राहुल गांधी राजनीति में नहीं होते तो ये करते..कांग्रेस सांसद ने बताया अपना पसंदीदा क्षेत्र

IT प्रोफेशनल्स के साथ संवाद में साझा किया अपना पसंदीदा क्षेत्र, परिवार में रही है विमानन की परंपरा, पायलट होने की वजह से इस क्षेत्र में हमेशा रही रुचि

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि अगर वह राजनीति में नहीं होते, तो संभव है कि वह एयरोस्पेस क्षेत्र में कोई काम या कारोबार कर रहे होते. उन्होंने यह बात केरल के टेक्नोपार्क में आईटी क्षेत्र के पेशेवरों के साथ बातचीत के दौरान कही. इन दिनों राहुल गांधी दो दिवसीय केरल दौरे पर हैं. इस दौरान आईटी प्रोफेशनल्स के साथ संवाद करते हुए उन्होंने कहा कि लोग अक्सर उन्हें केवल एक राजनेता के रूप में देखते हैं, लेकिन किसी व्यक्ति को सिर्फ एक पहचान तक सीमित नहीं करना चाहिए. उन्होंने कहा कि अगर वह किसी राजनीतिक संगठन के लिए काम नहीं कर रहे होते, तो शायद एयरोस्पेस क्षेत्र में कुछ नया करने की कोशिश कर रहे होते.

उन्होंने बताया कि उन्हें विमानन क्षेत्र में विशेष रुचि है, क्योंकि वह खुद एक पायलट हैं और उनके परिवार में भी उड़ान से जुड़ी परंपरा रही है. उन्होंने कहा कि उनके पिता राजीव गांधी और चाचा संजय गांधी भी पायलट रहे थे, इसलिए बचपन से ही विमानन के प्रति उनका झुकाव रहा है.

यह भी पढ़ें: डिप्टी सीएम का हेलिकॉप्टर धुआं-धुआं ! करानी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग

राहुल गांधी ने कहा कि हर व्यक्ति को नई चीजों के बारे में जिज्ञासु होना चाहिए और खुले दिमाग से सोचना चाहिए. उनका मानना है कि जब हम अलग-अलग क्षेत्रों को समझने की कोशिश करते हैं, तभी हम उन्हें आपस में जोड़कर नई संभावनाएं तलाश कर सकते हैं. बातचीत के दौरान उन्होंने चीन को लेकर भी अपनी राय रखी. उन्होंने कहा कि चीन ने दुनिया में एक मजबूत औद्योगिक उत्पादन प्रणाली खड़ी की है, जो काफी प्रभावशाली है, लेकिन वहां की व्यवस्था दबावपूर्ण है और वहां लोकतंत्र नहीं है.

उनके मुताबिक चीन ने औद्योगिक उत्पादन के क्षेत्र में बड़ी बढ़त बना ली है, जबकि भारत, ब्रिटेन और दुनिया के कई अन्य देश ज्यादा उपभोग आधारित अर्थव्यवस्था पर निर्भर हैं. उन्होंने कहा कि असली रोजगार औद्योगिक उत्पादन से पैदा होते हैं और भारत को लोकतांत्रिक मूल्यों को बनाए रखते हुए मजबूत मैन्युफैक्चरिंग व्यवस्था विकसित करनी चाहिए.