राज्य वृक्ष खेजड़ी के संरक्षण के लिए कानून लाएगी सरकार- सदन में CM भजनलाल का एलान

5 Feb 2026

हमारी संस्कृति प्रकृति को मां मानकर पूजने की, खेजड़ी राजस्थान का कल्पवृक्ष भी और हमारी पहचान भी, 5 साल में लगाएंगे 50 करोड़ पेड़, विकास भी और विरासत भी दोनों को संजोने के लिए करेंगे काम- भजनलाल शर्मा

बीकानेर में खेजड़ी बचाओ आंदोलन को लेकर भी मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सदन में सरकार का पक्ष रखा. सीएम भजनलाल शर्मा ने राज्यपाल के अभिभाषण पर बहस का जवाब देते हुए कहा कि हम वो लोग है जो प्रकृति को मां मानकर पूजते हैं. ये संस्कृति हजारों वर्षों की है. हम नदियों को भी पूजते हैं, हम पहाड़ों को पूजते हैं और हम वृक्षों को भी पूजते हैं. पीएम मोदी ने इसी भावना से एक पेड़ मां के नाम अभियान शुरू किया. उनकी प्रेरणा से राजस्थान सरकार ने भी वृक्षारोपण का महाअभियान चलाया. राज्य सरकार ने केवल 2 वर्षों में 20 करोड़ पेड़ लगाये और सरकार ने 5 साल में 50 करोड़ पेड़ लगाने का लक्ष्य तय किया है.

ये भी पढ़े: ओला, उबर, रेपिडो को टक्कर देगी स्वदेशी ‘भारत टैक्सी’, बारिश-पीक ऑवर्स में नहीं बढ़ेंगे रेट

सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि खेजड़ी राजस्थान का कल्पवृक्ष भी है और राजस्थान की पहचान भी है. खेजड़ी की बढ़ते हुए रेगिस्तान को रोकने में सार्थक भूमिका रही है. खेजड़ी के महत्व देखते हुए राज्य सरकार ने इसे राज्य वृक्ष घोषित कर रखा है. इसलिए घोषित राज्य वृक्ष को बचाने के लिए दलगत राजनीति से ऊपर उठकर हम सामूहिक प्रयास कर रहे हैं. भजनलाल शर्मा ने कहा कि हमें बिगड़ते हुए पर्यावरण की चिंता भी करनी है और राजस्थान के कल्पवृक्ष की चिंता भी करनी है. ऊर्जा के बिना हम विकास की कल्पना भी नहीं कर सकते. विकास और विरासत दोनों को संजोने का काम हमें मिलकर करना है.

सीएम भजनलाल शर्मा ने सदन में घोषणा की कि राज्य के कल्पवृक्ष को बचाने के लिए कानून भी लाएंगे. जिससे प्रदेश में खेजड़ी संरक्षित रह सके. सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि पिछले साल अगस्त महीने में पर्यावरण प्रेमी संतों ने उनसे मुलाकात की थी तभी मैंने खेजड़ी के संरक्षण के लिए कानून बनाने के निर्देश दे दिये थे. सीएम ने कहा कि प्रक्रिया पूरी होते ही हम इसका मसौदा सदन में पेश करेंगे.