चौहान ने भारत विस्तार योजना का किया आगाज, ट्रेड डील पर बोले- मोदी ने झुकने नहीं दिया देश को

17 Feb 2026

राहुल गांधी को बताया ड्रामेबाज, कहा- न ट्रेड की समझ है और ना ट्रेडिशन की, तो कांग्रेस से शिवराज सिंह ने पूछा- स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट को मानने से क्यों किया इनकार, कांग्रेस ने सरकार में रहते महंगी चीनी आयात कर सस्ते में एक्सपोर्ट की, देश की जनता महंगा आटा खरीदने को हुई थी मजबूर, कांग्रेस ने दूसरे देशों को बेचा सस्ते में

जयपुर। केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जयपुर के दुर्गापुरा स्थित कृषि प्रबंधन संस्थान में भारत विस्तार योजना का आगाज किया. इस मौके पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी पर करारा हमला किया. शिवराज सिंह चौहान ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की नीतियों को कठघरे में खड़ा किया. अमेरिका से हुई ट्रेड डील को लेकर भी शिवराज सिंह चौहान ने राहुल गांधी पर निशाना साधा. शिवराज सिंह चौहान ने राहुल गांधी को पार्ट टाइम पॉलिटिशियन और फुल टाइम ड्रामेबाज बताया.

उन्होंने कहा कि उन्हें न तो ट्रेड की समझ है और न ही ट्रेडिशन की. शिवराज सिंह चौहान ने कहा- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हर क्षेत्र में काम कर रहे हैं. किसानों की भलाई के लिए एआई आधारित भारत विस्तार का आगाज करने जैसा क्रांतिकारी शंखनाद किया है, लेकिन फिर भी कुछ लोग पीएम मोदी की नीतियों में खामियां निकालते हैं. एक नेता यूएस ट्रेड डील पर सवाल खड़े कर रहे हैं. वे पार्ट टाइम नेता और फुल टाइम ड्रामेबाज हैं. उन्हें न तो ट्रेड की समझ है और न ही ट्रेडिशन की. उन्होंने खेत, फसल, कीचड़ नहीं देखा. उन्हें तो यह भी पता नहीं की गेहूं की बाली कैसी दिखती है और ट्रेड डील में खामियां निकाल रहे हैं.

शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस से पूछे सवाल
शिवराज सिंह चौहान ने राहुल गांधी से पूछा कि कांग्रेस ने स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट को मानने से क्यों इनकार कर दिया. जबकि उसमें किसानों की लागत को आधार बनाकर न्यूनतम समर्थन मूल्य घोषित करने की बात कही गई थी. कांग्रेस सरकार ने एमएसपी लागू करने के लिए लागत को आधार मानने से क्यों इनकार किया. वे बोले- साल 2009-10 में कांग्रेस की सरकार ने विदेश से 36 रुपये किलो में चीनी आयत की और फिर उसी चीनी को 12.50 रुपये किलो की दर पर निर्यात कर दिया. इसमें किसका फायदा था.

ये भी पढ़े : आखिर तिहाड़ जेल से छूटे राजपाल यादव, कहा- देश का बच्चा-बच्चा मेरे साथ

शिवराज सिंह ने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में मनमोहन सिंह वित्त मंत्री थे. उस समय देश खाद्य तेलों में आत्मनिर्भर था, लेकिन सरकार ने खाद्य तेलों को ओपन जनरल लाइसेंस में डालकर भारत की आत्मनिर्भरता को खत्म कर निर्यात पर निर्भर होने पर बाध्य कर दिया. पीएम मोदी खाद्य सुरक्षा के तहत गरीबों को अनाज दे रहे हैं. कांग्रेस के कार्यकाल में जब देश के लोग 20 रुपए किलो में आटा खरीदने को मजबूर थे. इसके बावजूद सस्ते दाम पर आटा निर्यात किया गया.

अमेरिका से ट्रेड डील में किसानों का रखा पूरा ध्यान
अमेरिका से ट्रेड डील पर शिवराज सिंह चौहान ने साफ किया कि भारत के किसानों के हितों का पूरा ध्यान रखा गया है. भारत में गेहूं, चावल और मक्का जैसे उत्पाद भरपूर होते हैं, जो अमेरिका से नहीं आएंगे. देश दलहन के उत्पाद में अभी आत्मनिर्भर नहीं है. ऐसे में दाल अगर बाहर से आए तो क्या दिक्कत है. सेब अभी तुर्किए और ईरान से आता है. तुर्किए ने ऑपेरशन सिंदूर में भारत का विरोध किया था. अब सेब अमेरिका से आए तो क्या परेशानी है. इससे देश में पैदा होने वाली सेब पर आयत का कोई असर नहीं पड़ेगा. भारत की टेक्सटाइल इंडस्ट्री में कपास कम पड़ता है और बाहर से कपास आए तो टेक्सटाइल इंडस्ट्री को फायदा होगा. वे बोले- ट्रेड डील पर सरकार पर रोज नए आरोप लगाने का प्रयास हो रहा है, लेकिन मोदी ने कभी भी देश को झुकने नहीं दिया.

फसल उत्पादन बढ़ाना, लागत घटाना लक्ष्य
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि किसान कल्याण के लिए भारत विस्तार जैसी तकनीक का जयपुर से आगाज हुआ है. भारत विस्तार एक नई क्रांति का शंखनाद है. किसान को आगे बढ़ाने के लिए सरकार को खेतों और गांव की गलियों में जाना होगा. सूक्ष्म सिंचाई योजना में आज राजस्थान पहले पायदान पर है. हमारा लक्ष्य फसल उत्पादन बढ़ाना और लागत घटाना है, ताकि किसानों का लाभ बढ़े. अब इंटीग्रेटेड फार्मिंग का सपना है.

कृषि क्षेत्र में नई क्रांति- भजनलाल शर्मा
इस मौके पर सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि यह किसान के जीवन में बदलाव लाने वाला कदम है. किसानों को नई तकनीक समझने में मदद मिलेगी. किसानों के जीवन में खुशहाली आएगी. यह भारत की तकनीकी ताकत और किसान कल्याण की प्रतिबद्धता की ताकत है. उपज बढ़ाना और किसानों को आत्मनिर्भर बनाना सरकार का लक्ष्य. इस तकनीक का उद्देश्य किसानों को उनकी भाषा में जानकारी देना है.

कार्यक्रम में कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा ने कहा कि नए डिजिटल सार्वजनिक प्लेटफॉर्म भारत विस्तार और एआई फॉर ऑल की लॉन्चिंग हुई है. राजस्थान देश का सबसे बड़ा राज्य और भरपूर कृषि भूमि है. इस तकनीक से सेवाएं सीधे कॉल के माध्यम से अलग-अलग भाषाओं में मिलेगी. यह कृषि क्षेत्र में नई क्रांति का आगाज है, जिसमें सरकारी योजना, खेती के बेहतर तरीके, मौसम की जानकारी, बाजार भाव की जानकारी और मत्स्य व पशुपालन की जानकारी मिलेगी. शिकायत दर्ज करवाने की सुविधा मिलेगी. स्मार्टफोन वाले किसान चैटबॉट से जानकारी ले सकते हैं. साधारण मोबाइल वाले किसान कॉल करके जानकारी ले सकते हैं.