‘इंदिरा गारंटी’ से आएगा बदलाव, UDF की जीत तय!- केरल में गरजे टीकाराम जूली

राजस्थान की तर्ज पर केरल में भी मिलेगा 25 लाख का मुफ्त इलाज, नफरत के खिलाफ राहुल गांधी का साथ दें- केरल में जूली का बड़ा बयान

Kerala Election 2026: राजस्थान की सियासत से जुड़े नेता अब केरल की चुनावी जंग में भी सक्रिय नजर आ रहे हैं. राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली दो दिवसीय दौरे पर केरल पहुंचे, जहां उन्होंने कोट्टायम के पुदुपल्ली विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशी चांडी ओमेन के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया. इस दौरान जूली ने केंद्र की और राज्य की भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला. उन्होंने दावा किया कि राज्य की जनता वर्तमान सरकार से त्रस्त है और इस बार कांग्रेस नीत UDF के पक्ष में बदलाव की लहर साफ दिखाई दे रही है.

चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए टीकाराम जूली ने राहुल गांधी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि देशभर में ‘नफरत की राजनीति’ के खिलाफ उनकी मुहिम को व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है. उन्होंने केरल की जनता से अपील की कि वे इस विचारधारा की लड़ाई में कांग्रेस का साथ दें और समाज को जोड़ने की राजनीति को मजबूत करें. जूली ने कहा कि “इंदिरा गारंटी” केरल में बदलाव का बड़ा आधार बनेगी.

यह भी पढ़े: जूली का भाजपा पर बड़ा हमला, कहा- ‘तिथि की बात, लेकिन जश्न अंग्रेजी कैलेंडर से!’

टीकाराम जूली ने कांग्रेस की योजनाओं को विस्तार से बताते हुए कहा कि ‘इंदिरा गारंटी” के तहत महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा, छात्राओं को मासिक भत्ता, युवाओं को स्वरोजगार के लिए ब्याज मुक्त ऋण और पेंशन में बढ़ोतरी जैसे बड़े कदम उठाए जाएंगे. उन्होंने जोर देकर कहा कि कांग्रेस सामाजिक सुरक्षा और समावेशी विकास के एजेंडे पर पूरी तरह प्रतिबद्ध है.

वही स्वास्थ्य सेवाओं पर बात करते हुए कांग्रेस नेता जूली ने केरल में बढ़ते चिकित्सा खर्च पर चिंता जताई और कहा कि UDF सरकार बनने पर राजस्थान की तर्ज पर ‘ओमन चांडी बीमा योजना’ लागू की जाएगी. इस योजना के तहत हर परिवार को 25 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिलेगा, जिससे लोगों को भारी खर्च से राहत मिलेगी.

इसके साथ ही जूली ने कानून व्यवस्था और बढ़ते अपराधों को लेकर भी राज्य की भाजपा सरकार पर निशाना साधा. जूली ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध, बेरोजगारी और नशे के मामलों में वृद्धि चिंताजनक है. अंत में उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे LDF शासन को बदलकर इस बार UDF को मौका दें, ताकि राज्य में बेहतर शासन और विकास सुनिश्चित किया जा सके.