‘जिनकी लंगोटियां फटी, वो हमारी पगड़ी उछाल रहे’, सिद्धू का शायराना अंदाज में करारा तंज

navjot sidhu sixteen nine sixteen nine
19 Feb 2026

नवजोत सिंह सिद्धू ने इंस्टाग्राम पर एक शायरी साझा कर अपने विरोधियों पर कसा करारा तंज, यह बयान ऐसे समय आया है जब सिद्धू पार्टी और विपक्षी दलों के निशाने पर हैं..

पूर्व क्रिकेटर और पंजाब की राजनीति के दिग्गज नवजोत सिंह सिद्धू एक बार फिर मीडिया में सुर्खियों में हैं. इस बार वे अपनी राजनीति की वजह से नहीं, बल्कि अपने चिर परिचित शायराना अंदाज से चर्चा में आए गए हैं. हालांकि उनके इस अंजाद को भी राजनीति से ही जोड़कर देखा जा रहा है. सिद्धू ने हाल ही में एक शायरी के जरिए अपने विरोधियों पर निशाना साधा है, जिसे लेकर सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई है. सिद्धू पहले भी कई बार शायरी और तुकबंदी के जरिए अपने विरोधियों पर हमला बोलते रहे हैं. फिलहाल, उनकी यह शायरी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है.

 नवजोत सिंह सिद्धू ने अपनी स्टोरी पर लिखा...

'वो एक समंदर खंगालने में लगे हुए हैं, हमारी कमियां निकालने में लगे हुए हैं...जिनकी अपनी लंगोटियां तक फटी हुई हैं, वो हमारी पगड़ी उछालने में लगे हुए हैं, ओ जाओ यार....'

सिद्धू की इस शायरी के गहरे राजनीतिक और व्यक्तिगत मायने हैं. उन्होंने अपनी शायरी के जरिए उन लोगों पर निशाना साधा है जो बीते समय या वर्तमान में उनके कामों या उनमें कमियां तलाश रहे हैं. 'लंगोट्टियां फटे होना' एक ठेठ मुहावरा है जिसका मतलब है कि सामने वाले की अपनी हालत खराब है, उसका खुद का दामन साफ नहीं है. लेकिन बावजूद इसके वह दूसरों की छवि को ठेस पहुंचाकर नैतिकता का पाठ सिखा रहे हैं.

यह भी पढ़ें: ‘दस-दस बांग्लादेशी के सिर काटेंगे, टीपू सुल्तान नहीं बल्कि शैतान: बीजेपी विधायक के तीखे बोल

सिद्धू का यह बयान ऐसे समय में आया है जब वे अपनी ही पार्टी के कुछ नेताओं और विपक्षी दलों के निशाने पर रहे हैं. कुछ दिन पहले सिद्धू की पत्नी नवजोत कौर सिद्धू को कांग्रेस ने पार्टी से निकाल दिया है. इस फैसले की पुष्टि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अमृतसर में मीडिया से बातचीत के दौरान की थी. विवादों के कारण सिद्धू पहले ही कांग्रेस छोड़ चुके हैं.

इस शायरी के जरिए सिद्धू ने कांग्रेस को साफ संदेश देने की कोशिश की है कि कुछ लोग खुद की कमियों को नजरअंदाज कर दूसरों पर उंगली उठाने में व्यस्त हैं.