राजनीति का घटिया स्तर: अब पूर्व मंत्री के बेटे ने विधायक को बताया उठाईगिरा, जेबकतरा और बदबूदार

2020 12 24 01 46 48
24 Dec 2020
Politalks.News/Rajasthan. अलवर जिले की बहराेड़ विधानसभा क्षेत्र के नेताओं के बीच चली आ रही सियासी जंग अब घटिया स्तर की जुबानी जंग में बदल गई है. हाल ही में तीन दिन पहले बहरोड़ के निर्दलीय विधायक बलजीत यादव ने नगरपालिका चेयरमैन के शपथग्रहण समारोह में सांसद बाबा बालकनाथ को भगवा वस्त्र में ढोंगी बाबा बताने के साथ ही भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री जसवंत यादव को चुनौती देते हुए कहा कि वे ग्राउंड पर आकर लड़ लें, दो मिनट में बेहोश न कर दूं तो राजनीति छोड़ दूंगा. अब बलजीत यादव के वायरल वीडियो के जवाब में जसवंत यादव के बेटे मोहित यादव ने अपने सोशल मीडिया पेज पर बलजीत यादव चैलेंज करते हुए उठाईगिरा, जेबकतरा और बदबूदार गड्ढा तक कह दिया. मोहित जसवंत यादव वीडियो में कहते दिख रहे हैं कि विधायक बलजीत मिनी बस का कंडेक्टर रहा है, जिसे सत्ता हासिल हो गई. अब उनकी हरकतों से यह भी पता लग गया कि वो विधायक धरती पर पाप करने के लिए पैदा हुआ है. जो बहन-बेटियों की इज्जत नहीं करता और गरीबों का राशन तक भी खा जाता है. मोहित यादव ने विधायक बलजीत यादव पर मोची तक से भी हफ्ता वसूली करने का आरोप लगाया. यह भी पढ़ें: मैदान में आजा जसवंत यादव बेहोश नहीं किया तो राजनीति छोड़ दूंगा, फर्जी साधु है बालकनाथ- बलजीत यादव यही नहीं भाजपा के पूर्व मंत्री जसवंत यादव के बेटे और भाजपा युवा मोर्चा के नेता मोहित यादव ने विधायक बलजीत यादव को उठाईगीरा, जेबकतरा व बदबूदार तक बता दिया. मोहित यादव ने कहा कि हिम्मत है तो राजनीति में सीधा लड़, बहरोड़ को आगे बढ़ाने की चर्चा कर, मैं इस तरह की निम्नस्तर की राजनीति में गिरना नहीं चाहता हूं और मुझे मजबूर किया तो मुझे भी हजार गुना गाली देनी आती है. मोहित यादव यहीं नहीं रुके, आगे कहा कि अब ये समझ लीजिए विधायक बलजीत की राजनीति खत्म है. मेरा बस यही कहना है परिवार को राजनीति में घसीटना बंद करे और बात लड़ाई लड़ने की है तो बलजीत यादव तू खुद ही दिन और समय बता देना, मैं वहां पहुंच जाऊंगा और जो चाहे हथियार काम ले लेना. वैसे तुम जैसे विधायक से बात करते हुए भी शर्म आती है. विधायक बलजीत यादव ने दी थी चुनौती आपको बता दें, बहरोड़ से कांग्रेस समर्थित निर्दलीय विधायक बलजीत यादव ने तीन दिन पहले नगर पालिका चेयरमैन के कार्यभार ग्रहण करने के दिन आमजन को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री डॉ. जसवंत यादव के बारे में कहा था कि वे ग्राउंड में आकर लड़ लें, अगर दो मिनट में बहोश न कर दूं तो राजनीति करना छोड़ दूंगा. इसके साथ ही बलजीत यादव ने सांसद बालकनाथ को भी भगवा वस्त्र में ढोंगी तक बताया था. बताया जा रहा है कि इसके अलावा बलजीत ने जसवंत यादव के परिवार पर कई तरह की टिप्पणी भी की थी.