केंद्रीय मंत्री गडकरी की बैठक में गरजे सांसद हनुमान बेनीवाल, सड़क हादसों पर रखे कड़े और ठोस सुझाव

7b21c67b e762 4e12 9638 e32559f3a049
22 Jan 2026

राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के सुप्रीमो एवं नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने गुरुवार को दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी की अध्यक्षता में आयोजित मंत्रालय की परामर्शदात्री समिति की बैठक में भाग लिया। बैठक का प्रमुख विषय सड़क दुर्घटनाओं और उनसे होने वाली मौतों में कमी लाना रहा।

बैठक में सांसद बेनीवाल ने सड़क निर्माण में हो रही गंभीर खामियों, भ्रष्टाचार और लापरवाही को दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बताया। उन्होंने कहा कि स्थानीय राजनीतिक दबाव, अभियंताओं और ठेकेदारों की मिलीभगत के चलते सड़कों, आरओबी और फ्लाईओवर में अनावश्यक व खतरनाक मोड़ दिए जाते हैं, जो बाद में आमजन के लिए काल साबित होते हैं।

राजस्थान में सड़क दुर्घटनाएं बढ़ती चिंता

सांसद ने बेनीवाल ने कहा कि राजस्थान जैसे भौगोलिक रूप से विशाल और सड़क परिवहन पर अत्यधिक निर्भर राज्य में सड़क दुर्घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। राष्ट्रीय व राज्य राजमार्गों पर हर साल बड़ी संख्या में बहुमूल्य मानव जीवन नष्ट हो रहा है, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।

उन्होंने दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि

  • चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स का समय पर सुधार नहीं होना,
  • ग्रामीण व अर्ध-शहरी क्षेत्रों में सुरक्षा संकेतक, क्रैश बैरियर, सर्विस रोड व अंडरपास का अभाव,
  • ओवरस्पीडिंग, ओवरलोडिंग, शराब व सिंथेटिक नशे में वाहन चलाना,
  • हाईवे पर अवैध ढाबों पर अनाधिकृत पार्किंग सड़क हादसों के मुख्य कारण हैं।

सांसद ने 02 नवंबर 2025 को फलोदी (राजस्थान) में भारतमाला सड़क पर हुई दुर्घटना, जिसमें एक दर्जन से अधिक श्रद्धालुओं की मृत्यु हुई, का उदाहरण देते हुए कहा कि ऐसी सड़कों पर एम्बुलेंस और दमकल सुविधाओं का अभाव मौत का कारण बनता है। उन्होंने गोल्डन ऑवर में त्वरित इलाज की व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।

सांसद बेनीवाल के प्रमुख सुझाव

बैठक में सांसद ने सड़क सुरक्षा को लेकर कई ठोस सुझाव रखे, जिनमें प्रमुख हैं—

  • सभी राजमार्गों पर ब्लैक स्पॉट्स का वैज्ञानिक सर्वे कर प्राथमिकता से सुधार
  • दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में अंडरपास व ओवरब्रिज निर्माण के लिए राष्ट्रव्यापी अभियान
  • हाईवे पर स्मार्ट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम, CCTV व स्पीड कैमरों की संख्या बढ़ाना
  • प्रत्येक 40–50 किमी पर एम्बुलेंस व ट्रॉमा केयर सेंटर की व्यवस्था
  • ट्रॉमा सेंटर संचालन को लेकर देशभर के लिए एक समान नियम
  • स्कूलों, पंचायतों व सार्वजनिक स्थलों पर अनिवार्य सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान
  • मरुस्थलीय क्षेत्रों में धूल भरी आंधी के दौरान दृश्यता के लिए विशेष साइन बोर्ड
  • लंबी दूरी के हाईवे पर ड्राइवर रेस्ट एरिया व विश्राम स्थल
  • अवैध, अत्यधिक तेज सफेद/नीली LED हेडलाइट्स पर पूर्ण प्रतिबंध

रोड सेफ्टी बैठकों की हो केंद्रीय स्तर पर मॉनिटरिंग

सांसद बेनीवाल ने कहा कि जिलों में कलेक्टर की अध्यक्षता में रोड सेफ्टी कमेटी और सांसदों की अध्यक्षता वाली समितियां बनी हुई हैं, लेकिन राजस्थान में 2019 से 2023 तक इन पर गंभीरता से काम नहीं हुआ। उन्होंने नियमित बैठकों, उनके मिनट्स का मंत्रालय स्तर पर विश्लेषण और दुर्घटना डेटा के वैज्ञानिक अध्ययन की मांग की।

केंद्र की राशि से बने कार्यों में गड़बड़ी पर हो आपराधिक कार्रवाई

सांसद ने कहा कि केंद्र सरकार की राशि से बने सड़क, पुल या अन्य प्रोजेक्ट्स में यदि अनियमितता सामने आती है, तो दोषी ठेकेदारों और अभियंताओं के खिलाफ केंद्रीय एजेंसी से आपराधिक मुकदमा दर्ज होना चाहिए। साथ ही सड़क दुर्घटना में मृत्यु होने पर मृतक के आश्रितों को न्यूनतम 10 लाख रुपये की तत्काल सहायता का प्रावधान करने की मांग की।

नागौर के मानासर फ्लाईओवर को तोड़ने की उठी मांग

सांसद बेनीवाल ने नागौर शहर के मानासर रेलवे फाटक पर बने आरओबी को गलत डिजाइन व घटिया गुणवत्ता का बताया। इस पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने बैठक में आरओबी को तोड़ने की बात कही। सांसद ने नागौर-जोधपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर जल निकासी नालों में भ्रष्टाचार और फोरलेन सड़क की डीपीआर में फर्जीवाड़े का मुद्दा भी उठाया।

द्वारका एक्सप्रेसवे का निरीक्षण

बैठक से पहले केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा और अजय टम्टा के साथ समिति के सांसदों ने द्वारका एक्सप्रेसवे का निरीक्षण कर सड़क सुरक्षा व रोड इंजीनियरिंग कार्यों का जायजा लिया।

सीआरआईएफ सड़कों में अनियमितता पर सख्त कार्रवाई की मांग

सांसद ने मेड़ता सिटी–मुंडवा, मुंदियाड़–जोरावरपुरा और नागौर से भेड़-बासनी-बैराथल-पांचला मार्ग सहित कई सड़कों में अनियमितताओं का मुद्दा उठाते हुए दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की।

नागौर संसदीय क्षेत्र के विकास कार्यों की स्वीकृति की मांग

सांसद बेनीवाल ने बाँठड़ी जंक्शन फ्लाईओवर, सुरपालिया बाईपास, नागौर शहर में फोरलेन सड़क, विभिन्न चौराहों के चौड़ीकरण, बाईपास व पुनर्निर्माण कार्यों सहित नागौर व डीडवाना–कुचामन जिले की कई सड़कों के लिए बजट स्वीकृति की मांग दोहराई।