बंगाल संग्राम: महिला आरक्षण पर पीएम मोदी ने आड़े हाथ लिया तो ममता ने किया पलटवार

राज्य में चुनावी ध्रुवीकरण और स्थानीय बनाम बाहरी के संघर्ष के बीच महिला आरक्षण पर टीएमसी-बीजेपी आमने-सामने, एक ने ‘धोखे’ तो दूसरे ने लगाया ‘खोट’ का आरोप

पश्चिम ​बंगाल में पहले चुनावी चरण के अंतिम दौर में जुबानी पलटवार का दौर तेज हो चला है. एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जहां तृणमूल कांग्रेस पर महिला आरक्षण बिल पर समर्थन न देने को लेकर सत्ताधारी पार्टी और ममता बनर्जी पर निशाना साधा. वहीं राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी पलटवार में लोकतंत्र से जवाब देने की बात कही. ममता ने कहा कि विपक्षी दल राज्य में भय का माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं. वे बंगाल में युद्ध की गाड़ियां लेकर आए हैं लेकिन हम डरने वाले नहीं हैं.

बंगाल की बहनों को धोखा दिया – पीएम मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने बांकुड़ा के विष्णुपुर में रैली में जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम ने विशेषकर टीएमसी को निशाने पर लेते हुए कहा कि उसने कांग्रेस के साथ साजिश रचकर बंगाल की बहनों के साथ एक और धोखा किया है.

यह भी पढ़ें: महिला आरक्षण और परिसीमन बिल: बीजेपी का मास्टर स्ट्रोक या झटका?

पीएम ने कहा कि भाजपा की पहचान ही महिला सशक्तीकरण से है, महिला सुरक्षा से है इसीलिए देश के हर राज्य में बहन-बेटियां भाजपा को सबसे अधिक आशीर्वाद देती हैं. हम चाहते हैं कि विकसित भारत बनाने में बेटियों की भूमिका का विस्तार हो, राजनीति में भी ज्यादा से ज्यादा बेटियां आएं लेकिन आपने देखा होगा कि संसद में क्या हुआ.

बंगाल की महिलाओं से परिवर्तन का आह्वान करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि टीएमसी ने उनके साथ जो विश्वासघात किया है, इसके लिए महा जंगलराज वाली टीएमसी सरकार को महा सजा मिलनी चाहिए.

रो-रोकर छवि बचाने की कोशिश कर रहे – दीदी

पूर्व बर्द्धमान के मंतेश्वर में तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार सिद्दीकुल्ला चौधरी के समर्थन में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए ममता ने पलटवार में कहा कि पिछले शुक्रवार को लोकसभा में उनकी हार हुई है. अब वे रो-रोकर अपनी छवि बचाने की कोशिश कर रहे हैं.

सीएम ममता ने कहा कि भाजपा महिलाओं के सम्मान की बात तो करती है, लेकिन उनके मन में खोट है. जब भाजपा की मंशा उजागर हो गई, तो विपक्षी दल एकजुट हो गए और सरकार को सदन में मुंह की खानी पड़ी.उन्होंने कहा कि प्रवासी श्रमिकों को गीता और अन्य धर्मग्रंथों की कसम खिलवाई जा रही है कि वे भाजपा को ही वोट देंगे. यह राजनीति का गिरता हुआ स्तर है.