Politalks.News/Delhi/RahulGandhi. कांग्रेस नेता राहुल गांधी किसान आंदोलन को लेकर पिछले कुछ दिनों से लगातार मोदी सरकार पर हमलावर हैं. राहुल गांधी ने एक बार फिर कृृषि कानूनों को प्रधानमंत्री मोदी के पूंजीपति मित्रों के लिए फायदा देने वाला कानून बताया. राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने ये भी कहा कि अहंकार की कुर्सी से उतरकर सोचिए और किसान का अधिकार दीजिए. इस पर पलटवार करते हुए बीजेपी के दिल्ली सांसद मनोज तिवारी ने पलटवार में राहुल गांधी को देश का सबसे 'कन्फ्यूज नेता' बता दिया. तिवारी ने कांग्रेस पर बड़ा हमला करते हुए कहा कि राहुल गांधी को नए कृषि कानूनों की जानकारी ही नहीं है.
सुल्तानपुर में एक विवाह समारोह में शामिल होने आए बीजेपी सांसद मनोज तिवारी (Manoj Tiwari) ने कहा कि संसद द्वारा पारित कृषि कानूनों को पंजाब छोड़कर सभी राज्यों ने स्वीकार कर लिया है. केंद्र सरकार आंदोलनरत किसानों की हर बात सुनने और विचार करने को तैयार है. वहीं सांसद तिवारी ने कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों पर कृषि कानूनों को लेकर देश में भ्रम फैलाने और किसानों को झूठ बोलकर भड़काने का आरोप लगाया. तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी किसानों की आय दोगुनी करने के लक्ष्य की ओर बढ़ रही है. नए कृषि कानूनों से किसान आर्थिक रूप से मजबूत होगा.
इधर राहुल गांधी पिछले कुछ दिनों से कृषि कानून और किसानों के आंदोलन (Farmers Protest) को लेकर केंद्र सरकार पर हमला बोल रहे हैं. अपने एक ताजा ट्वीट में राहुल गांधी ने कहा कि अन्नदाता सड़कों-मैदानों में धरना दे रहे हैं और ‘झूठ’ टीवी पर भाषण. राहुल गांधी ने कहा कि किसान की मेहनत का हम सब पर क़र्ज़ है और ये क़र्ज़ उन्हें न्याय और हक़ देकर ही उतरेगा, इसलिए अहंकार की कुर्सी से उतरकर सोचिए और किसान का अधिकार दीजिए.
यह भी पढ़ें: कृषि कानूनों पर न झुकेगी और न बैकफुट पर आएगी केन्द्र सरकार! प्रधानमंत्री मोदी ने दिया संकेत
https://twitter.com/RahulGandhi/status/1333618060226306048?s=20
राहुल गांधी ने एक वीडियो शेयर करते हुए कृषि कानूनों को पीएम मोदी के निजी व्यापारियों को फायदा देने वाली स्कीम बताया. उन्होंने कहा कि ये कानून किसानों से चोरी करने वाला कानून है और इसके खिलाफ एकजुट होकर खड़ा होना होगा. राहुल गांधी ने इन कृषि कानूनों को काला कानून बताया है.
https://twitter.com/RahulGandhi/status/1333318857461624832?s=20
राहुल गांधी और कांग्रेस ने किसानों के लिए सोशल मीडिया पर
#SpeakUpForFarmers कैंपेन भी चलाया है और अन्य लोगों से इस कैंपेन से जुड़ने का आव्हान भी किया है.
https://twitter.com/RahulGandhi/status/1333260173272510464?s=20
गौरतलब है कि कृषि कानूनों के खिलाफ यूपी, हरियाणा और पंजाब सहित अन्य राज्यों के किसान सिंधू बॉर्डर सहित दिल्ली की बॉर्डर पर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. आज किसान आंदोलन का छठा दिन है. किसान आंदोलन के तेज होने के बाद दिल्ली सरकार ने किसानों को वार्ता के लिए बुलाया है. विज्ञान भवन में किसानों का 35 सदस्यीय दल सरकार से वार्ता के लिए पहुंचा हुआ है. बैठक में कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, रेल मंत्री पीयूष गोयल सहित अन्य बीजेपी के नेता मौजूद हैं. खबर आ रही है कि सरकार ने किसान संगठनों से पांच सदस्यीय कमेटी बनाने की बात कही है. खबर लिखे जाने तक बैठक का दौर जारी है.