गडकरी का मोदी सरकार पर निशाना- समय पर फैसला नहीं करना सबसे बड़ी समस्या, साथ ही कही ये बात

'अटलजी और आडवाणी के कारण भाजपा आई सत्ता में'
22 Aug 2022
Politalks.News/Maharashtra. हाल ही में भाजपा संसदीय बोर्ड से दिग्गज भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को हटाए जाने के बाद से ही सियासी गलियारों में इसके कई मायने निकाले जा रहे हैं. इस बीच अब नितिन गडकरी ने केंद्र की भारतीय जनता पार्टी सरकार के खिलाफ एक बड़ा बयान दिया है. गडकरी ने मोदी सरकार पर सीधे हमला बोलते हुए कहा कि सरकार समय पर फैसला नहीं लेती है, यह सबसे बड़ी समस्या है. यह समय बहुत महत्वपूर्ण है, समय ही हमारा असली धन है और सरकार विकास कार्यों को लेकर समय पर फैसला नहीं ले रही है, यह बड़ी समस्या है. यही नहीं इससे पहले रविवार को एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने भाजपा के सत्ता में आने का श्रेय अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी और दीनदयाल उपाध्याय द्वारा किए गए कार्यों को दिया. https://youtu.be/qEXnL51Kl6I वहीं सोमवार को बयान नेशनल कन्वेंशन ऑफ सिविल इंजीनियर्स के सम्मलेन में बोलते हुए केंद्र सरकार पर समय पर निर्णय नहीं लेने का आरोप लगाते हुए आगे कहा कि भारत में निर्माण क्षेत्र का भविष्य उज्ज्वल है. लेकिन इसके लिए हमें विश्व की नई तकनीक को अपनाना होगा. हमें निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री के ऑप्शन भी खोजने होंगे ताकि गुणवत्ता से समझौता किए बिना परियोजना की लागत को कम किया जा सके. केंद्रीय मंत्री गडकरी ने कहा कि सच कहूं तो हमारे पास पैसे की कोई दिक्कत नहीं है. बैंक जितना चाहें उतना उधार देने को तैयार हैं. यह मानसिकता का सवाल है. पैसा कोई समस्या नहीं है, लेकिन अफसोस की बात है कि विकास के काम समय पर पूरे नहीं हो रहे हैं. गडकरी ने कहा कि मेरी प्राथमिकता परियोजना को पूरा करना है. योजनाओं को समय पर किस तरह पूरा किया जाएगा, इसका ध्यान सभी को रखना चाहिए. केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उनके विभाग के काम पूरे भारत में सफलता पूर्वक चल रहे हैं. यह भी पढ़े: 2024 की तैयारियों में जुटे अखिलेश ने जेल में जाकर की रमाकांत से मुलाकात, बीजेपी को दी ये चुनौती इससे पहले रविवार को नागपुर में लक्ष्मणराव मनकर स्मृति संस्था के एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भाजपा के सत्ता में आने का श्रेय अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी और दीनदयाल उपाध्याय द्वारा किए गए कार्यों को दिया. एक वक्त था जब भाजपा सत्ता में आने के लिए संघर्ष कर रही थी, भाजपा के संघर्ष के दिनों को याद करते हुए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि अटलजी ने कहा था कि, 'एक दिन अंधेरा छटेगा, सूरज निकलेगा, कमल खिलेगा', मैं वहां था. उस भाषण को सुनने वाले सभी को विश्वास था कि ऐसा दिन आएगा. गडकरी ने कहा कि अटल जी, आडवाणी जी, दीनदयाल उपाध्याय और कई कार्यकर्ताओं ने ऐसा काम किया कि आज हम देश और कई राज्यों में मोदी जी के नेतृत्व में सत्ता में है. यह भी पढ़े: सिसोदिया ने किया BJP के फेल्ड ऑपेरशन लोटस का खुलासा तो केजरीवाल ने उठाई भारत रत्न देने की मांग इसके साथ ही सत्ता केंद्रित राजनीति पर बोलते हुए भाजपा नेता नितिन गडकरी ने आरएसएस के विचारक दिवंगत दत्तोपंत ठेंगड़ी को भी याद किया. गडकरी ने कहा कि ठेंगड़ी जी कहते थे कि हर राजनेता अपने अगले चुनाव के बारे में सोचता है. वह (अगले के बारे में) पांच साल की सोचता है. वह सोचता है कि इस चुनाव के बाद अगला चुनाव कब आएगा. लेकिन हर सामाजिक-आर्थिक सुधारक जो समाज और देश का निर्माण करना चाहता है, वह एक सदी से दूसरी सदी तक सोचता है. वह सौ साल का सोचता है और इस काम का कोई शॉर्टकट नहीं है.