’10 मिनट में मुंबई बंद’- बयान पर घिरे राउत, फडणवीस ने साधा निशाना- अब बालासाहेब ठाकरे का दौर नहीं

mumbai band
12 Jan 2026
महाराष्ट्र में सियासी बयानबाजी का दौर जारी है. अब नया विवाद शिवसेना (UTB) सांसद संजय राउत के उस बयान से उपजा है जिसमें उन्होंने 10 मिनट में मुंबई बंद करने का दावा किया था. इस बयान के बाद संजय राउत BJP के निशाने पर है. महाराष्ट्र के CM देवेंद्र फडणवीस ने संजय राउत के इस बयान को खोखली धमकी बताते हुए कड़ा पलटवार किया और कहा कि बीजेपी ऐसे बयानों से डरने वाली नहीं है. फडणवीस ने कहा कि राउत अपने घर के आसपास का इलाका भी बंद नहीं करा सकते. आपको बता दे कि एक टीवी इंटरव्यू में संजय राउत ने दावा किया था कि शिवसेना आज भी 10 मिनट में मुंबई बंद करवा सकती है और यही शिवसेना की सबसे बड़ी ताकत है. संजय राउत ने कहा था कि चुनावी हार-जीत अलग बात है लेकिन उनकी संगठनात्मक ताकत कायम है. उन्होंने यह भी कहा कि अगर ठाकरे परिवार जिंदा है तो मराठी अस्मिता और मुंबई भी सुरक्षित है. उधर, देवेंद्र फडणवीस ने सीधा जवाब देते हुए संजय राउत के बयान को खारिज कर दिया. देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि ये सिर्फ बयानबाजी है. फडणवीस ने कहा कि जब एकनाथ शिंदे ने उद्धव ठाकरे से अलग होकर गुवाहाटी जाने का फैसला किया था, तब भी यूबीटी ने दावा किया था कि शिंदे मुंबई में कदम नहीं रख पाएंगे. इसके बावजूद शिंदे 50 विधायकों के साथ मुंबई आए, राजभवन तक गए और बाद में सरकार भी बनी. हालांकि फडणवीस ने माना कि बालासाहेब ठाकरे के दौर में एक इशारे पर मुंबई दो घंटे में बंद हो सकती थी. हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि अब वैसी ताकत शिवसेना (UTB) में नहीं है. अब केवल सुर्खियां बटोरने के लिए ऐसी बयानबाजी की जा रही है और ऐसी गीदड़ भभकियों से मौजूदा सरकार डरने वाली नहीं है.