. जहां किसी भी स्टार की हिम्मत नहीं होती थी खान तिकड़ी की फेस्टिवल रिलीज़ फिल्मों के सामने टकराने की तो वहीं अक्षय कुमार ने साल 2019 और 2020 की सभी फेस्टिवल रिलीज़ पर कर दिया है अपनी फिल्मों का ऐलान. सबसे बड़ी बात तो ये है कि ईद पर जहां पहले से ही सलमान खान की फिल्मों के आने का चलन सा रहा है उसी ईद पर अक्षय कुमार लेकर आ रहे हैं लक्ष्मी बॉम्ब जो की साउथ की सुपरहिट फिल्म कांचना की रीमेक है.

ईद पर जहां पहले सलमान की इंशाअल्लाह आने वाली थी, मगर उसके डब्बाबंद होने के बाद सलमान ने ट्विटर पर ईशारों-इशारों में ईद पर किसी और फिल्म के साथ आने का ऐलान कर दिया था. तो ये जानते हुए भी अक्षय ने सलमान से पंगा ले लिया और आ रही है लक्ष्मी बॉम्ब 2020 की ईद पर. न सिर्फ ईद बल्कि अगले साल दीवाली पर अक्षय कुमार लेकर आ रहे हैं बड़ी फिल्म पृथ्वीराज चौहान जो कि यशराज फिल्म्स की पेशकश. वहीं यशराज फिल्म्स जिस पर कभी किंगखान का कब्जा हुआ करता था. यशराज बैनर बिना शाहरुख के फिल्म बनाने की कल्पना नहीं कर सकता था. सिर्फ शाहरुख ही क्यों सलमान के करियर की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्ट फ्रेंचाइज टाइगर सीरीज की फिल्में हों या फिर सुल्तान दोनों ही यशराज के हक ये आईं. लेकिन अब जिस अक्षय कुमार के साथ यशराज ने न के बराबर फिल्में कीं, वही यशराज अपने सबसे महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट पृथ्वीराज में उन्हें कास्ट किया है जो कि दीवाली रिलीज है.

यह भी पढ़ें: खेमों में बंटा है बॉलीवुड जानिए कौन सा कैम्प है पॉवरफुल

साल 2020 की दीवाली आमतौर पर शाहरुख खान के नाम हुआ करती थी. दूसरी तरफ क्रिसमस के लंबे वीकेंड को भी अक्षय ने नहीं छोड़ा है. क्रिसमस 2020 में अक्की की फिल्म बच्चन पाण्डेय रिलीज़ होने जा रही है. आप अगर हाल फिलहाल के पैटर्न पर नजर डालें तो क्रिसमस पर आमिर खान की फिल्में रिलीज़ होतीं रहीं हैं. लेकिन साल 2019 के क्रिसमस पर भी अक्षय का कब्जा है. वो इस साल लंबे क्रिसमस वीक में लेकर आ रहे हैं फिल्म गुड न्यूज़. यही नहीं इस साल दीवाली पर अक्षय की सुपरहिट फ्रेंचाइज हाउसफुल 4 भी रिलीज़ होने जा रही है. अक्षय ने सही समय का इंतजार करके खान के साम्राज्य पर हमला बोला है.

साल 2016 से वो लगातार हिट पर हिट दिए जा रहे हैं. उससे पहले भी उनका करियर ग्राफ खराब नहीं रहा. साल में कम से कम 2-3 फिल्में उनकी जरूर आतीं हैं और हिट, सुपरहिट का टैग हासिल करतीं हैं. साल 2016 में एयरलिफ्ट से हिट फिल्मों की झड़ी सी लग गई. इस साल केसरी और मिशन मंगल दोनों सुपरहिट और ब्लॉकबस्टर रहीं और मिशन मंगल तो अक्षय के करियर की साल 2016 से लगातार 10 वीं हिट फिल्म रही है. प्रोड्यूसर्स भी ये बात समझ गए हैं कि कमाने वाले सितारे पर दांव लगाना वक्त की जरूरत है इसलिए आज के दौर में अक्की हर बड़े बैनर के साथ काम कर रहे हैं. वहीं दूसरी तरफ उनकी फीस पर बाकी बड़े सितारों से कम होने के साथ-साथ उनकी डिसिप्लीन तय वक्त पर फिल्म की शूटिंग खत्म करने में मदद करता है.

