सदन में आने की हिम्मत नही थी PM मोदी की, हमले की योजना के दावे झूठे- प्रियंका का पलटवार

5 Feb 2026

लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के बयान पर प्रियंका गांधी का सॉलिड पलटवार, कहा-स्पीकर के पीछे छिप रहे पीएम नरेन्द्र मोदी, मीडिया से की अपील, कहा- पीएम, गृह मंत्री और सरकार से सवाल पूछें कि लोकसभा में विपक्ष के नेता को बोलने क्यों नहीं दिया ?

संसद में जारी गतिरोध को लेकर केंद्र सरकार और कांग्रेस के बीच सियासी टकराव और तेज हो गया है. कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रधानमंत्री संसद में जवाब देने के बजाय स्पीकर के पीछे छिप रहे हैं. कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के पीछे छिप रहे हैं. उन्होंने पीएम मोदी को नुकसान पहुंचाने की किसी भी योजना के दावे को पूरी तरह झूठ करार दिया. लोकसभा में स्पीकर ओम बिरला ने कहा था कि उन्होंने पीएम नरेन्द्र मोदी से सदन में भाषण देने के लिए नहीं आने को कहा था, क्योंकि कई कांग्रेस सांसद प्रधानमंत्री की सीट के पास पहुंचकर कोई अप्रत्याशित हरकत कर सकते थे. स्पीकर के इस बयान के बाद प्रियंका गांधी वाड्रा ने ये प्रतिक्रिया दी है.

ये भी पढ़े : प्रेम बाईसा की मौत में नया ट्विस्ट, पिता और केयरटेकर का पॉलिग्राफ टेस्ट करवाएगी SIT !

स्पीकर के बयान के पीछे सरकार
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने स्पीकर ओम बिरला ने कहा कि जिस तरह का माहौल उस दिन लोकसभा में बना, उसमें कोई भी अप्रिय और अप्रत्याशित घटना घट सकती थी. उन्होंने साफ कहा कि ऐसा व्यवहार संसद की गरिमा और लोकतांत्रिक मर्यादाओं के बिल्कुल विपरीत था. विपक्ष के व्यवहार पर टिप्पणी करते हुए स्पीकर ने कहा कि बुधवार को उनके कार्यालय में कुछ सांसदों का व्यवहार अनुचित था और इसे उन्होंने उस घटना को एक काले धब्बे जैसा बताया. इन आरोपों पर पलटवार करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि सरकार लोकसभा स्पीकर से यह सब कहलवा रही है, क्योंकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी में सदन में आने की हिम्मत नहीं थी. ये सब सरासर झूठ है. प्रधानमंत्री को नुकसान पहुंचाने या ऐसी किसी भी बात का सवाल ही नहीं उठता. उन्होंने आगे कहा कि यदि सत्तापक्ष अपने सदस्यों को मनमानी करने, किताबें कोट करने और अनर्गल बातें कहने की छूट देगा, तो विपक्ष विरोध करेगा.

प्रियंका गांधी की मीडिया से अपील
कांग्रेस नेता ने मीडिया से अपील करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और सरकार से यह सवाल पूछें कि लोकसभा में विपक्ष के नेता को बोलने क्यों नहीं दिया गया? उन्होंने यह भी पूछा कि क्या किसी सार्वजनिक स्रोत को उद्धृत करने से रोकने का कोई वैध आधार सरकार के पास है.

पीएम की सुरक्षा को लेकर जताई चिंता
स्पीकर ओम बिरला ने सदन में यह भी खुलासा किया कि जब प्रधानमंत्री को राष्ट्रपति के अभिभाषण पर जवाब देना था, तब उन्हें पुख्ता जानकारी मिली थी कि कांग्रेस के कुछ सदस्य प्रधानमंत्री के आसन तक पहुंचने की कोशिश कर सकते हैं. उन्होंने बताया कि उन्होंने स्वयं सदन में ऐसे दृश्य देखे, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई थी. स्पीकर ने कहा कि यदि ऐसा होता तो यह न केवल अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण होता, बल्कि देश की लोकतांत्रिक परंपराओं को भी गहरा आघात पहुंचता. इसी आशंका को देखते हुए उन्होंने एहतियातन प्रधानमंत्री से सदन में नहीं आने का अनुरोध किया.