हवाई सेवाओं को लगेंगे ‘पंख’, स्टेट हैंगर में बड़ी बैठक, नये एयरपोर्ट्स की संभावनाओं पर हुई चर्चा

Kota-Bundi greenfield Airport का हुआ शिलान्यास, अब तलाशी जाएंगी डीग-कुम्हेर, सिरोही, सीकर और भिवाड़ी में नये ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट की संभावनाएं, पर्यटन विकास, व्यापारिक गतिविधियों में तेजी आएगी

Jaipur । Rajasthan को आज कोटा-बूंदी ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट की सौगात मिली. भूमि पूजन और शिलान्यास समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) का भी वर्चुअल संबोधन हुआ. इस दौरान लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला (Om Birla), मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा (CM Bhajanlal Sharma) और केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू (K. Ram Mohan Naidu) भी शामिल हुए. वहीं, अब सीएम भजनलाल शर्मा ने डीग-कुम्हेर, सिरोही, सीकर और भिवाड़ी में नये ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट की संभावनाएं तलाशने के निर्देश दिए हैं.

राजधानी जयपुर में प्रदेश में नागरिक उड्डयन सुविधाओं के विस्तार को लेकर अहम बैठक हुई. जयपुर में स्टेट हैंगर पर हुई बैठक केन्द्रीय नागर विमानन मंत्री किंजरापु राममोहन, लोकसभा स्पीकर ओम बिरला, सीएम भजनलाल शर्मा और नागरिक उड्डयन मंत्री गौतम कुमार दक शामिल हुए. बैठक में मुख्य रूप से प्रदेश में हवाई सेवाओं के विस्तार पर जोर दिया गया. प्रदेश में हवाई अड्डों पर विकास कार्य, नई हवाई पट्टियां बनाने, उनके विस्तार और फ्लाइट कनेक्टिविटी बढ़ाने, नये ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट की संभावनाएं तलाशने को लेकर भी चर्चा हुई.

ये भी पढ़े : ‘उनकी बुद्धि भ्रष्ट हो गई, बिहार नहीं छोड़ना चाहिए’- ये क्या बोल गई राबड़ी देवी ?

इस मौके पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने नई हवाई पट्टियों और घरेलू एयरपोर्ट की संभावनाएं तलाशने पर जोर दिया. ओम बिरला ने कहा कि राजस्थान बड़ा भौगोलिक क्षेत्र वाला प्रदेश है. इसलिए धार्मिक, पर्यटन, शिक्षण और वाणिज्यिक स्थलों पर सुगम पहुंच के लिए नई हवाई पट्टी और घरेलू एयरपोर्ट की संभावनाओं पर काम किया जाना बेहद जरूरी है. वहीं, केन्द्रीय नागर विमानन मंत्री ने प्रदेश में हवाई सेवाओं के बेहतर संचालन एवं नियंत्रण के लिए स्वतंत्र निदेशालय के गठन का सुझाव देते हुए कहा कि इससे प्रदेश में नागरिक उड्डयन क्षेत्र में तेजी से विकास करेगा.

बैठक में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार बेहतर एयर कनेक्टिविटी और अत्याधुनिक हवाई सुविधाओं के लिए कार्ययोजना के अनुसार काम कर रही है. उन्होंने कहा कि आरसीएस उड़ान योजना के जरिये जिलों में हवाई सेवाओं के विस्तार और प्रमुख हवाई अड्डों से नई फ्लाइट्स की कार्ययोजना पर काम किया जाएगा. सीएम ने कहा कि सूरतगढ़ में सिविल एन्कलेव की स्थापना की रूपरेखा पर काम किया जाए. वहीं, लालगढ़ हवाई पट्टी पर विकास कार्यों के लिए निर्देश भी दिए. साथ ही, उन्होंने डीग-कुम्हेर, सिरोही, सीकर और भिवाड़ी में नये ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट की संभावनाएं तलाशने के निर्देश दिए.

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि इससे क्षेत्रीय विकास तो होगा ही आपात स्थिति में वैकल्पिक एयरपोर्ट की सुविधा मिल सकेगी. वहीं, पर्यटन विकास, व्यापारिक गतिविधियों में तेजी आएगी और प्रवासी राजस्थानियों को भी इसका लाभ मिलेगा. उन्होंने उत्तरलाई एयरपोर्ट पर नवीन सिविल एन्कलेव एवं एप्रोच रोड़ के कार्य को गति प्रदान करने के निर्देश दिए. बैठक में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, अतिरिक्त मुख्य सचिव (मुख्यमंत्री) अखिल अरोड़ा, अध्यक्ष एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया विपिन कुमार, प्रमुख शासन सचिव नागरिक उड्डयन विभाग नवीन जैन सहित मुख्यमंत्री कार्यालय समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।