



बजट सत्र का 12वां दिन भी रहा हंगामेदार, इंडिया-US ट्रेड डील पर राहुल गांधी का हमला तो वित्तमंत्री ने किया तीखा पलटवार
लोकसभा में इस बार केंद्रीय बजट सत्र हंगामेदार रहा है. बजट सत्र के 12वें दिन भी हंगामे की स्थिति बदस्तूर बनी रही. यहां कांग्रेस सांसद एवं विपक्ष के नेता राहुल गांधी और वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण आपस में एक दूसरे से भिड़ गए और कटाक्ष भरे शब्दों से एक दूसरे पर वार किए. बहस 'भारत माता को बेच दिया..' और 'मोदी का सरेंड..' बयान पर हुई. बजट सत्र को संबोधित करते हुए जब राहुल गांधी ने केंद्र की एनडीए सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जुबानी प्रहार किए तो पलटवार में वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर तीखे वार किए.
राहुल गांधी ने क्या कहा
लोकसभा विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने बजट पर बोलते हुए कहा, 'सरकार ने इंडिया-US ट्रेड डील के जरिए भारत माता को बेच दिया है. यह पूरी तरह सरेंडर है. अब अमेरिका तय करेगा कि हम किससे तेल खरीदेंगे. हमारा फैसला प्रधानमंत्री नहीं करेंगे.'
निर्मला सीतारमण का पलटवार
राहुल के आरोपों के जवाब में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा, 'कांग्रेसी कहते हैं कि मोदी ने सरेंडर कर दिया. मैं बताती हूं कि भारत को किसने बेचा. इसे कांग्रेस ने बेचा. बाली में जाकर सौदा करके आए थे. ट्रेड फेलिसिटेशन पर साइन करके आ गए थे. भारत के फायदे के लिए उसमें कुछ नहीं थी.
उन्होंने कहा कि किसानों के हक से समझौता करने वाली कांग्रेस है. मोदी ने 2014 में WTO में जाकर इसे सुधारा. ये गरीबों को राशन दे नहीं पा रहे थे और ये मोदी जी पर आरोप लगा रहे हैं.'
राहुल गांधी को बताया बालक
वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने राहुल गांधी को 'अबोध बालक' कहकर संबोधित किया. उन्होंने कहा कि राहुल को डेटा की कोई जानकारी नहीं है. इनको बजट सही से पढ़कर आना चाहिए. यहां आकर गलत डेटा देते हैं. महंगाई पूरी तरह से कंट्रोल में है. इनकी आदतें अबोध बालक जैसी है.
इस बार का बजट सत्र जन मुद्दों से हटकर केवल और केवल बहसबाजी का अखाड़ा बनता सा प्रतीत होता है. अब देखना होगा कि शेष सत्र में यह वाद विवाद कितना तीखा होता है.


