पश्चिम बंगाल में सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस के IT सेल के चीफ प्रतीक जैन के ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) के छापों के विरोध में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी अब सड़कों पर उतर आयी है. ऐसा लग रहा है कि राज्य की सीएम अब सीधे ईडी से लोहा ले रही है. ईडी की ओर से की जा रही कार्रवाई के विरोध में ममता ने प्रवर्तन निदेशालय के खिलाफ दो एफआईआर भी दर्ज करायी है. साथ ही कोलकाता में मार्च भी निकाला.
https://youtu.be/FrGgHVfOad0
इधर, ईडी की ओर से ममता बनर्जी के खिलाफ छापेमारी के दौरान हस्तक्षेप करने के आरोप में दर्ज करायी याचिका पर कलकत्ता हाईकोर्ट ने कोर्ट परिसर में भारी भीड़ और हंगामे की वजह से सुनवाई टाल दी. याचिका में सीएम ममता FIR दर्ज करने की मांग की गई थी. वहीं ईडी की कार्रवाई का विरोध कोलकाता और हाईकोर्ट के साथ दिल्ली में भी होने लगा है. आज सुबह पार्टी के 8 सांसदों ने दिल्ली में गृह मंत्रालय के बाहर प्रदर्शन किया. धक्का मुक्की के बाद पुलिस ने सांसद डेरेक ओ ब्रॉयन, महुआ मोइत्रा एवं कीर्ति आजाद सहित सभी सांसदों एवं नेताओं को हिरासत में लिया. हालांकि कुछ घंटों पर उन्हें रिहा कर दिया.
यह भी पढ़ें:‘प्रधानमंत्री जी, अपने होम मिनिस्टर को कंट्रोल कीजिए..’ छापों पर बौखलाई ‘दीदी’
बता दें कि गुरुवार को ED की टीम ने प्रतीक जैन के गुलाउडन स्ट्रीट स्थित घर और दूसरी टीम सॉल्टलेक स्थित दफ्तर पर छापा मारा था. जैन ही ममता बनर्जी के लिए पॉलिटिकल स्ट्रैटजी तैयार करते हैं. इस कार्रवाई पर बीजेपी और टीएमसी भी आमने सामने हो गयी हैं. टीएमसी के नेताओं ने इस कार्रवाई को राजनीति से प्रेरित बताया. वहीं बीजेपी ने ममता बनर्जी के प्रतीक जैन के घर पहुंचकर फाइल उठा ले जाने को गलत बताते हुए सरकारी संस्था के कार्य में बाधा पहुंचाने का आरोप लगाया.
विपक्ष के नेता भी अब ममता बनर्जी के समर्थन में आ गए हैं. कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि TMC सिर्फ ED की छापेमारी पर ही विरोध कर रही है, लेकिन बंगाल के प्रवासी मजदूरों पर हमलों पर कभी विरोध नहीं किया. एसपीपी सांसद सुप्रिया सुले, कश्मीर की पूर्व सीएम महबूबा मुफ्ती, सुप्रिया श्रीनेत, पार्टी सांसद महुआ मोइत्रा, शिवसेना (UBT) सहित विपक्ष के नेताओं ने ममता बनर्जी का समर्थन करते हुए ईडी की ओर से की जा रही कार्रवाई का विरोध किया है. कांग्रेस ने ईडी को मोदी सरकार का हथियार बताया है.
यह भी पढ़ें: लालू परिवार की मुश्किलें बढ़ीं, लैंड फॉर जॉब मामले में कोर्ट ने आरोप किए तय
वहीं टीएमसी ने सोशल मीडिया पर बीजेपी को घेरना शुरू कर दिया है. पार्टी ने सोशल पेज पर लिखा, 'आप लोकतंत्र का गला घोंट सकते हैं लेकिन हम नहीं झुकेंगे. मान लीजिए आप घबरा गए हैं.' TMC ने दिल्ली में प्रदर्शन की एक तस्वीर शेयर कर लिखा, 'ये कैसा घमंड है अमित शाह?' इधर, विधानसभा में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने पलटवार में कहा कि सत्ता में आने पर सभी के खिलाफ कार्रवाई करेंगे. बीजेपी के सांसद रविशंकर प्रसाद ने भी बंगाल सीएम पर हमला करते हुए कहा कि ममता बनर्जी का पूरा काम न सिर्फ़ अनैतिक, गैर-जिम्मेदार और असंवैधानिक है, बल्कि उन्होंने पूरी लोकतांत्रिक प्रक्रिया को शर्मसार कर दिया है.
अब देखना ये है कि पश्चिम बंगाल में इसी साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले हो रहे इस हंगामे से चुनावों के परिणामों पर कोई असर पड़ता है या फिर नहीं.