नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने रविवार को राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के प्रत्याशियों के समर्थन में डीडवाना-कुचामन और नागौर जिले का दौरा किया। सांसद ने लाडनूं, डीडवाना, कुचामन, छोटी खाटू तथा नागौर जिले की जायल नगरपालिका में जनसंपर्क सभाओं को संबोधित किया और मतदाताओं से आरएलपी प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करने की अपील की। इस दौरान स्थानीय नागरिकों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया।
सभाओं को संबोधित करते हुए बेनीवाल ने शहरों में मूलभूत सुविधाओं की कमी का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि आज भी कई मोहल्लों में सड़क, पानी और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। आजादी के दशकों बाद भी लोगों को इन सुविधाओं से वंचित रहना भाजपा और कांग्रेस की विफलता का प्रमाण है। सांसद ने कहा कि इस बार शहरों में सरकार चुनने के लिए मतदाता आरएलपी के चुनाव चिन्ह पर मतदान करें।
जनसंपर्क कार्यक्रमों के दौरान बेनीवाल ने पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं से चुनावी तैयारियों का फीडबैक भी लिया। उन्होंने आरएलपी प्रत्याशियों के समर्थन में मतदान की अपील करते हुए कहा कि पार्टी शहरों के विकास और आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता देने के लिए प्रतिबद्ध है। सांसद के दौरे को निकाय चुनाव में पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में जनसंपर्क अभियान के तौर पर देखा जा रहा
है।
















