लात मारूंगा, रसमलाई, हटाओ लुंगी बजाओ पुंगी! महाराष्ट्र BMC चुनाव में तेज हुई सियासी ‘बदजुबानी’

annamal (1)
12 Jan 2026
महाराष्ट्र में BMC चुनाव में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS)चीफ राज ठाकरे के विवादित बयानों को लेकर सियासत तेज हो गई है. रविवार को दादर में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधन के दौरान राज ठाकरे ने मराठी एकता का आह्वान किया और कहा कि राज्य की भाषा, जमीन और पहचान पर खतरा है. राज ठाकरे ने उत्तर प्रदेश और बिहार के लोगों को निशाने पर लेते हुए कहा कि महाराष्ट्र में हिंदी थोपने की कोशिश नहीं करना चाहिए. मुझे किसी भाषा से नफरत नहीं लेकिन, अगर हिंदी थोपने की कोशिश करोगे तो मैं लात मारूंगा. राज ठाकरे ने कहा कि कुछ ताकतें इस बात से भी नाराज है कि मुंबई गुजरात के बजाय महाराष्ट्र को मिल गया. ठाकरे ने कहा कि वे अब अडाणी ग्रुप के जरिए मुंबई पर कंट्रोल हासिल करना चाहते हैं. महाराष्ट्र के हर बड़े क्षेत्र में अडाणी ग्रुप की भागीदारी बढ़ रही है. शिवतीर्थ मैदान में आयोजित जनसभा में राज ठाकरे के साथ उद्धव ठाकरे भी मौजूद रहे. इस मौके पर उद्धव ठाकरे ने कहा कि भाजपा हर चुनाव से पहले हिंदू-मुस्लिम और मराठी–गैर मराठी का मुद्दा उठाकर राजनीति करती है. लेकिन हमने मराठी मानुष, हिंदुओं और महाराष्ट्र के हित में अपने सभी मतभेद भुला दिए हैं. उद्धव ठाकरे ने कहा कि हम BJP मुंबई को हड़पने नहीं देंगे. भाजपा का हिंदुत्व और राष्ट्रवाद झूठा है. BJP की नीतियां अब ‘नेशन फर्स्ट’ से ‘करप्शन फर्स्ट’ की ओर बढ़ गई हैं. उद्धव ठाकरे ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि शिवसेना ने 25 साल में क्या किया और महायुति ने 3 साल में मुंबई को कैसे बर्बाद कर दिया. हमने मुंबई को खून बहाकर हासिल किया गया था. बालासाहेब ठाकरे ने हमें सिखाया था कि अगर कोई तुम पर हाथ उठाए तो उसका हाथ तोड़ दो. उद्धव ठाकरे ने देवेंद्र फडणवीस के उस बयान पर भी निशाना साधा, जिसमें फडणवीस ने कहा था कि मुझे उद्धव ठाकरे का विकास के मुद्दे पर दिया कोई भाषण दिखाने पर 5 हजार रुपए का इनाम दूंगा. उद्धव ने कहा कि मुझे उनका चोरी किया हुआ पैसा नहीं चाहिए, लेकिन मुझे प्रधानमंत्री मोदी का ऐसा भाषण दिखाओं जिसमें हिंदू-मुस्लिम राजनीति नहीं की हो, मैं तुम्हें 1000 रुपए दूंगा. उधर, तमिलनाडु में BJP के कद्दावर नेता के. अन्नामलाई और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS)के बीच सियासी बयानबाजी का दौर भी जारी है. मुंबई में शिवसेना (UTB) और MNS की संयुक्त रैली में राज ठाकरे ने अन्नामलाई को निशाना बनाते हुए कहा था कि तमिलनाडु से एक रसमलाई आई है. इसका मुंबई से क्या रिश्ता है ? 'हटाओ लुंगी बजाओ पुंगी'. दरअसल अन्नामलाई ने एक चुनावी सभा में कहा था कि बॉम्बे महाराष्ट्र का शहर नहीं बल्कि एक अंतरराष्ट्रीय शहर है. राज ठाकरे ने इसे मराठी अस्मिता पर हमला बताते हुए पलटवार किया था. वहीं, अन्नामलाई ने भी राज ठाकरे पर निशाना साधा. अन्नामलाई ने चेन्नई में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि 'मैं एक किसान का बेटा हूं और किसी की धमकी से डरने वाला नहीं. राज ठाकरे मुझे गाली देने वाले कौन है ? उन्होंने सिर्फ मुझे गाली देने के लिए पब्लिक मीटिंग की.