28वां राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन, पीएम नरेन्द्र मोदी ने किया उद्घाटन
15 Jan 2026
नई दिल्ली। पीएमनरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को संसद के ऐतिहासिक संविधान भवन में आयोजित राष्ट्रमंडल देशों के 28वें संसदीय सम्मेलन का उद्घाटन किया. 28वें संसदीय सम्मेलन के उद्घाटन समारोह में आईपीयू (IPU) की अध्यक्ष, सीपीए (CPA) के चेयरपर्सन, राष्ट्रमंडल देशों की संसदों के पीठासीन अधिकारीगण, केन्द्रीय मंत्री और राज्य विधानमंडलों के पीठासीन अधिकारी शामिल हुए. उद्घाटन समारोह में विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी भी शामिल हुए. इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केन्द्रीय मंत्री जे.पी.नड्डा, अर्जुन राम मेघवाल, भागीरथ चौधरी समेत प्रदेश के सांसदों, विभिन्न राज्यों के विधानसभाध्यक्षों, सांसदों समेत कई वरिष्ठ नेताओं से शिष्टाचार भेंट की.विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा राष्ट्रमंडल देशों के अध्यक्षों को संबोधित करते हुए दिए गए भाषण को प्रेरणादायी और दूरदर्शी बताया. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने लोकतंत्र को सुदृढ़ बनाने के लिए लोकतांत्रिक मूल्यों, संसदीय परंपराओं और जनभागीदारी को मजबूत करने पर जोर दिया है. साथ ही, राष्ट्रमंडल देशों के बीच सहयोग, श्रेष्ठ संसदीय प्रथाओं के आदान-प्रदान, क्षमता निर्माण और साझा चुनौतियों का मिलकर समाधान करने का आह्वान किया है. उन्होंने कहा कि इस संदेश से राष्ट्रमंडल देशों को अपने-अपने देशों में लोकतांत्रिक मूल्यों और संसदीय परंपराओं को अपनाकर भारत की तरह विकास के पथ पर आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी.17 जनवरी को जयपुर आएंगे राष्ट्रमंडल देशों के स्पीकर्सविधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने बताया कि नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन के बाद विभिन्न राष्ट्रमंडल देशों के स्पीकर्स 17 जनवरी को जयपुर भ्रमण पर आएंगे. इनके सम्मान में राज्य विधानसभा की ओर से 17 जनवरी की शाम जयपुर स्थित कांस्टीट्यूशनक्लब में एक सांस्कृतिक कार्यक्रम और रात्रि भोज का आयोजन किया जाएगा. उन्होंने बताया कि गुलाबी नगर जयपुर पहुंचने पर सभी स्पीकर्स का भारतीय परंपरा के अनुसार भव्य स्वागत किया जाएगा. इस कार्यक्रम में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, राज्यपाल हरिभाऊबागड़े, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, कई मंत्री और नेता प्रतिपक्ष भी शामिल होंगे. कार्यक्रम में राष्ट्रमंडल देशों के स्पीकर्स का औपचारिक सम्मान भी किया जाएगा.