



राहुल गांधी ने एपस्टीन फाइल का किया जिक्र, कहा- पीएम नरेन्द्र मोदी पर भयंकर दबाव, जयराम रमेश ने संसद में चर्चा की रखी मांग, उठाया सवाल- क्या मोदी सरकार ने छोड़ दिया रूस का साथ ?
भारत-अमेरिका ट्रेड डील की घोषणा को लेकर कांग्रेस नेताओं ने पीएम मोदी पर गंभीर सवाल उठाये हैं. राहुल गांधी, पूर्व केन्द्रीय मंत्री जयराम रमेश समेत कांग्रेस के कई नेताओं ने अमेरिका से ट्रेड डील पर सवाल उठाये हैं. राहुल गांधी ने कहा कि पीएम मोदी ने अमेरिका से ट्रेड डील दबाव में की है. राहुल गांधी ने कहा कि पीएम मोदी घबराये हुए हैं, जो ट्रेड डील 4 महीने से रुकी हुई थी किसी न किसी कारण से नरेंद्र मोदी ने कल शाम उस डील को साइन कर दिया.
विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी भयंकर दबाव है. राहुल गांधी ने एपस्टीन फाइल का जिक्र करते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी की इमेज का गुब्बारा फूट सकता है. हमारे प्रधानमंत्री को कॉम्प्रोमाइज कर दिया गया है. किसने किया है ? कैसे किया है ये देश की जनता को सोचना है ? अमेरिका में अडानी पर एक केस चल रहा है जो अडानी को नहीं नरेंद्र मोदी के वित्तीय ढांचे को टारगेट कर रहा है. एपस्टीन फाइल्स में अभी और माल है जो अभी रिलीज नहीं हुआ है.
ये भी पढ़े : बाजार में तूफानी तेजी, बैंक निफ्टी ने बनाया नया High,भारत-अमेरिका ट्रेड डील ने बाजार को लगे पंख
उधर, भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर कांग्रेस ने संसद में चर्चा की मांग उठाई है. पूर्व केन्द्रीय मंत्री जयराम रमेश ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अमेरिका के दबाव में उसके साथ व्यापार समझौता किया है, जिससे देश की स्थिति कमजोर हुई है. जयराम रमेश ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौते और यूरोपीय संघ के साथ हुए व्यापार समझौते का पूरा ब्यौरा संसद में रखा जाना चाहिए और इस पर विस्तृत चर्चा करवाई जानी चाहिए.
जयराम रमेश ने कहा कि पाकिस्तान से युद्धविराम की तरह ही, व्यापार समझौते की घोषणा भी अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने की है. प्रधानमंत्री मोदी किसी वजह से राष्ट्रपति ट्रंप के सामने साफ़ तौर पर दबाव में दिखाई देते हैं. जयराम रमेश ने X पर पोस्ट कर कहा कि ऐसा लगता है कि पीएम मोदी ने अंततः हार मान ली है.
कांग्रेस ने अपने अधिकारिक एक्स अकाउंट से एक पोस्ट के जरिए मोदी सरकार पर सवालों के तीखे तीर छोड़े है. कांग्रेस ने कहा कि ट्रेड हो या सीजफायर, भारत के संबंध में घोषणाएं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कर रहे हैं, जो दुखद है. कांग्रेस ने कहा है कि सीजफायर की तरह ट्रेड डील की घोषणा भी ट्रंप की ओर से की गई. ये बताया गया कि 'मोदी की रिक्वेस्ट' पर ट्रेड डील की जा रही है. कांग्रेस ने मोदी सरकार को घेरते हुआ कहा, 'ट्रंप का कहना है कि भारत अमेरिका के ऊपर टैरिफ और नॉन टैरिफ बैरियर 0% तक घटाएगा. मतलब आपने अमेरिका के लिए पूरा बाजार खोल दिया. इससे भारतीय इंडस्ट्री का जबर्दस्त नुकसान होगा. यहां के व्यापारी, यहां के किसान, सबका साथ छोड़ दिया आपने.
कांग्रेस ने पोस्ट में आगे लिखा, 'कृषि क्षेत्र को अमेरिका के लिए खोलने की बात है, आखिर क्या सौदा हुआ है ? हमारे किसानों के हितों का ध्यान रखा गया है या उनका साथ भी छोड़ दिया गया है? हमारे किसानों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित की जाएगी ? ये भी कहा गया कि मोदी रूस से तेल नहीं खरीदेंगे, अमेरिका और वेनेजुएला से तेल खरीदेंगे. क्या ट्रेड डील में मोदी सरकार रूस का साथ छोड़ने पर राजी हुई है ?'
ट्रंप ने ट्रूथ सोशल पर पोस्ट कर की ट्रे़ड डील की घोषणा
आपको बता दें कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने मीडिया प्लेटफार्म ट्रूथ सोशल पर पोस्ट कर कहा कि अमेरिका ने भारत पर टैरिफ 50% से घटाकर 18% कर दिया है. ट्रम्प ने पिछले साल रूस से क्रूड ऑयल खरीदने के कारण भारत पर 25% पेनल्टी टैरिफ लगाया दिया था. इससे भारत पर कुल टैरिफ 50% हो गया था. अब भारत पर सिर्फ टैरिफ 18% ही लगेगा. डील को लेकर डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि भारत अमेरिका से आयात में भारी वृद्धि करने, अमेरिकी सामानों पर आयात शुल्क शून्य करने और रूस से कच्चे तेल की खरीद बंद करने पर सहमत हो गया है.
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म टूथ सोशल पर व्यापार समझौते की घोषणा करते हुए पीएम नरेन्द्र मोदी को अपना सबसे अच्छा मित्र बताया. ट्रंप ने लिखा कि वह रूस से कच्चे तेल की खरीद बंद करने के साथ ही अमेरिका और वेनेजुएला से खरीद बढ़ाने पर सहमत हो गये हैं, इससे यूक्रेन युद्ध समाप्त करने में मदद मिलेगी. अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि पीएम नरेन्द्र मोदी इस बात पर सहमत हुए कि भारत ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, कृषि, कोयला और अन्य क्षेत्रों में 500 अरब डॉलर के अमेरिकी उत्पाद खरीदने के अलावा अमेरिका से आयात बढ़ाएगा.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस पर प्रतिक्रिया देते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट किया. उन्होंने लिखा कि राष्ट्रपति ट्रंप से बात करके बहुत अच्छा लगा और वे खुश हैं कि भारत निर्मित उत्पादों पर अब 18 प्रतिशत का कम टैरिफ लगेगा. PM मोदी ने भारत के 1.4 अरब लोगों की ओर से ट्रंप को इस शानदार घोषणा के लिए धन्यवाद दिया. उन्होंने कहा कि दो बड़ी अर्थव्यवस्थाएं और दुनिया की सबसे बड़ा लोकतंत्र जब साथ मिलकर काम करेंगे तो लोगों को बहुत फायदा होगा और आपसी सहयोग के नए अवसर खुलेंगे. उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों देशों की साझेदारी अभूतपूर्व ऊंचाइयों पर पहुंचेगी.


