PoliTalks News
%e0%a4%ac%e0%a4%bf%e0%a4%b9%e0%a4%be%e0%a4%b0-%e0%a4%9a%e0%a

'संतों के सम्मान में, 'हनुमान' मैदान में!' भाजपा सरकार के फैसले के खिलाफ बेनीवाल की महाहुंकार

26 मई 2026
साझा करें:
'संतों के सम्मान में, 'हनुमान' मैदान में!' भाजपा सरकार के फैसले के खिलाफ बेनीवाल की महाहुंकार

भैराणा धाम बचाने के लिए कल जुटेगी संतों और जनता की महापंचायत, सांसद हनुमान बेनीवाल ने सरकार के खिलाफ फूंका आर-पार की लड़ाई का बिगुल

Rajasthan: जयपुर रीको (RIICO) द्वारा दादू पंत के संतों की पावन तपस्थली के भूमि अधिग्रहण और प्रस्तावित औद्योगिक परियोजना के नाम पर हजारों पेड़ों की कटाई के विरोध में कल, यानी 27 मई 2026 (बुधवार) को दोपहर 12:15 बजे जयपुर जिले के भैराणा धाम में एक विशाल महापंचायत का आयोजन होने जा रहा है. राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के सुप्रीमो और नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने प्रदेश की भाजपा सरकार के इस फैसले के खिलाफ सीधे तौर पर आर-पार की जंग का ऐलान कर दिया है. सांसद हनुमान  बेनीवाल ने आरएलपी कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों और आम जनप्रतिनिधियों से अधिक से अधिक संख्या में इस महापंचायत में सम्मिलित होने का आह्वान किया है. इसके साथ ही उन्होंने तीखे शब्दों में कहा कि राजस्थान की संत परंपरा, गौ-सेवा और पर्यावरण संरक्षण की पहचान रहे भैराणा धाम की जनभावनाओं और धार्मिक आस्थाओं को नजरअंदाज कर यहाँ औद्योगिक क्षेत्र स्थापित करने का निर्णय किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और पार्टी मजबूती से संतों के साथ खड़ी है.


वही इस बीच, महापंचायत को ऐतिहासिक और सफल बनाने के लिए राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने पूरी ताकत झोंक दी है. खींवसर के पूर्व विधायक नारायण बेनीवाल, आरएलपी नेता प्रभातीलाल जाट सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारियों ने आज खुद भैराणा धाम पहुंचकर सभा स्थल का जायजा लिया और तैयारियों को अंतिम रूप दिया. सैकड़ों वर्षों से वन्य जीवों, पशु-पक्षियों और पर्यावरण संरक्षण का महत्वपूर्ण आधार रहे इस पावन धाम को बचाने के लिए होने जा रही इस महापंचायत से इलाके में भारी सियासी सरगर्मियां बढ़ गई हैं, और माना जा रहा है कि कल इस महाआंदोलन में हजारों की संख्या में लोग अपनी आवाज बुलंद करने जुटेंगे.

PoliTalks News - Authoritative News Portal