SIR को लेकर दिल्ली में ममता का सियासी वार! 13 पीड़ित परिवारों संग CEC से की मुलाकात

mamata banerjee
2 Feb 2026

ममता बनर्जी ने 13 प्रभावित परिवारों के प्रतिनिधिमंडल के साथ सीईसी से मुलाकात, हार की आशंका से SIR का सहारा ले रही बीजेपी, TMC के 2 सांसदों ने दायर कर रखी सुप्रीम कोर्ट में याचिका, 4 फरवरी को हो सकती है सुनवाई

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्य में चल रही SIR प्रक्रिया को लेकर चुनाव आयोग और राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है. एसआईआर को लेकर तृणमूल कांग्रेस पार्टी के सांसदों डोला सेन और डेरेक ओब्रायन की याचिका पहले से ही सुप्रीम कोर्ट में लंबित है. जिन पर 4 फरवरी को सुनवाई होने की संभावना है. इससे पहले ममता बनर्जी ने अपने दल के नेताओं के प्रतिनिधिमंडल और SIR से प्रभावित 13 परिवारों के सदस्यों के साथ मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से मुलाकात की.

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के साथ सीईसी से मिलने पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में अभिषेक बनर्जी समेत SIR से प्रभावित 13 परिवारों के सदस्य भी शामिल थे. ममता के साथ सीईसी से मिलने जो लोग पहुंचे उनमें पांच ऐसे मतदाता हैं, जिन्हें मृत घोषित कर उनका नाम वोटर लिस्ट से हटा दिया गया. इन लोगों में पांच ऐसे परिवार के सदस्य हैं, जिनकी SIR नोटिस मिलने के बाद मौत हो गई. इसके अलावा 3 ऐसे परिवारों के सदस्य भी मौजूद रहे हैं जिनके घर के बीएलओ (BLO) की कथित तौर पर काम के दबाव के कारण जान चली गई.

वहीं, दिल्ली के लिए रवाना होने से पहले कोलकाता एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत में ममता बनर्जी ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि वे जानते हैं कि वे बंगाल में हारेंगे. इसलिए SIR का इस्तेमाल कर रहे हैं. ममता बनर्जी ने सीधे चुनौती देते हुए कहा कि अगर हिम्मत हैं तो वे चुनाव आयोग और एजेंसियों का इस्तेमाल करने के बजाय लोकतांत्रिक तरीके से चुनाव लड़े.