दूषित पानी से मौतों के लिए सरकार जिम्मेदार- राहुल गांधी, पीड़ितों को मुआवजा दे सरकार
17 Jan 2026
दूषित पानी से मौतों के लेकर चर्चा में आये इंदौर के भागीरथपुरा में शनिवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मरीजों और मृतकों के परिजनों से मुलाकात की. राहुल गांधी पहले बॉम्बे हॉस्पिटल पहुंचे, जहां उन्होंने दूषित पानी से पीड़ित मरीजों और उनके परिजन से कुशलक्षेम पूछी. राहुल गांधी भागीरथपुरा में दूषित पानी से जान गंवाने वाली गीता बाई और जीवनलाल के परिवार से मिले। इसके बाद राहुल गांधी संस्कार गार्डन पहुंचे। यहां भी उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात की। राहुल गांधी ने सभी पीड़ितों को डेढ़-डेढ़ लाख रुपए सहायता राशि के चेक सौंपे.
ये नये मॉडल का स्मार्ट सिटी- राहुल गांधी
इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में राहुल गांधी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मैं पीड़ित परिवारों से मिला हूं, ये कहा जाता था कि देश को स्मार्ट सिटी दिये जाएंगे. ये नए मॉडल का स्मार्ट सिटी है. इंदौर में साफ पानी नहीं मिल सकता है, पानी पीकर लोग मरते हैं, ये हैं अर्बन मॉडल ! और ये सिर्फ इंदौर में नहीं है, देश के कई शहरों में हो रहा है. सरकार अपनी जिम्मेदारी नहीं निभा रही है.
राहुल गांधी ने कहा कि इंदौर में जो हुआ है उसके लिए कोई तो जिम्मेदार होगा, सरकार को इसकी जिम्मेदारी लेनी चाहिए. दूषित पानी से मौतें सरकार की लापरवाही से हुई है, पीड़ितों को मुआवजा मिलना चाहिए. आज भी यहां साफ पानी नहीं है. हमारी मांग है कि सरकार की जो जिम्मेदारी है सरकार उसे पूरा करें. मामले को लेकर राजनीति करने के पत्रकारों के सवाल पर राहुल गांधी ने साफ कहा कि मैं लोकसभा में विपक्ष का नेता हूं. मैं अपनी जिम्मेदारी निभाने यहां आया हूं. इन लोगों की मदद करने, पीड़ितों की आवाज उठाने के लिए मैं यहां आया हूं, ये मेरी जिम्मेदारी है.
इस दौरान राहुल गांधी के साथ पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह, प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और अजय सिंह भी मौजूद रहे,
फूल सिंह बरैया को पार्टी से निकाले राहुल गांधी- CM मोहन यादव
वहीं, राहुल गांधी के इंदौर दौरे से पहले मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि 'कांग्रेस नेता राहुल गांधी यहां आ रहे हैं. मैं उम्मीद करता हूं कि राहुल गांधी समाज में जहर घोलने वाले बयान देने वाले अपने विधायक फूल सिंह बरैया को सस्पेंड करें और उन्हें पार्टी से निकालें, जिससे लगे कि वे समाज के दूसरे वर्गों का भी कुछ सम्मान करते हैं मैं फूल सिंह बरैया बयान की निंदा करता हूं'
आपदा पर्यटक बनकर आये हैं राहुल गांधी- कैलाश विजयवर्गीय
वहीं, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने राहुल गांधी के मध्य प्रदेश दौरे पर कहा कि 'हमारे शहर में कोई भी आए हम उसका स्वागत करते हैं चाहे वह पर्यटक के रूप में आए या किसी भी रूप में आए' कैलाश विजयवर्गीय ने राहुल गांधी के दौरे पर तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी आए हैं तो हम उनका स्वागत करते हैं. हमेशा वे पर्यटक बनकर आते हैं, अभी आपदा पर्यटक बनकर आए हैं. फोटो खिचवाएंगे और चले जाएंगे बाकी इंदौर का विकास तो हमें ही करना है. हम सब इस घटना से दुखी है, हमारी जवाबदेही है कि ऐसी घटना दोबारा नहीं हो, इसके लिए हम प्रदेश में काम कर रहे हैं.