PoliTalks News
विशेष रिपोर्ट

‘नायक’ से ‘जननायक’ बनने जा रहे विजय की असली फ़िल्म शुरू होगी अब, नाम होगा- ‘शासन’, जानें सत्ता की नई कहानी

04 मई 2026
साझा करें:
‘नायक’ से ‘जननायक’ बनने जा रहे विजय की असली फ़िल्म शुरू होगी अब, नाम होगा- ‘शासन’, जानें सत्ता की नई कहानी

Report By- Ashish Dave:


यह सिर्फ कोई साधारण चुनावी सफलता नहीं, बल्कि एक राजनीतिक चमत्कार जैसा, केवल पार्टी नहीं बनाई बल्कि एक आंदोलन खड़ा कर दिया, न DMK का विस्तार न AIADMK की छाया और न ही किसी पुराने गठबंधन की मजबूरी, साफ छवि, नई सोच और भ्रष्टाचार विरोधी चेहरा जनता की नई उम्मीद, TVK के इन चुनावी वादों ने रखी विजय की जीत नींव, देश को मिला नया राजनीतिक संदेश, नायक का सफर खत्म नहीं, बल्कि जननायक के रूप में नई शुरुआत

TamilNadu Politics: पाँच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव 2026 के सामने आए चुनावी नतीजों में सबसे ज़्यादा चर्चित परिणाम अगर किसी राज्य के रहे हैं तो पश्चिम बंगाल के बाद दूसरे नंबर पर आता है तमिलनाडु विधानसभा के चुनावी नतीजों का, तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 में अभिनेता से नेता बने विजय (Vijay) की पार्टी तमिलगा वेट्री कज़गम (TVK) ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए सबसे अधिक सीटें जीती हैं और सत्ता बनाने की दिशा में मजबूत बढ़त बना ली है. बता दें, तमिलनाडु विधानसभा में कुल 234 सीटें हैं और सरकार बनाने के लिए 118 सीटें जरूरी हैं. ख़बर लिखे जाने तक विजय की पार्टी TVK लगभग 106 सीटों पर आगे चल रही है, जिससे यह गैर-परंपरागत और नई पार्टी के रूप में सबसे बड़ी पार्टी बनने जा रही है और विजय को अब तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री के रूप में देखा जा रहा है, तो वहीं सत्तारूढ़ Dravida Munnetra Kazhagam (DMK) इस बार केवल लगभग 57 सीटों पर बढ़त बना पाई है, जो पिछले चुनाव की तुलना में एक बड़ी गिरावट मानी जा रही है, दूसरी तरफ़ ऑल India Anna Dravida Munnetra Kazhagam (AIADMK)-led गठबंधन जिसमें भारतीय जनता पार्टी (BJP) भी शामिल है लगभग 71 सीटों पर आगे दिख रहा है.


यह भी पढ़े: बंगाल में सत्ता का ताज बदला या जनता का मूड? लेकिन असली परिणाम आने अभी बाक़ी ! 

ऐसे में तमिलनाडु की राजनीति ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि यह देश के सबसे परिपक्व, सबसे जटिल और सबसे निर्णायक जनादेश देने वाले राज्यों में तमिलनाडु भी शामिल है. लेकिन इस बार जो हुआ, वह केवल एक सत्ता परिवर्तन नहीं है बल्कि यह एक राजनीतिक युगांतर की शुरुआ है. सिनेमा के पर्दे पर वर्षों तक नायक की भूमिका निभाने वाले जोसेफ विजय चंद्रशेखर उर्फ़ थलापति विजय, जो विजय के नाम से अधिक प्रसिद्ध हैं, अब वास्तविक राजनीति के मंच पर ‘जननायक’ बनकर उभरे हैं. महज़ दो साल के भीतर पार्टी खड़ी करना, संगठन बनाना, जनता से संवाद स्थापित करना और फिर सीधे विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज कर मुख्यमंत्री पद तक पहुंच जाना, यह सिर्फ कोई साधारण चुनावी सफलता नहीं, बल्कि एक राजनीतिक चमत्कार जैसा प्रतीत हो रहा है. विजय की यह जीत तमिलनाडु के राजनीतिक इतिहास में एक ऐसा अध्याय जोड़ती है जो आने वाले दशकों तक चर्चा में रहेगा.

