आख़िर नितिन को ही मिली भाजपा की कमान, 45 की उम्र में पहुंचे टॉप पर, बंगाल चुनाव होगी पहली परीक्षा

full video temp (1200 x 650 px) (1) (1)
19 Jan 2026
पटना के बांकीपुर से विधायक और बिहार के पूर्व मंत्री नितिन नबीन ने आज भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल कर दिया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह समेत शीर्ष नेतृत्व के समर्थन से उनका निर्विरोध चुना जाना तय माना जा रहा है. इसके साथ ही नितिन नबीन दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी का नेतृत्व करने वाले बिहार के सबसे बड़े नेता बन जाएंगे. राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव को लेकर बीजेपी मुख्यालय में देशभर से पार्टी का शीर्ष नेतृत्व जुटा. इस मौके पर पार्टी के लगभग सभी मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। मात्र 26 साल की उम्र में, नितिन ने अपनी पढ़ाई छोड़कर सक्रिय राजनीति में कदम रखा. यह फैसला कर्तव्य और अपेक्षाओं से जुड़ा था, जिसने उनके 20 साल लंबे राजनीतिक सफर की नींव रखी और 2006 का उपचुनाव जीतने के बाद नितिन ने पीछे मुड़कर नहीं देखा. जानिये नितिन नबीन ही पीएम मोदी, शाह की पहली पसंद क्यों ? नितिन नबीन को बीजेपी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने में शीर्ष नेतृत्व पीएम नरेन्द्र मोदी और अमित शाह की बड़ी भूमिका है. नितिन नबीन को लेकर राजनीतिक हलकों में सियासी कानाफूसी का दौर उस वक्त शुरू हुआ जब छठ पर्व के दौरान अमित शाह नितिन नबीन के घर गए और चुनाव प्रचार के दौरान पीएम मोदी भी प्रोटोकॉल तोड़कर नितिन नबीन से मिले थे. नितिन नबीन को शीर्ष पर पहुंचाने में उनकी पुरानी वफादारी भी काम आई. नितिन नबीन ने 2009 में ही मोदी को प्रधानमंत्री बनाने का समर्थन किया था. इसके साथ ही नितिन नबीन को अध्यक्ष बनाकर पार्टी ने युवा कार्यकर्ताओं को भी साधा है. ये साफ संदेश दिया है कि पार्टी के प्रति निष्ठा रखने वाला कोई भी कार्यकर्ता पार्टी में बड़ा पद पा सकता है. नितिन नबीन को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाना सिर्फ व्यक्तिगत पसंद ही नहीं है, बल्कि पार्टी के भीतर एक संदेश है कि निष्ठावान और मेहनती कार्यकर्ताओं को महत्व दिया जाएगा. राजस्थान से पहुंचे बड़े नेता, भजनलाल शर्मा बने प्रस्तावक मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा विशेष विमान से दिल्ली पहुंचे और नितिन नबीन के प्रस्तावक बने. राजस्थान से राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव के लिए 20 वरिष्ठ नेताओं को प्रस्तावक नामित किया गया, जिनमें सीएम भजनलाल शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी, केंद्रीय मंत्री डॉ. अलका सिंह शामिल हैं.