देवेंद्र फडणवीस ने किया कैबिनेट में विस्तार, 13 मंत्रियों ने ली शपथ

16 Jun 2019
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आज कैबिनेट का विस्तार किया. राज्यपाल ने 13 मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई. आठ को कैबिनेट मंत्री बनाया गया है जबकि पांच को राज्य मंत्री का पदभार सौंपा गया है. मंत्रिमंडल में राधाकृष्ण विखे पाटिल को भी शामिल किया गया है. पाटिल हाल ही में कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए हैं. विखे पाटिल राज्य विधानसभा में नेता विपक्ष थे और उनके बीजेपी में शामिल होने के बाद यह पद खाली हो गया है. उनके पुत्र सुजय विखे पाटिल राज्य की अहमदनगर लोकसभा सीट से बीजेपी सांसद हैं. इन्हें कैबिनेट मंत्री बनाया गया है. इससे पहले प्रकाश मेहता, राजकुमार बडोले, विष्णु सावरा, दिलीप कांबले, प्रवीण पोटे और अमरीश आत्राम ने मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया. कैबिनेट का विस्तार राज्य विधानसभा चुनाव से चार महीने पहले हुआ है. बता दें कि महाराष्ट्र विधानसभा का मानसून सत्र सोमवार से शुरू हो रहा है. मंत्रिमंडल में यह विस्तार इससे एक दिन पहले किया गया है. विधानसभा चुनाव से पहले यह विधानसभा का अंतिम सत्र होगा. मंत्रिमंडल में फेरबदल करने से पहले सीएम देवेंद्र फडणवीस ने शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे से भी मुलाकात की थी. ये आठ बने हैं कैबिनेट मंत्री 1. राधाकृष्ण विखे पाटील 2. आशिष शेलार 3. जयदत्त क्षीरसागर 4. संजय कुटे 5. सुरेश खाडे 6. डॉ. अनिल बोंडे 7. अशोक उईके 8. तानाजी सावंत इन्हें मिला है राज्यमंत्री का पद 1. योगेश सागर 2. अविनाश महातेकर 3. संजय उर्फ बाळा भेगडे 4. परिणय फुके 5. अतुल मोरेश्वर सावे