



कांग्रेस की महिला सांसदों ने पत्र लिखकर लगाया सरकार के दबाव में काम करने का आरोप, कहा- पीएम में विपक्ष का सामना करने का साहस नहीं, अविश्वास प्रस्ताव के जरिये विरोध दर्ज कराएगा विपक्ष
लोकसभा में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच लगातार खींचतान जारी है. सदन में हुए घटनाक्रम को लेकर लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने कांग्रेस पर निशाना साधा है वहीं, अब कांग्रेस की महिला सांसदों ने स्पीकर ओम बिरला पर सरकार के दबाव में काम करने का आरोप लगाया है.
कांग्रेस की महिला सांसदों ने लिखा पत्र
कांग्रेस की महिला सांसदों ने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को पत्र लिखकर उन पर लगातार सरकार पर दबाव में काम करने का आरोप लगाया. पत्र में कांग्रेस की महिला सांसदों ने का कहा कि स्पीकर को सदन के निष्पक्ष संरक्षक के रूप में काम करना चाहिए. कांग्रेस की महिला सांसदों ने स्पीकर ओम बिरला के उस बयान का भी विरोध जताया जिसमें उन्होंने कहा था कि कांग्रेस के कई सदस्य प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सीट के पास पहुंचकर किसी अप्रत्याशित घटना को अंजाम देना चाहते थे, इसलिए उनके अनुरोध पर पीएम मोदी सदन में नहीं आये. प्रियंका गांधी ने भी स्पीकर ओम बिरला के इस बयान का पुरजोर विरोध करते हुए इस पर आपत्ति जताई थी.
ये भी पढ़े : ‘राहुल गांधी का टिकट भी फाइनल नहीं’- कांग्रेस के इस नेता ने बोल दी बड़ी बात, देखें पूरी खबर
कांग्रेस की महिला सांसदों ने पत्र में लिखा कि ' हम ये पत्र गहरे दु:ख और संवैधानिक दायित्व की भावना के साथ लिख रहे हैं. यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि आपको, लोकसभा के माननीय अध्यक्ष और इस सदन के संवैधानिक संरक्षक के रूप में सत्तारूढ़ दल द्वारा विपक्ष की महिला सांसदों विशेषकर कांग्रेस की सांसदों के विरुद्ध झूठे, निराधार और मानहानिकारक आरोप लगाने के लिए मजबूर किया गया ।'
कांग्रेस की महिला सांसदों ने आरोप लगाया कि पीएम मोदी की जनविरोधी सरकार के खिलाफ आवाज उठाने और उनसे जवाबदेही की मांग के चलते निशाना बनाया गया. पीएम नरेन्द्र मोदी किसी डर की वजह से नहीं बल्कि इसलिए सदन में नहीं आये क्योंकि उनमें विपक्ष का सामना करने का साहस नहीं था. उन्होंने स्पीकर पर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को जानबूझ कर बोलने का अवसर नहीं देने का भी आरोप लगाया. उन्होंने विपक्षी गठबंधन के 8 सांसदों को सत्तारुढ़ दल के कहने पर निलंबित करने का भी आरोप लगाया.
स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव !
वहीं, इस बीच सोमवार को दिनभर विपक्ष द्वारा लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की भी खासी चर्चा रही. विपक्ष का आरोप है कि स्पीकर ने सदन की कार्यवाही में पक्षपाती रवैया अपनाया है और विपक्ष की आवाज़ को दबाया है. इसलिए ही स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की कवायद की जा रही है. हालांकि अविश्वास प्रस्ताव पारित होने की संभावना शून्य है लेकिन विपक्ष इसे विरोध जताने के हथियार के तौर पर इस्तेमाल कर रहा है.


