Rajasthan Political News । Panchayati Raj elections। Municipal elections। Rajasthan PCC campaign। Top News
Jaipur : देश कांग्रेस पंचायतीराज और निकाय चुनाव की तैयारियों में जुट गई है. प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) जल्द ही नवगठित ग्राम पंचायतों में अध्यक्षों की नियुक्ति करेगी और नगर निकायों में वार्ड अध्यक्ष नियुक्त किये जा रहे हैं. पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा (Govind Singh Dotasara) ने 1 अप्रैल से संगठन बढ़ाओ-लोकतंत्र बचाओ अभियान भी शुरू करने का ऐलान किया है. इस अभियान के तहत प्रदेश कांग्रेस सभी वार्डों और ग्राम पंचायत स्तर पर अध्यक्ष नियुक्त कर 21 सदस्यीय कार्यकारिणी का गठन करेगी.
ये भी पढ़े : ‘युद्ध नहीं बातचीत से खत्म होगा तनाव’- पश्चिम एशिया संकट पर पीएम मोदी का संबोधन
गोविंद सिंह डोटासरा ने ‘संगठन बढ़ाओ-लोकतंत्र बचाओ’ अभियान की घोषणा करते हुए बीजेपी सरकार पर प्रहार किया. डोटासरा ने कहा कि राजस्थान सरकार जान-बूझकर हार के डर से प्रदेश में नगर निकाय और पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव नहीं करवा रही है. उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बहानेबाजी कर लगातार चुनाव टालने का प्रयास कर रही है. राज्य सरकार ने जान-बूझकर देरी से राज्य में ओबीसी प्रतिनिधित्व आयोग का गठन किया, उन्हें संसाधन नहीं दिये और अब उनकी रिपोर्ट नहीं आने का बहाने बनाकर न्यायालय आदेश के बावजूद नगर निकायों एवं पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव टाले जा रहे हैं. जब आयोग को संसाधन ही नहीं मिलेंगे तो कैसे सर्वे कर रिपोर्ट दी जाएगी.
गोविंद सिंह डोटासरा ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कभी वन स्टेट-वन इलेक्शन के नाम पर तो कभी परिसीमन के नाम पर और अब ओबीसी प्रतिनिधित्व आयोग की रिपोर्ट को आधार बनाकर चुनाव टाले जा रहे हैं जो कि भाजपा का लोकतंत्र पर प्रहार है, साथ ही प्रदेश के ग्रामीण विकास को बाधित करने का भी एक कुप्रयास है. डोटासरा ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार लगातार प्रदेशवासियों को गुमराह कर रही है, दूषित वोटर लिस्ट से पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव करवाना यह तय कर कहा गया है कि एसआईआर (SIR) की सूची नहीं मिली है जबकि चुनाव आयोग ने एसआईआर का काम पूरा कर इस काम में लगे कार्मिकों को कार्यमुक्त भी कर दिया है. लेकिन सरकार ने दूषित वोटर लिस्ट ही पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव के लिए जारी की है, जिससे स्पष्ट है कि भाजपा का लोकतंत्र और लोकतांत्रिक मूल्यों में कोई विश्वास नहीं है, इसलिये प्रदेश में लोकतंत्र बचाने के लिये राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी दिनांक 1 अप्रैल से 30 दिवसीय संगठन बढ़ाओ-लोकतंत्र बचाओ अभियान चलाकर जनजागरण किया जाएगा.
गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा है कि PCC के इस अभियान के तहत वे खुद और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली (Tikaram Jully) प्रदेश के सभी जिलों का दौरा करेंगे. वे 2 और 3 अप्रैल को ब्यावर और बालोतरा जिले का दौरा करेंगे. डोटासरा ने LPG की किल्लत को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार की गलत नीतियों एवं भाजपा की डबल इंजन सरकार की अकर्मण्यता के कारण प्रदेश में गैस की किल्लत के कारण प्रदेशवासियों को भारी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है, हजारों लोग बेरोजगार हो गये, लोगों के शादी-विवाह, समारोह सम्पन्न कराने में परेशानी का सामना करना पड़ा, होटल, रेस्टोरेंट, केंटीन और छात्रों की मैस गैस की किल्लत के कारण बंद हो रहे हैं जिसके विरोध में प्रदेशभर की विधानसभाओं में कांग्रेस की जिला कमेटियों एवं ब्लॉक कमेटियों ने अपने-अपने क्षेत्र में विरोध प्रदर्शन किये हैं. आगामी 27 मार्च, 2026 को रसोई गैस की किल्लत से होने वाली परेशानी के विरोध में भाजपा की डबल इंजन सरकार के खिलाफ जयपुर में शहीद स्मारक पर बड़ा विरोध प्रदर्शन करेगी.










