पोर्टल की ‘खामी’ और किसानों की ‘परेशानी’: बलकौर सिंह ढिल्लों ने सीएम भजनलाल को पत्र लिख जताई चिंता

राजस्थान में गेहूं खरीद पोर्टल हुआ ‘क्रैश’! परेशान किसानों के लिए मैदान में उतरे बलकौर सिंह ढिल्लों

Rajasthan: समर्थन मूल्य (MSP) पर जारी गेहूं खरीद के बीच पोर्टल में आ रही तकनीकी समस्याओं को लेकर किसान नेता बलकौर सिंह ढिल्लों ने गंभीर चिंता जताई है. उन्होंने इस संबंध में भजनलाल शर्मा, उपखंड अधिकारी संगरिया जय कौशिक, तहसीलदार मोनिका बंसल तथा जिला कलेक्टर हनुमानगढ़ खुशाल यादव को पत्र लिखकर समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की है. ढिल्लों ने कहा कि यह मुद्दा सीधे किसानों से जुड़ा हुआ है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए.

किसान नेता बलकौर सिंह ढिल्लों ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेशभर के खरीद केंद्रों पर तकनीकी खामियों के कारण किसानों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है. सबसे बड़ी समस्या यह सामने आ रही है कि पोर्टल पर किसानों की ‘गिरदावरी’ का डेटा सही तरीके से फेच नहीं हो पा रहा है, जिससे गेहूं की तुलाई की प्रक्रिया बाधित हो रही है. इसके चलते किसानों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है और कई बार बिना फसल बेचे ही वापस लौटना पड़ रहा है, जिससे उन्हें मानसिक परेशानी के साथ-साथ आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है.

इसके साथ ही ढिल्लों ने प्रशासन से मांग की है कि आईटी विभाग को तुरंत निर्देश देकर पोर्टल के सर्वर को दुरुस्त किया जाए और गिरदावरी डेटा का सही तरीके से सिंक्रोनाइज़ेशन सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि जब तक पोर्टल पूरी तरह से सुचारू रूप से काम नहीं करता, तब तक मैन्युअल वेरिफिकेशन के आधार पर गेहूं की खरीद शुरू रखी जाए, ताकि किसानों को राहत मिल सके और खरीद प्रक्रिया बाधित न हो. अंत में उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार इस संवेदनशील मुद्दे पर त्वरित संज्ञान लेकर किसानों के हित में आवश्यक कदम उठाएगी.