आख़िर कैसे हुई साध्वी प्रेम बाईसा की मौत? पुलिस कमिश्नर ने किया खुलासा, जानें पूरा मामला

14 Feb 2026

मेडिकल बोर्ड और FSL द्वारा पुलिस को सौंपी रिपोर्ट में नहीं हुई जहर की पुष्टि, SIT और कमिश्नर ने जॉइंट PC में किया खुलासा, वहीं कंपाउंडर देवी सिंह की लापरवाही आई सामने, बिना डॉक्टर की पर्ची के लगाए इंजेक्शन !

जोधपुर में कथावाचक प्रेम बाईसा की संदिग्ध मौत के मामले में मेडिकल बोर्ड और एफएसएल की अंतिम रिपोर्ट पुलिस को सौंप दी गई है. रिपोर्ट में प्रेम बाईसा की मौत अस्थमा अटैक के चलते सांस रुकने से होने की संभावना बताई गई है. एफएसएल जांच में जहर या नशीले पदार्थ की पुष्टि भी नहीं हुई है. 28 जनवरी को आश्रम में हुई मौत के बाद 29 जनवरी को पिता ने एफआईआर दर्ज कराई थी.

ये भी पढ़े : ‘राहुल गांधी की सदस्यता खत्म कर दो, पप्पू यादव को जान से मार दो…’- जानें क्या है पूरा मामला ?

जोधपुर पुलिस कमिश्नर ओम प्रकाश पासवान और एसआईटी ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले में सामने आये तथ्यों की जानकारी दी. पुलिस ने मेडिकल बोर्ड और FSL रिपोर्ट्स के निष्कर्ष के आधार पर प्रेम बाईसा की मौत को लेकर चल रही तमाम चर्चाओं पर फिलहाल विराम लगा दिया है. हालांकि प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुलिस कमिश्नर पत्रकारों के कुछ सवालों के जवाब टालते नजर आये. पत्रकार मामले से जुड़े दूसरे पहलूओं से संबंधित सवाल जवाब कर रहे थे, लेकिन पुलिस कमिश्नर ने साफ कहा कि मामले में प्रेम बाईसा की मौत और उससे संबंधित किसी संभावित षड्यंत्र के बारे में जांच की है और फिलहाल जांच में ऐसा कुछ भी सामने नहीं आया है.

आपको बता दें कि 29 जनवरी को प्रेम बाईसा के पिता ने मामला दर्ज कराते हुए गहन जांच की मांग की थी. इसके बाद पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाने का निर्णय लिया. महात्मा गांधी अस्पताल में मेडिकल बोर्ड की देखरेख में पूरी पोस्टमार्टम प्रक्रिया संपन्न हुई थी, ताकि मौत के कारणों को लेकर किसी भी तरह का संदेह न रहे. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अब तक की जांच में किसी आपराधिक साजिश या जहरीले पदार्थ के प्रयोग के ठोस सबूत सामने नहीं आए हैं. FSL जांच रिपोर्ट में भी जहर देने की बात खारिज हो गई है.

प्रेम बाईसा को इंजेक्शन देने वाले कंपाउंडर देवी सिंह को पुलिस ने लापरवाही का दोषी माना है. पुलिस का कहना है जो इंजेक्शन प्रेम बाईसा को दिये गये थे. वो इंजेक्शन बिना डॉक्टरी सलाह के नहीं दिये जा सकते. इसके बावजूद उसने वो इंजेक्शन प्रेम बाईसा को दिये थे.