खान तिकड़ी की बात करें तो पिछले कुछ सालों से ये तीनों खान फीस की जगह फिल्म की प्रॉफिट में हिस्सा लेने लगे थे, जिससे मेकर्स की मुसीबत होने लगी थी. क्योंकि फिल्म हिट हो या फ्लॉफ अपनी फीस के बराबर कमाई तीन चार दिनों में देने की वजह से इनका काफी दबाव रहता था. फिल्म्स पर शाहरुख खान के हाल फिलहाल के ग्राफ की बात करें तो दिलवाले, फैन, और जीरो की नाकामी ने उनकी स्टारडम को हिलाकर रख दिया है. शाहरुख के पास फिलहाल कोई फिल्म नहीं है जिसका ऐलान उन्होंने खुद ट्विटर पर किया है.

यह भी पढ़ें: क्या सलमान ने भंसाली से लिया पुरानी दुश्मनी का बदला?

वहीं सलमान की बात करें तो सलमान के पास फिल्में तो बहुत हैं लेकिन एक जैसी फिल्मों के आने से उनके स्टारडम में लगातार गिरावट आ रही है. उनकी फिल्म भारत ने गिरते परते 200 करोड़ का कारोबार किया . रही बात आमिर की तो ठग्स ऑफ हिंदोस्तां के फ्लॉप होने से उनके फिल्मों के चुनाव पर सवाल खड़े हुए हैं. हाल ही में मी टू के गंभीर आरोप में फंसे सुभाष कपूर की गुलशन कुमार की बायोपिक में काम करने को लेकर उनकी खूब आलोचना हो रही है क्योंकि वो पीड़िता की जगह फिल्मकार के बचाव में उतर आए हैं. अक्षय का संघर्ष इन तीन खान स्टार्स से कम नहीं रहा है लेकिन अक्षय को वो हैसियत कभी नहीं मिली जो इन्हें मिली.

अक्षय की फिल्मों की रिलीज़ के पैटर्न पर नजर डालें तो उन्होने 15 अगस्त, 26 जनवरी और 2 अक्टूबर की डेट्स को हाथ तक नहीं लगाया है क्योंकि इन डेट्स पर उनके दोस्त ऋतिक और जॉन अब्राहम की फिल्में आ रहीं हैं. कुल मिलाकर यही कह सकते हैं कि अक्षय ने इंडस्ट्री के गणित को समझकर अगले कई सालों के लिए खान तिकड़ी के सामने गंभीर चुनौती पेश कर दी है.

क्या सलमान ने भंसाली से लिया पुरानी दुश्मनी का बदला?

खबर तो आप सभी को पता है कि सलमान खान संजय लीला भंसाली की फिल्म इंशाअल्लाह को बीच मझधार में छोड़ निकल लिए. वो भी तब जब पिछले संडे को आलिया भट्ट इस फिल्म का एक गीत शूट कर चुकी थीं. आलिया ही इस फिल्म में सलमान की हीरोइन होने वाली थीं. सोमवार को सलमान इस फिल्म की शूटिंग शुरु करने वाले थे लेकिन उनके एक ट्वीट ने ‘इंशाअल्लाह‘ को डिब्बाबंद कर दिया. ये था सलमान खान का वो ट्वीट –

सोचिए जो फिल्म फ्लोर पर जानी थी, जिस फिल्म का ऐलान हो चुका था, जिस फिल्म को हम दिल दे चुके सनम के बाद भंसाली और सल्लू मियां के ऐतिहासिक रियूनियन के तौर पर याद किया जाना था उस फिल्म से सलमान ने पल्ला क्यों झाड़ लिया. तो ये जानने के लिए चलिए बॉलीवुड पॉलिटिक्स में थोड़ा पीछे लिए चलते हैं आपको.

बात है सन 1999 की, हम दिल दे चुके सनम की सफलता के बाद से सलमान और ऐश्वर्या का रिश्ता बड़े नाजुक दौर से गुजर रहा था..सलमान का करियर भी उसके बाद ढलान पर आने लगा. मीडिया से झगड़ा, केसेज और फिर कई मौको पर पर्सनल परेशानियों के किस्से सलमान की छवि पर लगातार बट्टा लगा रहे थे. इसी बीच भंसाली ऐलान करते हैं कि उनकी अगली फिल्म में शाहरुख और ऐश्वर्या मुख्य भूमिका निभाएंगे. सलमान को झटका लगता है, सलमान जिन्होने भंसाली को उनके शुरुआती दौर में खामोशी जैसे ऑफबीट फिल्म में सपोर्ट किया और अपनी स्टारडम की भी परवाह न करते हुए एक आर्ट हाउस सिनेमा करना स्वीकार किया, उस भंसाली ने सलमान को सफलता मिलने के बाद दूध में मक्खी की तरह निकाल फेंका दिया.

