खाटूधाम में मेले से पहले मेला, उड़ने लगे रंग-गुलाल !

9 Feb 2026

रींगस से खाटू तक बाबा श्याम के भक्तों का रैला, लक्खी मेले की तैयारियों में जुटा प्रशासन, दूर-दूर से हजारों पदयात्री भी पहुंचेंगे बाबा के दरबार में, सुरक्षा के होंगे पुख्ता इंतजाम, 5000 पुलिसकर्मी होंगे तैनात, CCTV कैमरों से चप्पे-चप्पे पर होगी निगरानी

सीकर के खाटूश्‍यामजी लक्खी मेले की तैयारियां परवान पर है. वार्षिक लक्खी मेले में लाखों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की उम्मीद है. खाटूश्याम जी के लक्खी मेले में कई राजनेता और वीआईपी भी दर्शन करने पहुंचेंगे. इसके चलते स्थानीय प्रशासन भी व्यवस्थाओं में जुटा हुआ है. 21 फरवरी से 28 फरवरी तक चलने वाले खाटूधाम में बाबा श्याम के वार्षिक लक्खी मेले में जिला प्रशासन और श्रीश्याम मंदिर कमेटी ने श्याम भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के इंतजाम क‍िए हैं. साफ सफाई, रंग-रोगन और रास्तों को सुगम बनाने में जुटे हुए हैं और खाटूश्याम धाम अलग रंग में दिखने लगा है और फाल्गुन की शुरूआत के साथ ही मंदिर क्षेत्र में रंग-गुलाल उड़ने लगा है.

ये भी पढ़े : ‘…यह निकम्मी सरकार है’- इस दिग्गज महिला नेता के बयान के बाद गरमाई राजनीति, देखें पूरी खबर

आपको बता दें कि खाटूश्यामजी के वार्षिक लक्खी मेले में देशभर से रोजाना लाखों श्रद्धालु मेले में पहुंचेंगे. हर साल इस लक्खी मेले में राजस्थान के साथ ही उत्तरप्रदेश, दिल्ली-एनसीआर, मध्यप्रदेश और बिहार समेत कई राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा श्याम के दरबार में धोक लगाने पहुंचते हैं. मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने के चलते प्रशासन भी मुस्तैद है और पार्किंग से लेकर मंदिर दर्शन तक की सभी व्यवस्थाओं को चाकचौबंद किया जा रहा है. रास्तों को बेहतर बनाया जा रहा है ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े. वहीं, स्थानीय लोग और व्यापारी भी व्यवस्थाओं में सहयोग कर रहे हैं ताकि खाटूधाम आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की समस्या का सामना नहीं करना पड़े. हालांकि 21 फरवरी से 28 फरवरी के बीच मौसम ठीक रहने के चलते इस दौरान श्रद्धालुओं को तेज धूप जैसी समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा, लेकिन फिर भी एहतियातन श्रद्धालुओं के लिए छाया-पानी जैसे जरूरी इंतजाम किये जा रहे हैं.

मेले से पहले मेला !
मेले से पहले ही रींगस से खाटू धाम तक 17 किलोमीटर का नजारा मेले सा ही नजर आ रहा है. रोजाना हजारों श्याम भक्त नाचते-गाते जत्थों के साथ हाथों में निशान लिए रंग, अबीर-गुलाल उड़ाते फाल्गुन की मस्ती में डूबे हुए खाटू धाम की ओर बढ़े चले आ रहे हैं. वहीं, खाटूधाम के बाजारों में भी खासी रौनक है. मिठाइयां, प्रसाद, गुलाब के फूल और इत्र की दुकानें सज गईं है. स्थानीय लोगों की आजीविका यहां आने वाले श्रद्धालुओं पर ही निर्भर है लिहाजा आमदनी के लिए ये उनके लिए भी बड़ा अवसर है. निजी वाहन चालक, फुटकर व्यापारियों, होटल, धर्मशाला, गेस्ट हाउस संचालक वर्ष भर इस फाल्गुन मेले का इंतजार करते हैं. रींगस से खाटू तक का पूरा नजारा भक्तिमय और श्याम रंग में डूबा नजर आ रहा है.

दूर-दूर से आते हैं पदयात्रियों के जत्थे
बाबा श्याम के लक्खी मेले में दूर-दूर से हजारों श्रद्धालुओं पदयात्रा भी करते हैं. ये पदयात्री समूहों में यात्रा करते हैं और कई दिन का सफर तय कर बाबा श्याम के दरबार में पहुंचते हैं. बाबा श्याम के भक्त इन श्रद्धालुओं के लिए की सेवा को भी पुण्य का काम मानते हैं. लिहाजा पदयात्रियों के लिए पूरे रास्ते में ठहरने, खाने-पीने की व्यवस्थाएं कर रहे हैं ताकि बाबा के भक्तों को किसी तरह की परेशानी ना हो. वहीं, लक्खी मेले के दौरान जगह-जगह बाबा श्याम के भक्त भंडारे भी लगाएंगे.

5000 पुलिसकर्मी तैनात, 400 CCTV कैमरों से निगरानी
खाटूश्यामजी के लक्खी मेले की सुरक्षा व्यवस्था में इस बार करीब 5000 पुलिसकर्मी मोर्चा संभालेंगे और लगभग 400 CCTV कैमरों से चप्पे-चप्पे पर पुलिस की निगरानी होगी. ड्रोन से भी पूरे मेला क्षेत्र की लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी. श्री श्याम मंदिर कमेटी के मंत्री मानवेंद्र सिंह चौहान ने कहा है कि श्याम भक्तों को खाटू धाम में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी. भक्तों को बिना परेशानी के दर्शन करवाना श्री श्याम मंदिर कमेटी का पहला लक्ष्य है.