भारत ने पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में पाकिस्तान पर 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत एयर स्ट्राइक की, जिसमें 9 आतंकी ट्रेनिंग कैंप को भारतीय सेना ने ध्वस्त कर दिया. इस हमले में कई आतंकियों के मारे जाने का दावा किया जा रहा है. पाक ने 37 लोगों के मारे जाने की बात स्वीकारी है. सभी ओर से पीएम मोदी के निर्देश पर भारतीय सेना द्वारा लिए गए एक्शन पर बधाई आ रही है. वहीं इस पर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे का बड़ा बयान आया है. उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर के बहाने पीएम मोदी पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को ऐसा सबक सिखाना तो जरूरी था, लेकिन हवाई हमले या युद्ध छेड़कर लोगों का ध्यान भटकाना कोई विकल्प नहीं है. राज ठाकरे ने ये भी कहा कि पाकिस्तान पहले से ही बर्बाद हुआ देश है. अभी तक जिन्होंने हमला किया, उन्हें हम ढूंढ नहीं पाए हैं. उनको ढूंढना पहली जिम्मेदारी है.
https://www.youtube.com/watch?v=J4q3Lg_g3nE
मनसे सुप्रीमो राज ठाकरे ने कहा कि जब हमला हुआ तब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सऊदी अरब में थे. वहां से आकर वह बिहार चले गए. मॉक ड्रिल के बजाय कॉम्बिंग ॲापरेशन करो. हमारे देश के सवाल खत्म नहीं हो रहे हैं. युद्ध कहां करने जा रहे हैं?
यह भी पढ़ें: ‘…किसी भी हमले का मुंहतोड़ जवाब…’ -अमित शाह ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर दिया बयान
राज ठाकरे ने सवाल उठाते पीएम मोदी से पूछा कि सरकार अब तक पहलगाम हमले में शामिल आतंकियों ढूंढने में सफल नहीं हो सकी है. पाकिस्तान को ऐसा सबक सिखाना तो जरूरी था, लेकिन युद्ध करना या हवाई हमले करना उचित नहीं है. बुधवार को देश के कई शहरों में की गयी मॉक ड्रिल पर भी सवालिया निशाना लगाते हुए मनसे प्रमुख ने कहा कि सरकार को मॉक ड्रिल करने के बजाय कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाने चाहिए. उन्होंने पहलगाम आतंकी हमले में इंटेलिजेंस में कमियां होने का दावा करते हुए सवाल उठाया कि जिस जगह पर हजारों की संख्या में हमेशा ही टूरिस्ट आते रहते हैं, वहां सिक्योरिटी क्यों नहीं थी?
राज ठाकरे ने दावा किया है कि जब अमेरिका में 9/11 में टावर अटैक हुआ तो यूएसए ने उन आतंकियों को खोजकर उन्हें मार डाला. इसके बाद युद्ध नहीं किया क्योंकि वॉर करना आतंकवाद का जवाब नहीं है. ऐसे में हवाई हमले या युद्ध छेड़कर लोगों का ध्यान भटकाना कोई विकल्प नहीं है.
यह भी पढ़ें: राहुल गांधी द्वारा 1984 के सिख दंगों की जिम्मेदारी लेना एक पॉलिटिकल स्टंट या ड्रामा!
बता दें कि पहलगाम में आतंकी हमले के 15 दिन बाद भारतीय सेना ने 6 मई को रात डेढ़ बजे ‘ऑपरेशन सिंदूर’के तहत पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों पर एयर स्ट्राइक कर उन्हें तबाह किया. ये हमले बहावलपुर, मुरीदके, बाघ, कोटली और मुजफ्फराबाद में किए गए, जिनमें 9 आतंकी कैंप खत्म किए जाने का दावा किया गया है. बुधवार को देश के संवेदनशील शहरों में मॉक ड्रिल एवं ब्लैक आउट रखा गया था. दोनों देशों के बीच फिलहाल युद्ध जैसे माहौल बने हुए हैं.