AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के मुस्लिम महिला के प्रधानमंत्री बनने के बयान पर विवाद गहरा गया है. जयपुर में जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने ओवैसी के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है. स्वामी रामभद्राचार्य ने कहा कि देश में कोई महिला प्रधानमंत्री बनेगी तो वह साड़ी पहनने वाली महिला ही होगी. स्वामी रामभद्राचार्य ने ओवैसी पर निशाना साधते हुए कहा कि AIMIM चीफ दिन में सपने देख रहे हैं. अससुद्दीन ओवैसी के बयान को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए स्वामी रामभद्राचार्य ने कहा कि अब्दुल कलाम को राष्ट्रपति और हामिद अंसारी उपराष्ट्रपति बनाया इसके बावजूद वो इस तरह की बयानबाजी कर रहे हैं. स्वामी रामभद्राचार्य ने कहा कि भारत में कोई महिला प्रधानमंत्री बनेगी तो वो साड़ी पहनने वाली महिला ही होगी.
अससुद्दीन ओवैसी ने हाल ही में महाराष्ट्र के सोलापुर में एक सभा में बयान दिया था कि हिजाब पहनने वाली महिला भी एक दिन भारत की प्रधानमंत्री बनेगी, ये उनका सपना है. हालांकि ओवैसी ने भारत के संविधान की तारीफ करते हुए ये बात कही थी. ओवैसी ने भारत और पाकिस्तान के संविधान के बीच अंतर को स्पष्ट करते हुए कहा कि भारत का संविधान सभी समुदाय के लोगों को समान दर्जा देता है. जबकि पाकिस्तान का संविधान एक विशेष धर्म के व्यक्ति को ही वहां का प्रधानमंत्री या राष्ट्रपति बनने का अधिकार देता है.
https://x.com/ANI/status/2010250003009450026?s=20
ओवैसी ने कहा कि भारत के संविधान में लिखा है कि भारत का कोई भी नागरिक प्रधानमंत्री , मुख्यमंत्री या मेयर बन सकता है. ओवैसी ने कहा कि वह दिन जरूर आएगा जब मैं नहीं रहूंगा, लेकिन हिजाब पहनने वाली एक बेटी भारत की प्रधानमंत्री बनेगी.
भाजपा नेताओं ने भी ओवैसी के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है. भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और गृह राज्य मंत्री बंदी संजय कुमार ने कहा कि बुर्का पहनने वाली महिला प्रधानमंत्री का सपना देखने से पहले ओवैसी को अपनी पार्टी का नेतृत्व महिला को देने की हिम्मत दिखानी चाहिए. पार्टी में मुस्लिम महिलाओं को पद नहीं देने और चुनाव में टिकट देने को लेकर भाजपा ने ओवैसी की कड़ी आलोचना की. संजय कुमार ने कहा कि नारेबाजी और बयानबाजी करने वाले ओवैसी की पार्टी AIMIM में महिलाओं का वास्तविक प्रतिनिधित्व न के बराबर है.