संसद में गद्दारों की पहचान के लिए धारा 370 और 35ए पर हो वोटिंग-एमएस बिट्टा
29 Jun 2019
ऑल इंडिया एंटी-टेररिस्ट फ्रंट के अध्यक्ष और पूर्व कांग्रेसी नेता मनिंदर जीत सिंह बिट्टा का धारा 370 और 35ए पर विवादित बयान सामने आया है. बिट्टा ने अपने बयान में कहा कि संविधान के अनुच्छेद 370 और 35ए को रद्द करने के लिए संसद में मतदान कराने से देश को ‘गद्दारों’ की पहचान करने में मदद मिलेगी. बिट्टा ने कहा कि कश्मीर से ये दोनों अनुच्छेद रद्द होने के बाद समूचे देश के लोगों को घाटी को फिर से जन्नत बनाने के लिए वहां जमीन खरीदनी चाहिए.
बिट्टा ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि अभी संसद का सत्र चल रहा है. सरकार को यह जानने के लिए मतदान कराना चाहिए कि संविधान के अनुच्छेद 370 और अनुच्छेद 35ए को कौन-कौन हटाना चाहते हैं. इससे देश के लोगों को पता चल जाएगा कि कौन राष्ट्रवादी है और कौन गद्दार है.
वहीं, पंजाब में खालिस्तान के नाम पर पुनः प्रदेश के माहौल को बिगड़ाने के के सवाल पर बिट्टा ने कहा कि मुट्ठी भर लोग विदेश में बैठकर साजिश रच रहे हैं, लेकिन पंजाब के लोग उन्हें इसमें कभी भी सफल नहीं होने देंगे. बिट्टा ने कहा कि पंजाब की आवाम बहुत समझदार है. वो पाकिस्तान और आईएसआई को उनके मंसूबों में कभी कामयाब नहीं होने देगी.