‘ढंग से शपथ तक नहीं ले पाए नए सीएम,..’- सम्राट चौधरी पर राजद का बड़ा हमला

शपथ पत्र भी ढंग से नहीं पढ़ पाए नए CM: सम्राट चौधरी पर RJD का तीखा हमला, तेजस्वी ने भी कसा तंज

Tejashwi Yadav on Samrat Choudhary: बिहार में आज राजनीति का एक नया समीकरण रचा गया है, जहां पहली बार सत्ता की बागड़ोर भारतीय जनता पार्टी के हाथों में आई है. सम्राट चौधरी ने राज्य के नए मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ग्रहण की. इसके तुरंत बाद प्रमुख विपक्षी दल राजद ने नए सीएम पर हमला बोला. राजद ने खिल्ली उड़ाते हुए आरोप लगाया है कि सम्राट चौधरी ढंग से शपथ पत्र तक नहीं पढ़ पाए. सीएम चौधरी का शपथ ग्रहण का एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी अपलोड किया गया है.

राजद ने सम्राट चौधरी के शपथ ग्रहण वाला वीडियो सोशल मीडिया X पर पोस्ट करके लिखा, ‘बिहार के नए मुख्यमंत्री जी शपथ भी सही ढंग से नहीं पढ़ पाए. ऐसे लोग जिन्होंने सदा दूसरों के परिवारवाद, अपराध, शिक्षा को लेकर अपनी सहूलियत के हिसाब से मनगढ़ंत आरोप लगाए, आज उन्हें यह सब एक ही पैकेज और एक ही व्यक्ति में मिल गया.’
राजद ने इसी पोस्ट में सवाल पूछा, ‘कहां हैं बिहार के तथाकथित प्रगतिशील, शिक्षित, उच्च सोच के विचारवान लोग? दूसरों का उपहास उड़ाने वाले उन तथाकथित संभ्रांत लोगों के मुंह पर वक्त ने क्या तमाचा जड़ा है!’

यह भी पढ़े: सम्राट चौधरी की जीवनी | Samrat Choudhary Biography in Hindi

जाहिर है कि प्रगतिशील लोगों के नाम का इस्तेमाल कर राजद ने उन बीजेपी नेताओं का मजाक बनाया है जिन्हें सम्राट चौधरी के आगे तरजीह नहीं दी गई.

इधर, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बिहार के नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को बधाई देते हुए उन पर तंज कसते हुए कहा, ‘निर्वाचित मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पद से हटाने की अपनी प्रतिज्ञा पूरी करने पर बधाई तथा चयनित मुख्यमंत्री बनने पर सम्राट चौधरी को हार्दिक शुभकामनाएं.’

उन्होंने आगे लिखा, ‘आशा है नए मुख्यमंत्री इस कड़वे, अप्रिय एवं कठोर तथ्य से पूर्ण रूप से अवगत होंगे कि 21 वर्षों के NDA के शासन के बाद भी नीति आयोग के अधिकांश मानकों, सतत विकास के सूचकांकों सहित गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था, विधि-व्यवस्था, आय-निवेश, खर्च-खपत, नौकरी-रोजगार, गरीबी-पलायन, समान प्रगति तथा मानव विकास के अनेक संकेतकों में बिहार राष्ट्रीय औसत से काफी पीछे है.’

जाहिर है कि शुभकामना भरे संदेश के साथ तेजस्वी यादव ने सम्राट चौधरी को ये भी बता दिया है कि उनके खिलाफ सदन से लेकर सड़क तक विपक्ष के पास मुद्दों की भरमार है. अब देखना होगा कि विधानसभा में नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी नेता प्रतिपक्ष के इन विषेले जुबानी तीरों का किस तरह से जवाब देते हैं.

Samrat Choudhary Bihar CM

Samrat Choudhary Oath Video

Tejashwi Yadav on Samrat Choudhary

RJD vs BJP Bihar

Bihar New CM News