केवल पार्टी नहीं बनाई, एक आंदोलन खड़ा कर दिया

आपको बता दें, जब विजय ने राजनीति में आने की घोषणा की थी, तब इसे कई लोग फिल्मी लोकप्रियता का विस्तार मात्र मान रहे थे, आलोचकों का तर्क था कि तमिलनाडु की राजनीति में केवल स्टारडम से सत्ता नहीं मिलती, यहां जातीय समीकरण, संगठनात्मक जड़ें, द्रविड़ राजनीति की विचारधारा और ज़मीनी नेटवर्क सबसे बड़ा हथियार होते हैं. लेकिन विजय ने यह समझ लिया था कि राजनीति में जीतने के लिए सिर्फ भाषण नहीं, कूटनीति और सफल रणनीति भी चाहिए. ऐसे में विजय ने पार्टी के गठन के बाद जिस तरह से बूथ स्तर तक कार्यकर्ता तैयार किए, युवाओं को जोड़ा, सोशल मीडिया और जमीनी जनसंपर्क का संतुलन बनाया, उसने तमिलनाडु के परंपरागत राजनीतिक ढांचे को चुनौती दे दी. इस तरह विजय की जनीति किसी एक समुदाय या एक वर्ग तक सीमित नहीं रही, विजय ने खुद को एक “नए विकल्प” के रूप में प्रस्तुत किया, जो न DMK का विस्तार है, न AIADMK की छाया, और न ही किसी पुराने गठबंधन की मजबूरी.

साफ छवि, नई सोच और भ्रष्टाचार विरोधी चेहरा जनता की नई उम्मीद

गौरतलब है कि लंबे समय से तमिलनाडु की राजनीति DMK और AIADMK जैसे दो बड़े ध्रुवों के इर्द-गिर्द ही घूमती रही है, हालांकि बीच-बीच में छोटे दलों और गठबंधनों ने प्रभाव जरूर डाला, लेकिन सत्ता का केंद्र इन्हीं दो के पास रहा. ऐसे में विजय की सफलता इस बात का संकेत है कि जनता अब एक तीसरे विकल्प को सिर्फ सुनने के लिए नहीं, बल्कि सत्ता सौंपने के लिए भी तैयार है. विजय ने खुद को “साफ छवि, नई सोच और भ्रष्टाचार विरोधी उम्मीद” के प्रतीक के रूप में स्थापित किया. विजय की छवि तमिलनाडु की जनता में एक ऐसे नेता की बनी जो आम आदमी के दर्द को समझता है, युवाओं की भाषा बोलता है और बदलाव की बात करता है. बता दें, यह वही राजनीतिक भावनात्मक लहर है जो पहले एमजीआर और जयललिता के समय में देखी गई थी, फर्क सिर्फ इतना है कि विजय ने इसे आधुनिक समय की तकनीक, प्रचार और संवाद के साथ जोड़कर नई पीढ़ी के अनुरूप ढाल दिया है.

TVK के सामने थीं ये तीन बड़ी चुनौतियां:-

विजय को इस बात का अच्छे से आभास था कि सिर्फ चुनाव जीतना आसान नहीं होता, खासकर तब जब पार्टी नई हो. विजय की पार्टी TVK के सामने तीन बड़ी चुनौतियां थीं-

   1. संगठन का अभाव 

   2. विश्वसनीयता का सवाल

   3. राजनीतिक अनुभव की कमी

लेकिन विजय ने अपनी टीम के साथ इन तीनों चुनौतियों को अवसर में बदल दिया. इसके लिए विजय ने अनुभवी रणनीतिकारों को अपनी पार्टी से जोड़ा, स्थानीय नेतृत्व को उभरने दिया और प्रचार को केवल “स्टार विजय” तक सीमित नहीं रखा. विजय की पार्टी ने जनता को यह साफ़ संदेश दिया कि यह सिर्फ एक अभिनेता का राजनीतिक शौक नहीं, बल्कि एक मिशन है और यही बात तमिलनाडु की जनता को पसंद आई.

