8 सांसदों के निलंबन पर भड़के हनुमान बेनीवाल, लोकतंत्र पर बताया कुठाराघात

hanuman beniwal
4 Feb 2026

सदन में नेता प्रतिपक्ष को बोलने से रोकने पर नागौर सांसद ने उठाई आवाज, सांसदों के निलंबन को भी अनुचित ठहराया, मोदी सरकार पर लगाया मनमर्जी का आरोप

राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने कांग्रेस सांसद एवं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी का समर्थन किया. उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष का सदन में एक विशेषाधिकार है. सदन में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी जो बात बोल रहे थे, उन्हें बोलने देना चाहिए था क्योंकि ऐसी कोई बात उन्होंने नहीं बोली जो सदन में नहीं कही जा सकती है. बेनीवाल ने कहा कि यह दुर्भाग्य है कि सत्तापक्ष सदन में विपक्ष की बात सुनने तक को तैयार नहीं है.

https://www.youtube.com/watch?v=5sUovfGdZ2g

यह भी पढ़ें: कफ सीरप से मौतों पर विधानसभा में हंगामा, मंत्री बोले - दवा दोषी नहीं

दरअसल लोकसभा में जब राहुल गांधी बोल रहे थे, तब उन्हें रोक दिया गया. इस पर आपत्ति जताते हुए नागौर सांसद ने कहा, 'संसद ही ऐसा स्थान है, जहां जनता अपने चुने हुए सांसद से अपेक्षा रखती है कि वो उनके मुद्दे उठाएंगे. स्वच्छ लोकतंत्र में सत्ता पक्ष को सुनने की आदत भी डालनी चाहिए क्योंकि वाद-विवाद से ही तथ्य सामने निकलकर आते है. इसके विपरीत सत्तापक्ष (NDA) खुद चाहता है कि हंगामा चलता रहे और सरकार अपनी मनमर्जी से काम करती रहे.' आरएलपी सुप्रीमो ने लोकसभा के 8 सांसदों पर हुई निलंबन की कार्यवाही का भी विरोध किया. उन्होंने कहा कि सांसदो का इस तरह से निलंबन करना किसी रूप में उचित नहीं था.

नागौरी पान मैथी को ​जल्द मिलेगा जीआई टैग

नागौर की विख्यात नागौरी पान मैथी को जीआई टैग जल्द मिलने की उम्मीद है. इस संदर्भ में लोकसभा में सांसद हनुमान बेनीवाल के सूचीबद्ध प्रश्न का जवाब देते हुए सरकार में राज्य मंत्री वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय जितिन प्रसाद ने कहा कि नागौरी पान मैथी को जीआई टैग दिलवाने का आवेदन चेन्नई स्थित जीआई रजिस्ट्री कार्यालय में प्रक्रियाधीन है. इस संदर्भ में पांच फरवरी को परामर्शदात्री समूह की बैठक है जिसके बाद कोई निर्णय लिया जाएगा. उन्होंने ये भी बताया कि राजस्थान के इस संबंध में ऐसे 50 प्रकरण फिलहाल प्रक्रियाधीन है, जिन पर जल्द फैसला लिया जाएगा.

यह भी पढ़ें: पारिस्थितिक रूप से संवेदनशील क्षेत्रों पर केंद्र सरकार गंभीर नहीं : सांसद हनुमान बेनीवाल

गौरतलब है कि सांसद ने नागौरी पान मैथी के साथ राजस्थान सहित विभिन्न राज्यों के उत्पाद / वस्तुओं, जिनके जीआई टैग के आवेदन लंबित हैं, की जानकारी केंद्र सरकार से पूछी थी. इधर, सांसद बेनीवाल ने विगत दिनों नागौरी पान मैथी को जीआई टैग दिलवाने की मांग को लेकर केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल को पत्र भी लिखा था. मंत्री गोयल ने एक जवाबी पत्र भी भेजा और सदन में इसका जवाब भी दिया. इससे 'नागौरी पान मैथी' को जल्द जीआई टैग मिलने की संभावनाओं को बल मिला है.