‘राष्ट्रहित से खिलवाड़ नहीं सहेंगे’– शंकर गोरा का कांग्रेस पर प्रहार, राहुल गांधी का किया पुतला दहन

AI समिट में यूथ कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन पर भाजयुमो की तीखे तेवर, कांग्रेस कार्यालय का किया घेराव, कहा- नकारात्मक राजनीति कर रहा विपक्ष, बर्दाश्त नहीं की जाएगी राष्ट्र विरोधी और विकास विरोधी हरकतें

भारतीय जनता युवा मोर्चा ने अंतरराष्ट्रीय AI समिट के विरोध को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है. नई दिल्ली में आयोजित इस वैश्विक आयोजन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा कथित रूप से विरोध प्रदर्शन किए जाने के बाद राजस्थान में युवा मोर्चा ने आक्रोश जताया. प्रदेश अध्यक्ष शंकर गोरा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय का घेराव कर विरोध दर्ज कराया और राहुल गांधी का पुतला दहन किया.

ये भी पढ़े : PM मोदी के अजमेर दौरे से पहले हनुमान बेनीवाल ने याद दिलाया ये वादा, युवाओं को लेकर कही बड़ी बात

प्रदेश अध्यक्ष शंकर गोरा ने कहा कि जब पूरा विश्व भारत की तकनीकी क्षमता और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में बढ़ते नेतृत्व को स्वीकार कर रहा है, ऐसे समय में कांग्रेस का विरोध राष्ट्रहित के विरुद्ध है. उन्होंने आरोप लगाया कि यह कदम लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ है और भारत की वैश्विक छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास है. गोरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत डिजिटल क्रांति और तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है. ऐसे में विपक्ष का इस तरह का रवैया उसकी नकारात्मक राजनीति को दर्शाता है. उन्होंने स्पष्ट किया कि राष्ट्रविरोधी और विकास विरोधी गतिविधियों को किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा.

वही युवा मोर्चा ने प्रदेशभर में कांग्रेस की इस मानसिकता के खिलाफ जनजागरण अभियान चलाने की घोषणा की है. प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने “राष्ट्रहित सर्वोपरि” के नारे लगाए और देश की प्रगति व सम्मान की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया.