कोई माई का लाल जनता की तरफ नजर करेगा तो उसकी आंख निकाल लेंगे- विधायक मलिंगा की चेतावनी

img 20220520 wa0112
20 May 2022
Politalks.News/Rajasthan. बाड़ी विद्युत निगम कार्यालय के AEN-JEN के साथ मारपीट के मामले में राजस्थान हाईकोर्ट से जमानत मिलने एवं जिला अस्पताल से कोरोना रिपोर्ट नेगेटिव आने के बाद बाहर आए कांग्रेस विधायक गिर्राज सिंह मलिंगा ने गुरुवार को अपना जबरदस्त शक्ति प्रदर्शन किया. हजारों समर्थकों के साथ बाड़ी पहुंचे विधायक मलिंगा यहां आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए खुले मंच से चेतावनी देते हुए कहा कोई भी माई का लाल अगर जनता की तरफ नजर करेगा तो उसकी आंख निकाल लेंगे. मलिंगा ने कहा मुख्यमंत्री ने सीएम हाउस पर बुलाकर सिर्फ एक बार उनको कहा था कि सरेंडर कर दो, उनके कहने से सरेंडर कर दिया. वहीं इस मौके पर मौजूद रहे गहलोत सरकार में मंत्री राजेंद्र गुढ़ा ने नौकरशाही पर तीखे हमले किए. गुढ़ा ने कहा चाहे कितना भी बड़ा अधिकारी हो वह जनता का सेवक होता है और सेवक को सेवक के मुताबिक ही काम करना चाहिए. बाड़ी विधायक गिर्राज सिंह मलिंगा को जमानत मिलने और कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आने पर गुरुवार को हजारों की तादाद में उनके समर्थक जिला अस्पताल पहुंच गए. ढोल-नगाड़ों के साथ विधायक मलिंगा का उनके समर्थकों ने स्वागत किया. इस दौरान राजस्थान सरकार के राज्य मंत्री राजेंद्र गुढ़ा नगर विधायक बाजिव अली बसेड़ी विधायक एवं अनुसूचित जनजाति बोर्ड के अध्यक्ष खिलाड़ी लाल बैरवा व करौली विधायक लखन मीणा भी मौजूद रहे. मलिंगा को बेल मिलने पर राज्यमंत्री राजेंद्र गुढ़ा ने बड़ा बयान दिया है. मंत्री राजेंद्र गुढा ने कहा कि विधायक गिर्राज सिंह मलिंगा जन जन के नेता हैं. उनके समर्थन में भीषण गर्मी में भी हजारों की तादाद में भीड़ उमड़ पड़ी है. उन्होंने कहा कि मलिंगा जनता के हीरो हैं. यह भी पढ़े: अडानी-अंबानी अपनी मेहनत से आए हैं आगे, कांग्रेस में होती है सिर्फ जातिवाद की राजनीति- हार्दिक पटेल विधायक मलिंगा के समर्थकों की ओर से बाड़ी शहर के गांधी पार्क में एक आम सभा का आयोजन भी किया गया. सभा को संबोधित करते हुए विधायक गिर्राज सिंह मलिंगा ने नौकरशाही पर जमकर हमला बोला है. मलिंगा ने कहा राज्य सरकार के अधीन काम करने वाले अधिकारी जनता से जमकर लूट कर रहे हैं. अगर जनता अधिकारियों की लूट का विरोध करती है तो मुकदमा दर्ज कराने की धमकी देते हैं. इस दौरान मलिंगा ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि उनके ऊपर कितने भी मुकदमे दर्ज करा लो लेकिन जनता के हक की आवाज उठाते रहेंगे. विधायक मलिंगा ने आगे कहा कि मैं जनता के लिए लड़ाई लड़ता हूं, मेरी कोई फैक्ट्री एवं कारखाने नहीं चल रहे हैं. बिजली विभाग के अधिकारी जनता को लूट रहे थे. वह परेशानी मेरी परेशानी रही थी. मलिंगा ने कहा रोड से लेकर विधानसभा तक जनता की समस्या के समाधान का प्रयास करता रहूंगा. यही नहीं मलिंगा ने इशारों में हमला बोलते हुए कहा कि आप जेल की बात कर रहे हैं अगर जनता के लिए जान भी गई तो वह भी दे दूंगा. सिर्फ जनता के लिए लड़ाई लड़ी जाएगी. मलिंगा ने आगे चेतावनी देते हुए कहा कोई भी माई का लाल अगर जनता की तरफ नजर करेगा तो उसकी आंख निकाल लेंगे, लेकिन जनता के साथ भ्रष्टाचार नहीं होने दूंगा. विधायक मलिंगा ने खुले मंच से कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सीएम हाउस पर बुलाकर सिर्फ एक बार उनको कहा था कि सरेंडर कर दो, उनके कहने से सरेंडर कर दिया. उन्होंने कहा बिजली विभाग के इंजीनियर के साथ हुई मारपीट के मामले में उन्हें पूरी तरह से सिस्टम की ओर से गलत फंसाया गया है. उन्होंने सिस्टम पर उंगली उठाते हुए कहा कि खुद इंजीनियर ने सार्वजनिक तौर पर इस बात को बोला है कि ग्रामीणों की ओर से मेरे साथ मारपीट की है. लेकिन दूसरे दिन एफआईआर में नामजद कर दिया गया. यह भी पढ़े: PTI भर्ती में सीपीएड, डीपीएड और बीपीएड को शामिल करने सहित गहलोत कैबिनेट ने लिए अहम फैसले विधायक मलिंगा के स्वागत में आयोजित जनसभा को सम्बोधित करते हुए राज्य मंत्री राजेंद्र गुढ़ा ने भी ब्यूरोक्रेसी पर तीखे हमले किए. गुढ़ा ने कहा चाहे कितना भी बड़ा अधिकारी हो वह जनता का सेवक होता है और सेवक को सेवक के मुताबिक ही काम करना चाहिए. खुले मंच से गुढ़ा ने कहा कि विधायक गिर्राज सिंह मलिंगा आम जनता के लिए जान की बाज़ी तक लगा सकता है. विधायक मलिंगा जनता के साथ दिमाग से नहीं दिल से जुड़ा हुआ है. मलिंगा कि लोकप्रियता इतनी है कि 8 साल से लेकर 80 साल तक का बुजुर्ग जान की बाजी भीषण गर्मी में लगा रहा है. राजेन्द्र गुढ़ा ने आगे कहा कि जनता मालिक है और चुने हुए प्रतिनिधि जनता के ट्रस्टी हैं. यही नहीं नौकरशाही पर हमला बोलते हुए गुढ़ा ने कहा कि चाहे कलेक्टर हो, चाहे एसपी हो चाहे डीजीपी हो, वह सभी जनता के सेवक और नौकर हैं, उन्हें सेवक की तरह काम करना चाहिए. अगर सेवक अपनी सीमाओं को लांघेगा तो जनप्रतिनिधि भी लक्ष्मण रेखा को पार करेगा. मंत्री गुढ़ा ने कहा मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गिर्राज सिंह मलिंगा को सुरक्षा लेने के लिए बोला था, लेकिन विधायक मलिंगा ने जनता के लिए समर्पित होने की बात कहकर सुरक्षा को नकार दिया.