PoliTalks News
विशेष रिपोर्ट

निकाय चुनाव 2026: शहरों में खिला कमल, भजनलाल के सुशासन पर जनता की मुहर

14 सितंबर 2026
साझा करें:
निकाय चुनाव 2026: शहरों में खिला कमल, भजनलाल के सुशासन पर जनता की मुहर

वन स्टेट-वन इलेक्शन के संकल्प को मिला जनसमर्थन, पिछली बार से दोगुने से ज्यादा निकायों में बीजेपी बोर्ड की स्थिति...


राजस्थान के निकाय चुनाव 2026 ने एक बार फिर प्रदेश की सियासत में बीजेपी की मजबूत पकड़ का संदेश दिया है. नगरीय निकायों के चुनावी नतीजों में बीजेपी को मिली बढ़त ने साफ कर दिया है कि शहरी राजस्थान ने विकास, सुशासन और मजबूत नेतृत्व के मुद्दे पर बीजेपी के साथ खड़े होने का फैसला किया है. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकास विजन और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व वाली सरकार की नीतियों पर जनता ने भरोसे की मुहर लगाई है.

वन स्टेट-वन इलेक्शन के संकल्प के साथ मैदान में उतरी बीजेपी अब प्रदेश के 309 निकायों में पिछली बार की तुलना में कहीं मजबूत स्थिति में दिखाई दे रही है. वर्ष 2020 में जहां करीब 31 प्रतिशत निकायों में बीजेपी के बोर्ड थे, वहीं इस बार पार्टी करीब 65 प्रतिशत निकायों में स्वयं या निर्दलीयों के समर्थन से बोर्ड बनाने की स्थिति में पहुंच गई है. आगामी 21 सितम्बर के बाद यह तस्वीर और मजबूत होने की संभावना है.

नगर निगम से नगरपालिका तक बीजेपी का बढ़ता प्रभाव

निकाय चुनाव के आंकड़े बताते हैं कि बीजेपी ने शहरी राजनीति के लगभग हर स्तर पर अपनी स्थिति मजबूत की है. पिछले चुनाव में 50 प्रतिशत नगर निगमों में बीजेपी का बोर्ड था. इस बार करीब 60 प्रतिशत नगर निगमों में बीजेपी अपने दम पर बोर्ड बनाने की स्थिति में है. निर्दलीय पार्षदों का समर्थन मिलने पर यह आंकड़ा 80 से 90 प्रतिशत तक पहुंच सकता है.

नगर परिषदों में भी बीजेपी ने बड़ी छलांग लगाई है. 2020 में जहां केवल 27 प्रतिशत नगर परिषदों में बीजेपी का बोर्ड था, वहीं इस बार पार्टी करीब 42 प्रतिशत नगर परिषदों में अपने दम पर बोर्ड बनाने की स्थिति में है. नगरपालिकाओं में बीजेपी की बढ़त और भी प्रभावी रही. पार्टी इस बार 60 प्रतिशत से अधिक नगरपालिकाओं में अपने स्तर पर बोर्ड बनाने की स्थिति में है. यानी शहर की छोटी नगरपालिका से लेकर बड़े नगर निगम तक बीजेपी का प्रभाव बढ़ा है.

जयपुर में सातवीं बार बीजेपी का परचम

राजधानी जयपुर का परिणाम बीजेपी के लिए खास मायने रखता है. जयपुर नगर निगम की स्थापना के बाद से लगातार सातवीं बार बीजेपी का बोर्ड बनने जा रहा है. राजधानी के मतदाताओं ने एक बार फिर बीजेपी पर भरोसा जताते हुए यह संकेत दिया है कि उनके लिए स्थानीय निकायों में भी विकास और प्रभावी प्रशासन प्रमुख मुद्दे हैं. जयपुर नगर निगमों के पुनर्गठन को लेकर पिछली कांग्रेस सरकार के फैसले का मुद्दा भी चुनावी चर्चा के केंद्र में रहा. बीजेपी ने इसे जनता के सामने उठाया और चुनाव परिणामों ने पार्टी के पक्ष में मजबूत राजनीतिक संदेश दिया.

