



कितना भी रसूखदार हो लेकिन जिताऊ उम्मीदवारों को ही मिलेगा टिकट, बड़ी से बड़ी सिफारिश पर भी नहीं मिलेगा कांग्रेस में टिकट, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत का वीडियो, वायरल होने के बाद मची सियासी खलबली
उत्तराखंड कांग्रेस में चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष और पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत का एक बयान इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. हरक सिंह के इस बयान के राजनीतिक गलियारों में भी चर्चे हो रहे हैं. हरक सिंह रावत ने कहा था कि- टिकट तो राहुल गांधी का भी फाइनल नहीं है. कांग्रेस में टिकट उसी नेता को मिलेगा, जो चुनाव जीतने की स्थिति में होगा, चाहे वह किसी भी बड़े नेता का करीबी क्यों न हो. हरक सिंह रावत ने कहा कि चुनाव प्रबंधन समिति का अध्यक्ष होने के नाते कई नेता उनके पास टिकट की उम्मीद लेकर पहुंच रहे हैं, लेकिन सबको साफ शब्दों में बता दिया है कि पार्टी किसी का टिकट सिफारिश या किसी नेता से नजदीकी के आधार पर नहीं दिया जाएगा. पार्टी जिताऊ उम्मीदवार को ही टिकट देगी और यह बात उन्होंने खुद राहुल गांधी से आमने-सामने हुई बैठक में भी रखी है.
ये भी पढ़े : ‘तू मेरी नहीं तो किसी ओर की भी नहीं होने दूंगा’….और क्लासमेट को मार दी गोली !
हरक सिंह रावत ने जयहरीखाल के समखालल में आयोजित कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक के दौरान ये बयान दिया था. जिसका वीडियो भी अब सोशल मीडिया में खासा वायरल हो रहा है. उन्होंने कहा लोग मेरे पास टिकट के लिए आ रहे हैं क्योंकि मैं चुनाव प्रबंधन समिति का अध्यक्ष हूं, मैं बहुत साफ राजनीति कर रहा हूं और कांग्रेस में टिकट उसी को देंगे जो जीतने की स्थिति में होगा. उन्होंने कहा कि कोई मेरा करीबी हो या किसी और नेता का कितना भी करीबी हो अगर जीतने की स्थिति में नहीं होगा तो हम टिकट नहीं देंगे. हरक सिंह रावत ने कहा कि राहुल गांधी जी के साथ अकेले में हुई बैठक में भी मैने यह बात कही है कि लोग आपका नाम लेकर और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का नाम लेकर कहते हैं कि हमारा तो टिकट फाइनल है.
आपको बता दें कि कांग्रेस हाईकमान ने 11 नवंबर 2025 को उत्तराखंड प्रदेश में संगठनात्मक फेरबदल कर कई वरिष्ठ नेताओं को नई जिम्मेदारियां सौंपी थी. इस नियुक्ति के तहत हरक सिंह रावत को उत्तराखंड कांग्रेस के चुनाव प्रबंधन समिति का प्रभारी नियुक्त किया गया था. इसके अलावा गणेश गोदियाल को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का पद सौंपा गया, जबकि प्रीतम सिंह को प्रचार समिति का अध्यक्ष बनाया गया. कांग्रेस की ये टीम अब पार्टी के 2027 विधानसभा चुनावों के लिए उत्तराखंड में चुनावी रणनीति तैयार करेगी और संगठन को मजबूत करने का काम करेगी.