असल में इसकी वजह थी सलमान का रवैया जिससे हर कोई परेशान था. सलमान को भंसाली ले सकते थे लेकिन शाहरुख या ऐश्वर्या में से कोई फिर देवदास का हिस्सा नहीं बनता. खैर बात आई और गई लेकिन सलमान ने ये दुश्मनी भूली नहीं याद रखी. 2010 में भंसाली ने ऋतिक रोशन और ऐश्वर्या को लेकर गुजारिश का निर्माण कराया. फिल्म बहुत डार्क और आर्ट हाउस सिनेमा थी इसलिए टिकट खिड़की पर नहीं चली. सलमान ने मौका गंवाया नहीं और एक प्रेस कॉन्फ्रेंस पर जब इस फिल्म की चर्चा हुई तो कह दिया कि भंसाली की फिल्म को तो कुत्ता भी देखने नहीं गया.

ये भी पढ़ें: – क्या ऋतिक रोशन और फरहान अख्तर के बीच सबकुछ ठीक नहीं है?

यहां सलमान सारी हदें पार कर गए. वो भंसाली को टारगेट करने में ये भी भूल गए कि गुजारिश उनके शागिर्द और उनकी हमेशा इज्जत करने वाले ऋतिक रोशन की फिल्म थी जिसको एक्टिंग में आने की सलाह और कसरती बदन सलमान की ही देन थी. ऋतिक भी नाराज हुए भंसाली भी नाराज हुए और फिर बहुत वक्त तक ये तनातनी चलती रही. इसके कुछ सालों बाद एक बार फिर भंसाली ने अपने ड्रीम प्रोजेक्ट के बारे में सलमान से बातचीत शुरु की. ये प्रोजेक्ट था बाजीराव मस्तानी, जिसमें काम करने के लिए वो सलमान और करीना को लेना चाहते थे. बातचीत भी होने लगी लेकिन सलमान ने हां-ना के चक्कर में फिल्म को लटकाए रखा. आखिरकार भंसाली को सलमान का इंतजार करना महंगा लगा और उन्होने सलमान के लिए लिखा प्रोजेक्ट रणवीर सिंह को ट्रांसफर कर दिया.

जानकार कहते हैं कि भंसाली की इस हरकत से सलमान के ईगो को बहुत ठेस पहुंची. सलमान चाहते थे कि भंसाली उनका इंतजार करें जोकि भंसाली को मंजूर नहीं था. इसके बाद भंसाली ने पद्मावत जैसी बड़ी ब्लॉकबस्टर दी वो भी रणवीर सिंह और दीपिका के साथ. समय बिता, कुछ समय बाद फिर से सलमान को लगा कि भंसाली एक जरूरी निर्देशक हैं जिनके साथ आज काम किया जाना उनके करियर के लिए सही रहेगा. सलमान और भंसाली में बात बनी और इंशाअल्लाह की डील पक्की हुई.

इंशाअल्लाह के लिए संजय लीला भंसाली सलमान की लगभग हर शर्त मान बैठे. लेकिन क्रिएटिव दखलअंदाजी उन्हें नहीं चाहिए थी. बस यही टकराव और ईगो बना फिल्म की राह का असल रोड़ा. सलमान दरअसल कहानी को ही बदलना चाहते थे जैसा कि उन्होने रेमो की फिल्म रेस-3 के साथ किया था. वो चाहते थे कि इंशाअल्लाह में प्रेम कहानी का हिस्सा लंबा रखा जाए जिसे किसी भी सूरत में भंसाली बदलने को तैयार नहीं थे. इसके अलावा सलमान कई छोटे मोटे रोल्स अपने दोस्तों को देने की जिद कर रहे थे. डेजी शाह, वालूचा डिसूजा और ब्रदर इन लॉ आयुष शर्मा को रोल देने पर अड़े सलमान को भंसाली ने साफ-साफ मना कर दिया कि उनकी कहानी में इन कलाकारों का कोई काम नहीं है.

