‘जय मां काली’ का जयकारा, सोनार बांग्ला का सपना !, उपलब्धियां गिनाकर पश्चिम बंगाल के विकास की रखी तस्वीर, कहा- आपके फैसले से तय होगा भविष्य, ‘विकसित पश्चिम बंगाल’ का दिया नारा
पीएम नरेन्द्र मोदी ने विधानसभा चुनाव से पहले पश्चिम बंगाल की जनता के नाम एक भावुक पत्र लिखकर उनका दिल जीतने की कोशिश की है. पीएम ने अपने पत्र की शुरूआत में ‘जय मां काली’ का जयकारा भी लगाया. पीएम नरेन्द्र मोदी ने कहा कि अब बस कुछ ही महीनों में पश्चिम बंगाल का भाग्य सुनिश्चित हो जाएगा और आने वाली पीढ़ी का भविष्य किस दिशा में आगे बढ़ेगा यह विधानसभा चुनाव में आपके फैसले से तय होगा. पीएम मोदी ने वर्तमान हालात पर चिंता जताते हुए पत्र में पश्चिम बंगाल को विकसित और समृद्ध बनाने का संकल्प भी लिया.
पीएम मोदी ने गिनाईं उपलब्धियां
पीएम नरेन्द्र मोदी ने अपने पत्र में केंद्र सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का भी जिक्र किया और पश्चिम बंगाल की जनता के सामने विकास की तस्वीर रखी. पीएम मोदी ने जन-धन योजना, स्वच्छ भारत अभियान, छोटे व्यापारियों के लिए ऋण योजना, अटल पेंशन योजना, अज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि आदि योजनाओं का जिक्र भी किया. पत्र में पीएम मोदी ने ममता सरकार पर सीधा हमला करते हुए कई आरोप लगाये हैं और पश्चिम बंगाल के विकास का वादा किया है.
ये भी पढ़े : बंगाल चुनाव से पहले ममता को बड़ा झटका! TMC के इस दिग्गज नेता का हुआ निधन, देखें पूरी खबर
विकास में पिछड़ा प.बंगाल- पीएम मोदी
अपने पत्र में पीएम नरेन्द्र मोदी ने कहा कि पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के शासन में सोनार बांग्ला के सपने को धोखा मिला है. राज्य को बेहतर शासन और विकास की जरूरत है. पीएम मोदी ने कहा कि पश्चिम बंगाल के वर्तमान हालात देखकर उन्हें गहरा दुख हुआ है, जो राज्य स्वतंत्रता के बाद देश के अग्रणी औद्योगिक क्षेत्रों में शामिल था राजनीतिक अनिश्चितता और दूरदर्शिता के अभाव में पिछड़ रहा है. राज्य के कई उद्योग बंद हो गए हैं और बेरोजगारी बढ़ रही है. रोजगार के लिए युवाओं को दूसरे राज्यों में पलायन करना पड़ रहा है. पत्र में पीएम मोदी ने राज्य के लिए विकसित बंगाल के निर्माण का संकल्प जताते हुए लोगों से आगामी चुनाव में बीजेपी का समर्थन करने की अपील की. उन्होंने कहा कि सोनार बांग्ला का भविष्य राज्य के लोगों के दृढ़ निर्णय पर निर्भर करता है और विकास की दिशा में आगे बढ़ने के लिए जनता का समर्थन जरूरी है.
ममता पर निशाना, ‘विकसित प.बंगाल का नारा’
ममता सरकार को निशाने पर लेते हुए पीएम मोदी ने पत्र में आरोप लगाया कि सत्ताधारी पार्टी गरीबों का निवाला छीन रही है. पीएम ने पश्चिम बंगाल के वर्तमान हालात, महिला सुरक्षा और बांग्लादेशी घुसपैठ को लेकर भी चिंता जताई. पीएम मोदी ने अपने पत्र में लिखा कि राज्य की मौजूदा सरकार ने विकास के रास्ते में बाधाएं खड़ी करने का प्रयास किया है. प्रधानमंत्री ने कहा कि शासन में भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद को समाप्त कर पारदर्शी और जवाबदेह प्रशासन स्थापित किया जाना चाहिए. अपने पत्र के अंत में प्रधानमंत्री ने राज्य के लोगों से समृद्ध, विकसित और शांतिपूर्ण बंगाल के निर्माण के लिए आगे आने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि सुशासन, भ्रष्टाचार-मुक्त व्यवस्था और निरंतर विकास के प्रति उनकी सरकार की प्रतिबद्धता कायम रहेगी और जनता के सहयोग से ही सोनार बांग्ला के सपने को साकार किया जा सकता है. पीएम मोदी ने आगामी विधानसभा चुनाव में जनता का समर्थन मांगते हुए ‘विकसित पश्चिम बंगाल’ का नारा दिया.










