‘JDU को खत्म करने की BJP की चाल’- सियासी उथल पुथल के बीच तेजस्वी का बड़ा बयान


विपक्ष ने कहा- ये सत्ता परिवर्तन जनभावनाओं के खिलाफ, BJP पर OBC, दलित और आदिवासी विरोधी होने का लगाया आरोप, Congress ने भी JDU को खत्म करने की साजिश का लगाया आरोप

पटना/ दिल्ली। बिहार में ताजा राजनीतिक घटनाक्रम से दिल्ली से पटना तक हलचल मचा दी है. बिहार के सीएम नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) ने गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) की मौजूदगी में राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल कर दिया है लेकिन अब सियासी हलको में सवाल तैर रहा है कि आगे क्या होगा ? बिहार का अगला सीएम कौन बनेगा ?

ये भी पढ़े : आगे भयंकर संकट, PM मौन, Iran-Israel War पर राहुल गांधी ने कही ये बड़ी बात !

बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उन्हें पहले से ही इस बात का अंदेशा था कि भले नीतीश कुमार को सीएम बनाया गया लेकिन बाद में सीएम बदल दिया जाएगा. तेजस्वी यादव ने कहा कि ये महाराष्ट्रा मॉडल का ही रिफाइंड वर्जन है. महाराष्ट्र में जो हुआ, एकनाथ शिंदे (eknath shinde) को आगे करके BJP ने अपना मुख्यमंत्री बनाया, उसी नीति को उन्होंने यहां भी रिफाइंड तरीके से लागू किया है. तेजस्वी यादव ने कहा कि मैंने 28 जनवरी 2024 को ही कहा था कि जदयू खत्म हो जाएगी, लेकिन चुनाव परिणाम बीजेपी के मुताबिक नहीं आये इसलिए एक साल की देरी हो गई. विधानसभा चुनाव के नतीजे बीजेपी के मुताबिक आते तो बीजेपी JDU को एक साल पहले ही खत्म कर देती.

तेजस्वी यादव ने कहा कि विधानसभा चुनाव में धनतंत्र की और मशीनतंत्र की जीत हुई. हम शुरुआत से कह रहे है कि चुनाव के बाद नीतीश कुमार को भाजपा के लोग मुख्यमंत्री पद पर नहीं रहने देंगे और आज वो बात सच साबित हुई. बिहार की जनआकांक्षाएं इस सत्ता परिवर्तन के खिलाफ हैं. भाजपा ने पूरी तरीके से नीतीश कुमार को हाईजैक कर लिया है. तेजस्वी यादव ने बीजेपी पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा कि सब जानते हैं कि बिहार के चुनाव में NDA ने ‘2025 से 30 फिर से नीतीश’ का नारा दिया था. लेकिन भाजपा जिसके साथ भी रही उसे बर्बाद करने का काम किया है. तेजस्वी यादव ने कहा कि भाजपा को OBC, दलित और आदिवासी विरोधी पार्टी है. भाजपा नहीं चाहती कि बिहार में OBC और दलित की बात करने वाले नेता रहे. वे ‘रबड़ स्टांप मुख्यमंत्री’ चाहते हैं.

तेजस्वी यादव ने बीजेपी पर करारा प्रहार करते हुए कहा कि ये सत्ता परिवर्तन जन भावनाओं के खिलाफ है. लोग भाजपा के चाल-चरित्र को जानते हैं. तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार और JDU को लेकर सहानुभूति जताते हुए कहा कि उनके प्रति हमारी पूरी सहानुभूति है. उन्होंने बिहार की जो सेवा की, उसके लिए हम उन्हें धन्यवाद भी देते हैं.

वहीं, कांग्रेस नेताओं ने भी बिहार के राजनीतिक घटनाक्रम को बीजेपी साजिश करार दिया है. कांग्रेस नेता जयराम रमेश (Jairam Ramesh) ने X पर पोस्ट कर कहा कि बिहार चुनाव प्रचार के दौरान भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस जो बात बार-बार कह रही थी, वही अब सच साबित हो गई. साजिश के तहत बिहार में तख्तापलट कर सत्ता पर कब्जा कर लिया गया है. जयराम रमेश ने कहा कि कई मायनों में यह जनता के जनादेश के साथ बड़ा विश्वासघात है.