जानकार बताते हैं कि बात सिर्फ यही नहीं बल्कि लंबी चौड़ी फीस को लेकर भी सलमान और भंसाली में बात नहीं बन रही थी. जिसकी वजह से फिल्म को बंद करना पड़ा. अंदरखाने ये भी चर्चा है कि सलमान मनमौजी आदमी हैं वो जानते थे कि भंसाली के साथ काम करना उनके जैसे मस्तमौला कलाकार के बस की बात नहीं और सबसे बड़ी बात उन्होने पहले की बातों का भंसाली से बदला लेने का यही सही मौका देखा. सबसे चौंका देने वाली बात तो ये थी कि सलमान ने भंसाली की फिल्म से किनारा करने के अगले ही दिन अपनी अगली फिल्म किक-2 का अनाउंसमेंट भी इशारों-इशारों में कर दिया..

सोचिए सलमान ने भंसाली को कहीं का नहीं छोड़ा. फिल्म छोड़ी सो अलग और फिल्म की पहले से तय रिलीज पर उस फिल्म का ऐलान कर दिया जिसकी शूटिंग तक अभी शुरु नहीं हुई है. कुल मिलाकर यही कह सकते हैं कि सलमान से मात खाए भंसाली यूं ही शांत बैठने वाले नहीं हैं और अंदरखाने खबर है कि वो शाहरुख या रणवीर सिंह को लेकर ये फिल्म ईद पर ही लाएंगे. खैर अब देखना होगा कि ऑन स्क्रीन और ऑफ स्क्रीन चल रहे इस युद्ध में जीत किसकी होती है.

क्या ऋतिक रोशन और फरहान अख्तर के बीच सबकुछ ठीक नहीं है?

जी हां अब आप सोच रहे होंगे कि ये पॉली टॉक्स कह क्या रहा है … फरहान और ऋतिक तो बहुत जिगरी दोस्त हैं…फरहान ही नहीं उनकी फैमिली के हर सदस्य से ऋतिक का गहरा लगाव है. हम कब कह रहे हैं कि ऐसा नहीं है..ऐसी बात है तो चलिए आपको इस दोस्ती की शुरुआत में लिए चलते हैं.. फिर आपको दोस्ती में दरार की कहानी भी बताएंगे..बात है साल 2002 की फरहान अख्तर के पिता मशहूर लेखक जावेद अख्तर साहब पूरे 6 साल बाद किसी फिल्म की कहानी लिखने बैठे थे.. ये कहानी थी ‘लक्ष्य’ की..ये कहानी खत्म करते ही जिस कलाकार का ख्याल उन्हें आया वो थे ऋतिक रोशन.

फिल्म के बनने में ढेर सारा समय लगना था, कारगिल की कठिन पहाड़ियों में हड्डियां जमा देने वाले माइनस टेंपरेचर में फिल्म को शूट किया जाना था. फिल्म के लिए ऐसा सुपरस्टार चाहिए था जिसकी फैन फॉलौविंग भी शानदार हो और जो बेहतरीन एक्टर होने के साथ साथ फिटनेस के मामले में सैनिकों के स्तर का लगे. शर्त ये भी थी कि एक्टर को एक साथ डेट्स देनीं थी क्योंकि लद्दाख में शूटिंग होनी थी . मगर ‘कोई मिल गया’ के बाद ऋतिक के लिए एक रिस्की फिल्म थी ‘लक्ष्य’ . मगर ऋतिक ने फरहान और जावेद अख्तर की बात का मान रखा और फिल्म में काम करने के लिए हामी भर दी. सबसे बड़ी कुर्बानी ऋतिक ने ये दी कि इस फिल्म के शूट के दौरान उन्होने किसी और फिल्म पर काम नहीं किया.

ये भी पढ़ें: – क्या सलमान ने भंसाली से लिया पुरानी दुश्मनी का बदला?

इतना ही नहीं ऋतिक ने जावेद अख्तर की बेटी जोया अख्तर की पहली फिल्म ‘लक बाय चांस’ में बगैर एक पैसा लिए सिर्फ फिल्म को सपोर्ट करने के लिए एक छोटा सा रोल करना भी मंजूर किया. राजस्थान के मांगणियार गायक मामे खान के गाए गीत ‘बावरे’ पर डांस भी किया. ऋतिक ने अख्तर फैमिली को हर तरह से सपोर्ट किया…शबाना आजमी के पिता कैफी आजमी के जन्मदिन के मौक पर होने वाले चैरिटी फैशन शो में वो हर साल शामिल होते रहे . इसके अलावा शाहरुख खान की डॉन जिसे फरहान ने डायरेक्ट किया उसमें भी चंद मिनट के सीन के लिए ऋतिक राजी हुए वो भी सिर्फ फरहान से दोस्ती के कारण. ऋतिक यहीं नहीं रुके, उन्होने जोया अख्तर की अगली फिल्म ‘जिंदगी ना मिलेगी दोबारा. भी स्वीकार की ये जानते हुए कि इसमें उनके अलावा 2 हीरो और हैं लेकिन दोस्ती के नाते ऋतिक ने इन सब बातों को किनारे कर दिया.

