निशांत कुमार को बनाया जाए बिहार का मुख्यमंत्री- JDU की इस मांग का BJP करेगी विरोध!

निशांत कुमार के समर्थन में JDU के युवा विधायक, निशांत कुमार के साथ बैठक कर रखी अपनी मांग, JDU कार्यकर्ताओ और जनता में भी नीतीश कुमार के सत्ता छोड़ने से दिख रही नाराजगी

Bihar Politics: बिहार की राजनीति बड़े उलटफेर के दौर से गुजर रही है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar)ने 5 मार्च को राज्यसभा के लिए अपना नामांकन दाखिल कर दिया है और अब पटना (Patna) से दिल्ली (New Delhi) तक एक ही सवाल गूंज रहा है कि अगला सीएम कौन होगा ? विपक्ष का आरोप है कि नीतीश कुमार राज्यसभा भेजकर BJP बिहार में अपना सीएम बनाना चाहती है. सियासी गलियारों में हर तरफ यही चर्चा है कि बीजेपी का कोई नेता सीएम बन सकता है. एलजेपी (आर) के कार्यकर्ताओं ने भी केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान को सीएम बनाने की मांग की है. वहीं, अब JDU नेता भी मुखबर हो रहे हैं. कई जेडीयू नेता नहीं चाहते कि सीएम की कुर्सी बीजेपी को मिले. वहीं, अब नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार (Nishant Kumar) की सक्रिय राजनीति में एंट्री होने के बाद कई जेडीयू नेता-कार्यकर्ताओं ने निशांत कुमार को ही सीएम बनाने की मांग उठाई है.

नीतीश कुमार तय करेंगे अगला CM !
हालांकि बिहार के कई नेताओं का दावा है कि JDU और नीतीश कुमार पर कोई दबाव नहीं है और अगला सीएम भी वे ही तय करेंगे. नीतीश कुमार ने भी इस बारे में बयान दिया है कि वे राज्यसभा जाकर भी यहां सब कुछ देखते रहेंगे. इस बीच पटना में जेडीयू विधायक रुहेल रंजन के घर पर हुई एक अहम मीटिंग में पार्टी के 14 युवा विधायकों ने एकमत होकर निशांत कुमार को बिहार का अगला मुख्यमंत्री बनाने की मांग उठा कर सियासी गलियारों में हलचल बढ़ा दी है. मीटिंग में शामिल विधायकों ने खुद को टीम निशांत बताते हुए कहा कि वे भविष्य में निशांत कुमार की लीडरशिप में काम करना चाहते हैं.

ये भी पढ़े : LPG संकट से निपटने की तैयारी, सरकार ने उठाया ये बड़ा कदम !

JDU के युवा विधायकों ने बैठक में कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार की राजनीति को एक नई दिशा दी है और अब उनकी राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाने के लिए नई पीढ़ी को आगे आना चाहिए. इन विधायको का मानना ​​है कि पिछले 20 सालों में नीतीश कुमार ने जो विकास का रास्ता बनाया है, उसे सिर्फ निशांत कुमार ही आगे बढ़ा सकते हैं. MLA रुहेल रंजन ने साफ कहा कि भविष्य में निशांत कुमार को ही मुख्यमंत्री बनाया जाना चाहिए. राजनीतिक जानकारों का मानना है कि मुखिया बदलने के बाद सियासी समीकरण बदल सकते हैं और सरकार में कई नेताओं का दबदबा खत्म हो सकता है. इसलिये भी कई विधायक चाहते हैं कि सत्ता की चाबी नीतीश कुमार के इर्द-गिर्द ही रहनी चाहिए और निशांत कुमार के सीएम बनने से सत्ता में बहुत ज्यादा बदलाव आने की संभावना कम रहेगी.

ये भी पढ़े : निशांत कुमार की जीवनी | Nishant Kumar Biography in Hindi

बैठक में MLA शुभानंद मुकेश ने निशांत कुमार को नीतीश कुमार का वर्जन 2 बताया और कहा कि वह टेक्नोलॉजी और डेवलपमेंट के नए नजरिए से बिहार को एक नई दिशा देंगे. उन्होंने कहा कि निशांत कुमार में अपने पिता के विजन को आगे बढ़ाने की क्षमता है. MLA समृद्ध वर्मा ने कहा कि निशांत कुमार वह चेहरा हैं जो भविष्य में बिहार की पॉलिटिक्स को एक नई दिशा दे सकते हैं. बैठक में शामिल चेतन आनंद ने तो यहां तक ​​कहा कि निशांत अब बिहार की मांग बन गए हैं और जनता उन्हें अपनाने को तैयार है. नचिकेता और विशाल ने दावा किया कि वे मुख्यमंत्री से मिल चुके हैं और अपनी बात कह चुके हैं, निशांत से कम कुछ भी मंजूर नहीं है. उन्होंने दावा किया कि निशांत कुमार नीतीश कुमार की लोकप्रियता और राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाने के लिए सबसे सही नेता हैं.

निशांत कुमार करेंगे बिहार का दौरा
उधर, निशांत कुमार पहले ही बिहार का दौरा करने का ऐलान कर चुके हैं. निशांत कुमार जल्द ही बिहार के 38 जिलों का दौरा करेंगे. निशांत कुमार ने कहा है कि ‘मैं बिहार को करीब से समझना चाहता हूं और लोगों से सीधे बातचीत करना चाहता हूं’ सीएम नीतीश कुमार के राज्यसभा की राह पकड़ने से JDU कार्यकर्ताओं और बिहार की जनता में भी नाराजगी है. ज्यादातर लोग ये मानने को तैयार नहीं है कि ये नीतीश कुमार का खुद की मर्जी से लिया गया है, लिहाजा JDU के युवा विधायकों ने निशांत कुमार को सीएम बनाने की मांग उठाकर बिहार की राजनीति को नई हवा देने की कोशिश की है.