युवाओं में बढ़ते हार्ट अटैक के मामलों पर विधानसभा में संग्राम, कोरोना वैक्सीन पर फिर उठे सवाल ?

18 Feb 2026

विधानसभा में भिड़े पक्ष-विपक्ष, घनश्याम मेहर ने बार-बार दोहराई रिसर्च कराने की मांग, कहा- जनता को मौत के मुंह में डालना चाहती है सरकार, इलेक्ट्रॉल बॉन्ड लेकर वैक्सीन लगाने का लगाया आरोप, डॉ.विश्वनाथ मेघवाल ने किया देश के साइंटिस्ट पर सवाल उठाने का विरोध

Rajasthan: राजस्थान विधानसभा में आज एक बार फिर कोरोना वैक्सीन के मुद्दे पर जोरदार नोकझोंक हुई. सदन में चर्चा के दौरान टोडाभीम विधायक घनश्याम मेहर ने युवाओं में बढ़ती हार्ट अटैक की घटनाओं का मामला उठाया. घनश्याम मेहर ने कहा कि प्रदेश और देश में हार्ट अटैक के केस काफी बढ़ गए हैं. जनता में ये भ्रम है कि कोविशील्ड वैक्सीन के चलते हार्ट अटैक की घटनाएं बढ़ी है. घनश्याम मेहर ने सीधे सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा कि इलेक्ट्रॉल बॉन्ड लेकर वो वैक्सीन लगाई गई. घनश्याम मेहर ने कहा कि खासतौर पर युवकों में हार्ट अटैक की घटनाएं बढ़ी है. उन्होंने कहा इन घटनाओं को सरकार को गंभीरता से लेना चाहिए.

घनश्याम मेहर ने कहा अकेले टोडाभीम में ही ऐसे सैकड़ों केस सामने आ चुके हैं और प्रदेश में सैकड़ों हार्ट अटैक के मामले रोजाना सामने आ रहे हैं. कोरोना वैक्सीन के चलते हार्ट अटैक की घटनाएं बढ़ रही है. इस पर सत्ता पक्ष ने कड़ी आपत्ति जताई और नोकझोंक शुरू हो गई. घनश्याम मेहर ने सुझाव देते हुए कहा कि प्रदेश में हार्ट अटैक के मामले लगातार क्यों बढ़ रहे हैं ? सरकार सरकार को इस पर शोध करवाना चाहिए.

ये भी पढ़े : JJM घोटाला: कोर्ट में पेशी के बाद सभी आरोपियों को भेजा इतने दिन की रिमांड पर, ACB करेगी गहन पूछताछ

इस मुद्दे सत्ता पक्ष के शोरशराबे पर विपक्ष ने कड़ी आपत्ति जताई. घनश्याम मेहर ने कहा कि सरकार जनता को मौत के मुंह में डालना चाहती है. घनश्याम मेहर की इस बात का विपक्ष के दूसरे सदस्यों ने भी समर्थन किया. विपक्ष के सदस्यों ने कहा कि ऐसा नहीं है तो सरकार को इस पर शोध करवाकर खुलासा करना चाहिए. सत्ता पक्ष की आपत्ति के बावजूद घनश्याम मेहर ने बार-बार हार्ट अटैक की घटनाओं पर रिसर्च की मांग दोहराई.

विधायक घनश्याम मेहर ने कहा कि खुद वैक्सीन बनाने वाली कंपनी के मालिक भी ये बात कह रहे हैं कि हमसे गलती हो गई. नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि विधायक के सुझाव पर विचार करने में सरकार को आपत्ति क्यों है. इस पर डॉ. विश्वनाथ मेघवाल ने कड़ी आपत्ति जताई. कोरोना वैक्सीन से हार्ट अटैक की बात पूरी तरह झूठ है. भारत में बनी कोरोना वैक्सीन दुनिया के 43 देशों में सप्लाई की गई थी. अगर ऐसी खामी होती तो दूसरे देश सबसे पहले आपत्ति कर देते. डॉ.विश्वनाथ मेघवाल ने देश के डॉक्टर्स और साइंटिस्ट्स पर सवाल उठाने का विरोध किया. उन्होंने कहा कि सभी विधायकों के 3-3 वैक्सीन लगी है. राहुल गांधी को भी वैक्सीन लगी है. सभी यहां बैठे हैं. इस बीच सुमित गोदारा ने भी विपक्ष पर सदन को गुमराह करने का आरोप लगाया. श्रीचंद कृपलानी ने भी इस बात पर कड़ी आपत्ति जताई. इस पर नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि विधायक सुझाव दे रहे हैं कि रिसर्च करवाना चाहिए. इसमें गलत क्या है ? सरकार को रिसर्च करवाना चाहिए. काफी हंगामे के बाद सभापति अर्जुनलाल जीनगर के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ.