जनसंख्या वृद्धि पर बयान देते समय शब्दों की मर्यादा को लांघ कर नीतीश कुमार आए बीजेपी के निशाने पर

नीतीश कुमार आए बीजेपी के निशाने पर
9 Jan 2023
Nitish Kumar v/s Bihar BJP. बिहार के मुख्यमंत्री और जनता दल-यूनाइटेड (जेडीयू) सुप्रीमो नीतीश कुमार इन दिनों पूरे प्रदेश में समाधान यात्रा पर निकले हुए हैं. इस दौरान वैशाली जिले के बीका में जीविका दीदीयों को संबोधित करते हुए जनसंख्या वृद्धि पर बयान देते समय उनकी जुबान फिसल गई और अब इस पर बखेड़ा खड़ा हो गया है. बीजेपी ने उन्हें घेरते हुए उनके बयान को अभद्र बताया और राज्य की छवि खराब करने का आरोप लगाते हुए जमकर निशाना साधा. बीजेपी ने कहा कि सीएम नीतीश ने सार्वजनिक रूप से अभद्र और अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया है., ऐसा करके नीतीश मुख्यमंत्री पद की गरिमा को धूमिल कर रहे हैं. दरअसल, एक जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम नीतीश कुमार ने यह कहकर विवाद खड़ा कर दिया है कि राज्य में जनसंख्या नियंत्रण में नहीं आएगी क्योंकि पुरुष लापरवाह हैं और महिलाएं शिक्षित नहीं हैं. हालांकि सीएम नीतीश की प्रजनन दर पर बोलने की मंशा एकदम सही थी लेकिन बोलते वक्त उनकी जुबान फिसल गई और विपक्ष को उन्हें घेरने का मौका मिल गया. जनसंख्या वृद्धि पर सीएम नीतीश कुमार ने कहा, 'अगर महिलाएं पढ़ती हैं तो प्रजनन दर गिर जाएगी. यह हकीकत है. आजकल महिलाएं पढ़ी-लिखी नहीं हैं. पुरुष को यह ध्यान नहीं रहता कि उसे हर दिन बच्चे को जन्म नहीं देना है.' https://youtu.be/TsQUaCCS0k8 यहां तक तो ठीक था लेकिन आगे मुख्यमंत्री नीतीश ने कहा, 'आज अगर महिलाएं नहीं पढ़ी हैं, जो मर्द लोग अपने तरीके से रोज-रोज करते रहते हैं, उसको ध्यान में ही नहीं रहता कि बच्चा पैदा नहीं करना है. महिला पढ़ी रहती है तो उनको सब चीज़ों का ज्ञान हो जाता है कि भाई कैसे हमको बचना है...' इस दौरान सीएम नीतीश के साथ डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव भी मंच पर मौजूद थे. यह भी पढ़ें: राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के बाद नीतीश कुमार भी निकलेंगे देश यात्रा पर, शुरू की समाधान यात्रा बिहार के मुख्यमंत्री की इस तरह की टिप्पणी पर अब बीजेपी हमलावर हो रही है. प्रदेश बीजेपी ने उनके बयान को अभद्र बताया और राज्य की छवि खराब करने का आरोप लगाते हुए जमकर आलोचना की. बिहार विधान परिषद में विपक्ष के नेता सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया है कि उन्होंने सार्वजनिक रूप से अभद्र और अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया है. चौधरी ने ट्वीट करते हुए लिखा, 'मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा अभद्र शब्दों का प्रयोग असंवेदनशीलता की पराकाष्ठा है. ऐसे शब्दों का प्रयोग कर वे मुख्यमंत्री पद की गरिमा को धूमिल कर रहे हैं.' https://twitter.com/SMCHOUOfficial/status/1611755768910589953