जहां कांग्रेस कमजोर थी, वहां बीजेपी ने बढ़ाया आधार

इस चुनाव की सबसे महत्वपूर्ण तस्वीर उन जिलों से सामने आई है, जहां पिछली बार बीजेपी का प्रदर्शन बेहद कमजोर था. बूंदी, दौसा, हनुमानगढ़, करौली, धौलपुर और भरतपुर में पिछले निकाय चुनाव में बीजेपी का कोई बोर्ड नहीं था. लेकिन इस बार इन जिलों में पार्टी ने उल्लेखनीय बढ़त बनाई है.

दौसा — 7 निकाय

भरतपुर — 6 निकाय

बूंदी — 5 निकाय

हनुमानगढ़ — 5 निकाय

करौली — 4 निकाय

धौलपुर — 2 निकाय

इन परिणामों ने बीजेपी के उस दावे को मजबूती दी है कि पार्टी का जनाधार अब प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों और सामाजिक वर्गों में लगातार विस्तार कर रहा है.

जयपुर और भरतपुर संभाग में बड़ी राजनीतिक छलांग

 बीजेपी के लिए जयपुर और भरतपुर संभाग के परिणाम भी खास हैं. पिछले चुनाव में जयपुर संभाग के केवल 17 प्रतिशत और भरतपुर संभाग के महज 6 प्रतिशत निकायों में बीजेपी का बोर्ड था. इस बार दोनों संभागों में 60 प्रतिशत से अधिक निकायों में बीजेपी बोर्ड बनाने की स्थिति में है. यह बदलाव केवल आंकड़ों की कहानी नहीं है, बल्कि राजस्थान के शहरी राजनीतिक समीकरणों में आए बदलाव का संकेत भी माना जा रहा है.

युवा और महिलाओं ने भी बीजेपी के पक्ष में दिखाया भरोसा

निकाय चुनावों में युवा, महिला, मजदूर और विभिन्न सामाजिक वर्गों की भागीदारी ने बीजेपी के पक्ष में बने माहौल को मजबूती दी है. बीजेपी ने अपने चुनावी अभियान में विकास, रोजगार, बुनियादी सुविधाओं और सुशासन को प्रमुखता से उठाया. सरकार की ओर से सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों को भी पार्टी ने जनता के बीच प्रमुखता से रखा. नतीजों से संकेत मिलता है कि इन मुद्दों को शहरी मतदाताओं के एक बड़े वर्ग ने सकारात्मक रूप से लिया.

विधानसभा से निकाय तक बीजेपी का मजबूत होता आधार

राजस्थान की राजनीति में निकाय चुनावों को हमेशा स्थानीय समीकरणों की परीक्षा माना जाता है. ऐसे में इन चुनावों में बीजेपी का बढ़ता प्रभाव पार्टी के लिए महत्वपूर्ण राजनीतिक उपलब्धि है.

विधानसभा और लोकसभा चुनावों के बाद अब नगरीय निकायों में भी बीजेपी की मजबूत स्थिति यह संकेत देती है कि प्रदेश में पार्टी का संगठन और जनाधार दोनों लगातार मजबूत हो रहे हैं. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के लिए भी यह परिणाम राजनीतिक रूप से अहम हैं. उनके ‘वन स्टेट-वन इलेक्शन के संकल्प को मिले जनसमर्थन ने सरकार के स्थानीय स्तर तक पहुंचने वाले विकास और सुशासन के एजेंडे को नई ताकत दी है.

साफ संदेशविकास के साथ राजस्थान

निकाय चुनाव 2026 का राजनीतिक संदेश स्पष्ट है. राजस्थान के शहरी मतदाताओं ने स्थानीय सरकार में भी ऐसी व्यवस्था को प्राथमिकता दी है, जो विकास को गति दे, बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करे और प्रभावी प्रशासन सुनिश्चित करे. बीजेपी के लिए यह जीत केवल निकायों की संख्या बढ़ने तक सीमित नहीं है. यह राजस्थान के शहरों में पार्टी के बढ़ते जनाधार और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में सुशासन के मॉडल को मिले जनसमर्थन की बड़ी तस्वीर है.

शहरों ने कमल चुना है, अब स्थानीय विकास की नई रफ्तार की उम्मीद है.

PoliTalks News - Authoritative News Portal