मगर फरहान ने उनकी दोस्ती और साथ का कोई मोल न समझा और उनके लिए अड़चनें पैदा करते रहे. इस दोस्ती में दिक्कत आनी शुरु हुई साल 2017 से . ऋतिक अपने होम प्रोडक्शन में बनने वाली फिल्म “काबिल” की रिलीज़ का ऐलान फिल्म की शूटिंग के शुरु होने से पहले कर चुके थे.. तारीख रखी गई 26 जनवरी, 2017. फिल्म बन गई..ट्रेलर भी सामने आया तब तक कोई दिक्कत नहीं थी लेकिन रिलीज़ से एक महीने पहले फरहान अख्तर और शाहरुख खान ऐलान करते हैं कि उनकी फिल्म ‘रईस’ भी 26 जनवरी 2017 को रिलीज़ होगी..ऋतिक फरहान से मिलने जाते हैं लेकिन बात नहीं बनती..राकेश रोशन शाहरुख के साथ मीटिंग करते हैं लेकिन शाहरुख भी टस से मस नहीं होते..सलाह दी जाती है कि आप अपनी फिल्म किसी और डेट पर ले जाइए…

राकेश रोशन गुस्से में कहते हैं कि हमने जब पहले अनाउंस कर दी थी डेट तो ऐन मौके पर आपको डेट बदलने की जरूरत क्या थी..लेकिन फरहान जो फिल्म के प्रोड्यूसर थे उन्होने फिल्म का टकराव नहीं टाला . खैर दोनों फिल्में आईं और कामयाब रहीं . इसके बाद लगा सब कुछ ठीक हो गया है क्योंकि ऋतिक रोशन की फिल्म सुपर 30 के प्रीमियर के मौके पर फरहान की बहन जोया अख्तर आईं और फिल्म के खत्म होने पर ऋतिक का काम देख उन्हे गले लगाकर रोने लगीं. सोशल मीडिया पर ऋतिक की तारीफ की. यही नहीं सुपर 30 देख शबाना आजमी ने ट्वीट किया और कहा कि वो और जावेद अख्तर फिल्म देख खूब रोए.


लेकिन इन सबके बीच फरहान जो ऋतिक के दोस्त थे उनकी तरफ से कोई ट्वीट या फिल्म को लेकर किसी तरह की तारीफ सामने नहीं आई..ऋतिक अभी अपनी फिल्म सुपर 30 की सफलता पूरी तरह से इंजॉय भी नहीं कर पाए थे कि फरहान ने फिर से उनके लिए मुसीबत खड़ी कर दी…सभी को पता है कि ऋतिक रोशन और टाइगर श्रॉफ की फिल्म वॉर 2 अक्टूबर को रिलीज़ होने जा रही है. फिल्म की रिलीज़ का अनाउंसमेंट एक साल पहले ही हो गया था. बॉक्स ऑफिस पर गांधी जयंती के दिन वॉर को अकेली रिलीज़ मिलने जा रही थी लेकिन फरहान ने ऐसा होने नहीं दिया..फरहान ने कुछ हफ्ते पहले दक्षिण भारत की फिल्म सैरा नरसिम्हा रेड्डी को हिंदी में प्रस्तुत करने का निर्णय किया और आनन फानन में फिल्म की रिलीज़ डेट तक अनाउंस कर दी..

इस फिल्म को किसी और दिन नहीं बल्कि गांधी जयंती पर रिलीज करने का ऐलान कर दिया जिस दिन ऋतिक की फिल्म सामने आ रही है. फरहान यहीं नहीं रुके..जिस कंगना रणौत ने उनके दोस्त की नाक में दम कर रखा है उसके साथ हाल ही में एड शूट किया जिसके बारे में खूब प्रचार करवाया. ये जानते हुए कि उनके दोस्त को ये सब बुरा लगेगा फरहान हर मौके पर ऋतिक के साथ टकराने का मौका नहीं छोड़ रहे. सही कहा है किसी ने फिल्म इंड्स्ट्री में सब दिखावा है.