



राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने राजस्थान विधानसभा में प्रस्तुत बजट पर तीखी प्रतिक्रिया दी है. उनका कहना है कि यह बजट जनता की अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतरता और इसे देखकर स्पष्ट होता है कि सरकार का विजन कई फाइलों में दफन है. उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री का बजट भाषण केवल औपचारिकता तक सीमित रहा और ऐसा लगा जैसे यह सचिवालय के अफसरों द्वारा तैयार एक ‘नीरस प्रेस नोट’ पढ़ा जा रहा हो. हनुमान बेनीवाल ने बजट को अनुभवहीन नेतृत्व और अफसरशाही पर निर्भर करार देते हुए कहा कि इसमें जन भावनाओं और वास्तविक जरूरतों के लिए कोई जगह नहीं है.
सांसद हनुमान बेनीवाल ने यह भी कहा कि बजट में युवाओं के लिए स्थाई रोजगार, किसानों की कर्ज माफी, स्टेट हाइवे का टोल मुक्त करना, पेट्रोल-डीजल पर वैट में कटौती और महंगाई कम करने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर कोई स्पष्ट रोडमैप नहीं दिखा. उनके अनुसार, बजट का यह स्वरूप केवल आंकड़ों और बैलेंस शीट तक सीमित है, जो आम जनता को राहत देने में असफल है. उन्होंने सरकार से जनता की जरूरतों और मूल मुद्दों को ध्यान में रखते हुए ठोस और जनहितैषी बजट पेश करने की आवश्यकता पर जोर दिया. सांसद बेनीवाल ने आगे कहा कि युवाओं को स्थाई रोजगार देने,किसानों की कर्ज माफी,स्टेट हाइवे को टोल मुक्त करने,पेट्रोल -डीजल पर वैट घटाने, सोने और चांदी की कीमतों को कम करने सहित महंगाई को कम करने की कोई बात बजट में नहीं की गई.


