PoliTalks News
बड़ी खबर

थप्पड़ कांड पर दिल्ली की सियासत गरम, AAP ने दी प्रदर्शन की चेतावनी

27 सितंबर 2026
साझा करें:
थप्पड़ कांड पर दिल्ली की सियासत गरम, AAP ने दी प्रदर्शन की चेतावनी

तिलक नगर में सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर हुआ विवाद; सौरभ भारद्वाज ने की FIR और कार्रवाई की मांग, मंत्री प्रवेश वर्मा को बताया घटिया एवं डरपोक इंसान 

दिल्ली के तिलक नगर में सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर शुरू हुआ विवाद रविवार को राजनीतिक टकराव में बदल गया. दिल्ली सरकार में PWD मंत्री प्रवेश वर्मा के सड़क निरीक्षण के दौरान आम आदमी पार्टी के विधायक जरनैल सिंह और स्थानीय लोगों के साथ तीखी बहस हुई. इसी दौरान सामने आए एक वीडियो में प्रवेश वर्मा एक युवक का मोबाइल नीचे करते और उसके बाद उसे थप्पड़ मारते हुए दिखाई दे रहे हैं. वीडियो सामने आने के बाद आम आदमी पार्टी ने मंत्री के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.

घटिया एवं डरपोक इंसान है प्रवेश वर्मा - भारद्वाज

घटना के बाद AAP दिल्ली अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने प्रवेश वर्मा पर तीखा हमला बोला. भारद्वाज ने आरोप लगाया कि सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठाए जाने के बाद मंत्री ने वीडियो बना रहे युवक के साथ मारपीट की. उन्होंने कहा कि पार्टी के पास घटना से जुड़े पर्याप्त सबूत हैं और पुलिस से FIR दर्ज करने की मांग की जाएगी. भारद्वाज ने यह भी कहा कि यदि FIR दर्ज नहीं की गई तो AAP कार्यकर्ता पुलिस अधिकारियों के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करेंगे. उन्होंने प्रवेश वर्मा के उस व्यवहार पर भी सवाल उठाया, जिसमें मंत्री के सुरक्षा घेरे के बीच युवक के साथ हाथापाई हुई.

सौरभ भारद्वाज ने मंत्री प्रवेश वर्मा का युवक को थप्पड़ मारने का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा कर लिखा, 'मंत्री प्रवेश वर्मा कायर है और बच्चे को मारना बेहद शर्मनाक है। पुलिस सुरक्षा के पीछे छिपकर एक बच्चे पर हमला करना, जो उनका वीडियो बना रहा था और फिर गाड़ी में बैठकर भाग जाना, उनकी कायरता को दर्शाता है। वह लड़का दिल्ली सरकार द्वारा बनाई गई घटिया सड़कों की पोल खोलते हुए उनका वीडियो बना रहा था। अपनी पुलिस सुरक्षा और गार्ड्स को हटाकर देखो, तब पता चलेगा कि तुम वाकई कितने बहादुर हो। बिना पुलिस और सुरक्षा के इस छोटे लड़के से मुकाबला करके दिखाओ।'

केजरीवाल ने भी गिरफ्तारी की मांग की

घटना का वीडियो सामने आने के बाद AAP संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी प्रवेश वर्मा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. उन्होंने सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो साझा करते हुए मंत्री की गिरफ्तारी की मांग की और कहा कि वह सोमवार को तिलक नगर जाकर स्थिति का जायजा लेंगे.

प्रवेश वर्मा ने बताई अलग वजह

विवाद पर प्रवेश वर्मा की ओर से कहा गया कि मौके पर मौजूद AAP कार्यकर्ताओं ने उनके परिवार के बारे में कथित तौर पर आपत्तिजनक बातें कही थीं. उन्होंने यह भी कहा कि घटना को केवल सड़क की गुणवत्ता से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए. हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि जो हुआ, वह नहीं होना चाहिए था.

पुलिस को मिली शिकायत, जांच जारी

मामले में अब पुलिस की भूमिका भी चर्चा में है. रिपोर्टों के मुताबिक, थप्पड़ मारने का आरोप लगाने वाले युवक ने विकासपुरी थाने में शिकायत दी है. पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है. ऐसे में फिलहाल मामले में आरोप और जवाबी आरोप दोनों सामने हैं और पुलिस की जांच के बाद ही घटनाक्रम के कानूनी पहलुओं की स्थिति स्पष्ट होगी.

क्या है पूरा मामला

मामला उस समय शुरू हुआ जब प्रवेश वर्मा तिलक नगर में नई बनी सड़क का निरीक्षण करने पहुंचे थे. AAP विधायक जरनैल सिंह ने सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए सड़क की ऊपरी परत को हाथ से उखाड़कर दिखाया. AAP नेताओं का आरोप है कि सड़क का निर्माण घटिया गुणवत्ता का है और इसी मुद्दे को लेकर मौके पर मंत्री और विधायक के बीच बहस हुई.

इसी दौरान एक युवक घटना की रिकॉर्डिंग कर रहा था. वायरल वीडियो में प्रवेश वर्मा युवक का मोबाइल नीचे करते और फिर उसे थप्पड़ मारते नजर आते हैं. इसके बाद मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मी दोनों के बीच आ जाते हैं. युवक की पहचान साहेब सिंह के रूप में हुई है, जिसने दावा किया है कि वह स्थानीय विधायक की सोशल मीडिया गतिविधियां संभालता है और PWD की ओर से सड़क की स्थिति देखने के लिए मौके पर आया था.

इस घटना ने दिल्ली में सड़क निर्माण, राजनीतिक जवाबदेही और सार्वजनिक स्थान पर जनप्रतिनिधियों के व्यवहार को लेकर नया राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है. आने वाले दिनों में पुलिस की कार्रवाई और दोनों पक्षों के आरोप-प्रत्यारोप इस मामले को और तूल दे सकते हैं.

संबंधित समाचार

महत्वपूर्ण खबरें

PoliTalks News - Authoritative News Portal