TVK के इन चुनावी वादों ने रखी विजय की जीत नींव

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में विजय की जीत का सबसे बड़ा कारण केवल उनका लोकप्रिय चेहरा नहीं, बल्कि विजय की पार्टी TVK के वो चुनावी वादे हैं, जिसने विजय को 'फिल्मों के नायक' से 'तमिलनाडु का जननायक' बना दिया. विजय ने जनता को विश्वास दिलाया कि अगर हमारी पार्टी चुनाव जीती तो :-

* महिलाओं के हर महीने 2,500 रुपये की सहायता राशि

* गरीब परिवारों की महिलाओं की शादी के लिए 8 ग्राम सोना और अच्छी क्वालिटी की सिल्क साड़ी देने

* नवजात बच्‍चों को सोनू की अंगूठी

* बुजुर्गों, विधवाओं और दिव्यांगों को हर महीने 3,000 रुपये गुजारा भत्ता

* बेहतर शिक्षा व्यवस्था

* हर घर तक 100 प्रतिशत पाइप से पीने का पानी पहुंचाना 

* 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली

* हर साल 6 मुफ्त LPG रसोई गैस सिलिंडर

* 5 एकड़ से कम जमीन वाले किसानों के कृषि सहकारी फसल ऋण को पूरी तरह माफ

* महिला स्वयं सहायता समूह के लिए 5 लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण

* ग्रेजुएट धारकों को 4,000 रुपये भत्ता और डिप्लोमा धारकों को 2,500 रुपये भत्ता देने सहित 

* ठेके पर काम करने वाले कर्मचारियों को रेगुलर करने का वादा किया, और इन वादों ने तमिलनाडु में विजय की जीत की नींव रखी.

देश को मिला नया राजनीतिक संदेश:

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 में मिली TVK और ख़ासकर विजय की यह जीत भारतीय राजनीति में एक बड़े संकेत की तरह है, जो यह बताती है कि राजनीति में अब सिर्फ पुराने दलों का एकाधिकार नहीं रह गया, बल्कि जनता अब नए नेतृत्व को मौका देने के लिए तैयार है, लेकिन शर्त वही है:
विश्वसनीयता, ऊर्जा और बदलाव की उम्मीद. ऐसे में तमिलनाडु के चुनावी परिणामों ने एक बार फिर पूरे देश को दिखा दिया कि यहां का मतदाता भावनाओं के साथ-साथ रणनीति भी समझता है. वह स्टार को वोट नहीं देता, बल्कि वह उस चेहरे को वोट देता है जिसमें उसे भविष्य दिखाई देता है.

नायक का सफर खत्म नहीं, बल्कि जननायक के रूप में नई शुरुआत 

नायक से जननायक बने विजय के लिए यह जीत सिर्फ सत्ता का द्वार नहीं, बल्कि जिम्मेदारी का दरवाजा है. तमिलनाडु की जनता ने उन्हें मुख्यमंत्री की कुर्सी नहीं दी है, बल्कि तमिलनाडु के भविष्य का नक्शा सौंपा है. अब यह देखना दिलचस्प होगा कि विजय इस जनादेश को किस दिशा में ले जाते हैं. क्या वे तमिलनाडु में विकास का नया मॉडल खड़ा कर पाएंगे? क्या वे राजनीति में ईमानदारी और पारदर्शिता की नई परिभाषा गढ़ पाएंगे? और क्या वे अपने स्टारडम को जनसेवा में बदलकर सचमुच “जननायक” की उपाधि के योग्य सिद्ध होंगे? फिलहाल इतना तय है कि तमिलनाडु के जननायक की असली फिल्म अब शुरू होगी और उसका नाम होगा “शासन”


TVK Victory, Thalapathy Vijay, TVK Results, Tamil Nadu Politics, Vijay Political Party, TVK vs DMK AIADMK, Vijay Clean Image, New Political Era TN.