हनुमान बेनीवाल ने पीएम नरेन्द्र मोदी को याद दिलाये चुनावी वादे, दौरे से पहले की सवालों की बौछार, पूछा-मगरमच्छों पर कब होगी कारर्वाई ? भ्रष्टाचार के खुलासे के बावजूद SI भर्ती रद्द नहीं होने का जताया विरोध
पीएम नरेन्द्र मोदी के प्रस्तावित अजमेर दौरे को लेकर सांसद हनुमान बेनीवाल ने निशाना साधा है. हनुमान बेनीवाल चुनावी वादे याद दिलाते हुए कहा कि 2023 के विधानसभा चुनाव से पहले आपने पेपर लीक से जुड़े मामलों में माफियाओं को पाताल से निकालकर उन्हें सजा दिलाने का वादा किया था, उस वादे का आज तक क्या हुआ ? भ्रष्टाचार को लेकर जीरो टॉलरेंस की बात आपने की मगर आप और आपकी सरकार अपने वादे पर आज तक पूरी तरह खरा नहीं उतर पाई.
ये भी पढ़े : किरोड़ी मीणा को बनाना चाहिए था मुख्यमंत्री, उनके खिलाफ हो रहा षडयंत्र!, कांग्रेस नेता का बड़ा बयान
हनुमान बेनीवाल ने कहा कि राजस्थान में बार-बार पेपर लीक के मामले सामने आये और लाखों मेहनती अभ्यर्थियों के भविष्य पर बादल मंडरा गये. युवाओं का विश्वास इस व्यवस्था से उठ गया. पीएम नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने राजस्थान लोक सेवा आयोग के पुनर्गठन और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता को लेकर वादे किये थे. युवाओं ने बीजेपी पर भरोसा करके सत्ता में बैठाया लेकिन सरकार में आने के बाद वादे नहीं निभाये. हनुमान बेनीवाल ने X पर पोस्ट करके कहा है कि पीएम मोदी जहा सभा करेंगे वहां से थोड़ी दूर पर ही RPSC का मुख्यालय है.
हनुमान बेनीवाल ने SI भर्ती रद्द नहीं करने को लेकर भी सरकार दोगलेपन का आरोप लगाया. हनुमान बेनीवाल ने कहा कि SI भर्ती में बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार साबित हुआ, कई लोग गिरफ्तार हुए लेकिन इसके बावजूद भर्ती को यथावत रखने के लिए सरकार रात-दिन एक करके बैठी है. बेनीवाल ने कहाकि इससे BJP की दोगली नीति जनता के सामने उजागर हो गई है.
हनुमान बेनीवाल ने विधायक कोष में कथित भ्रष्टाचार को लेकर भी पीएम मोदी से सवाल किये हैं. बेनीवाल ने कहा कि पीएम मोदी ने कई बार सार्वजनिक सभाओं में कहा था कि न खाउंगा और न खाने दूंगा. लेकिन राजस्थान में 3 विधायकों के विधायक निधि में भ्रष्टाचार के खुलासे के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई. हनुमान बेनीवाल ने बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ को भी कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि रिश्वत के आरोप होने के बावजूद बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष कार्रवाई करने के बजाय उसके पक्ष में सीना तानकर खड़े हो गए.
बेनीवाल ने X पर पोस्ट के जरिये राजस्थान के युवाओं और जनता की ओर से पीएम मोदी से सवाल पूछे हैं. राजस्थान में हुए पेपर लीक के मामलों में मगरमच्छों पर सख्त और समयबद्ध कार्रवाई कब सुनिश्चित होगी ?, राजस्थान लोक सेवा आयोग के पुनर्गठन पर स्पष्ट रोडमैप कब दिया जाएगा ?, ऐसे भ्रष्ट विधायकों पर कब कार्रवाई होगी जिनका भ्रष्ट आचरण जनता के सामने उजागर हो गया है ? और राजस्थान पुलिस उप-निरीक्षक भर्ती -2021 को लेकर केंद्र सरकार का क्या स्टैंड है ? बेनीवाल ने कहा कि युवाओं का भविष्य केवल वादों से नहीं, बल्कि ठोस फैसलों से सुरक्षित होगा.










