CM भजनलाल शर्मा का युवाओं से बजट पूर्व संवाद, युवा राष्ट्र के कर्णधार, विकास में निभाएं सक्रिय भूमिका
12 Jan 2026
जयपुर । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राष्ट्रीय युवा दिवस के मौके पर छात्रों से बजट पूर्व संवाद किया. इससे पहले मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय युवा दिवस पर स्वामी विवेकानन्द के चित्र पर पुष्प भी अर्पित किए. CM ने युवाओं को राष्ट्रीय युवा दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद हम सभी के प्रेरणास्रोत है. स्वामी विवेकानंद ने युवाओं को अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए अडिग रहकर काम करने का संदेश दिया. युवा आगे बढ़ेंगे तो देश-प्रदेश आगे बढ़ेगा. CM भजनलाल शर्मा ने कहा कि कहा कि भारत एक युवा राष्ट्र है और हमारे युवा, देश और प्रदेश के कर्णधार हैं. युवाओं की ऊर्जा और शक्ति से ही विकसित भारत और विकसित राजस्थान का सपना साकार होगा. उन्होंने कहा कि हमारी सरकार युवाओं के सपनों को साकार करने और उनके सशक्तीकरण के लिए संकल्पित है. हमारी प्राथमिकता है कि बजट युवा केन्द्रित बने, जिससे राज्य के विकास को गति मिले और मजबूत राजस्थान का निर्माण हो सके. कार्यक्रम में युवाओं ने शिक्षा उन्नयन, रोजगार, कौशल एवं उद्यमिता, स्टार्टअप सहित विभिन्न विषयों पर अपने सुझाव दिए. मुख्यमंत्री ने युवाओं द्वारा दिए गए सभी सुझावों को गंभीरता से सुना और कहा कि इन सुझावों को आगामी बजट में शामिल करने का प्रयास किया जाएगा.
पेपर लीक पर लगी लगाम, युवाओं मिलेंगे भरपूर अवसर
CM भजनलाल शर्मा ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के समय युवाओं के सपनों को रौंदा गया था, लेकिन हमारी सरकार ने आते ही पेपरलीक के प्रकरणों पर सख्त कार्रवाई की. पिछले 2 सालों में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ है. उन्होंने कहा कि हमारी सरकार युवाओं को रोजगार के भरपूर अवसर देने के लिए प्रतिबद्ध है. पिछले दो वर्षों में 1 लाख से अधिक सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं. करीब डेढ़ लाख पदों पर चयन प्रक्रियाधीन है. उन्होंने कहा कि हमने 5 साल में सरकारी क्षेत्र में 4 लाख और निजी क्षेत्र में 6 लाख नौकरियां देने का लक्ष्य रखा है. निजी क्षेत्र में युवाओं को अब तक दो लाख से अधिक रोजगार के अवसर दिए जा चुके हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं में उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए हमने कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं. प्रदेश में राइजिंग राजस्थान में हुए 35 लाख करोड़ के एमओयू में से 8 लाख करोड़ के एमओयू धरातल पर उतर चुके हैं. इसके लिए युवाओं के कौशल विकास को बढ़ावा दिया जा रहा है. उन्होंने कहा कि 3 लाख से अधिक युवाओं को कौशल प्रशिक्षण प्रदान किया गया है. राज्य सरकार द्वारा करीब 2 लाख युवाओं को इंटर्नशिप, 65 आई स्टार्टअप लॉन्चपैड नेस्ट की स्थापना और 658 स्टार्टअप्स को सहायता प्रदान की गई है.
सरकार ने बनाया विकास का रोडमैप, पानी-बिजली प्राथमिकता
सीएम ने कहा कि हमारी सरकार ने आते ही राज्य के विकास का रोडमैप बनाते हुए पानी-बिजली की प्राथमिकता पर काम किया. पानी की उपलब्धता बढ़ाने के लिए रामजल सेतु लिंक परियोजना, शेखावाटी के लिए यमुना जल समझौता, इंदिरा गांधी नहर, देवास, माही, नर्मदा सहित विभिन्न परियोजनाओं पर भी तेजी से काम किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि बिजली के लिए भी हमने कई अहम निर्णय किए हैं. हमने किसानों से वादा किया था कि दिन में बिजली उपलब्ध कराएंगे. इसी दिशा में अब हम 22 जिलों में दिन में बिजली दे रहे हैं। जल्द ही प्रदेश बिजली में आत्मनिर्भर बनेगा. मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में ‘विकास के साथ विरासत’ की अवधारणा पर कार्य कर रही है. इसी क्रम में शेखावाटी की हवेलियों के संरक्षण के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है और 662 ऐतिहासिक हवेलियों को संरक्षण और पुनरुद्धार के लिए चिह्नित किया गया है. उन्होंने कहा कि राजस्थान में हर क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं. राज्य में 82 प्रकार के खनिज संसाधन हैं और प्रदेश के पर्यटन स्थलों की विश्व में अपनी पहचान है. यहां की झीलें, किले, हवेलियां, मरुस्थल और धार्मिक स्थल देश-विदेश के पर्यटकों के लिए प्रमुख केन्द्र हैं.
युवाओं को मिलेगा रोजगारपरक प्रशिक्षण
मुख्यमंत्री ने बताया कि ग्रामीण युवाओं को प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत पर चरणबद्ध रूप से अटल ज्ञान केन्द्र की स्थापना की जा रही है. इस पहल का उद्देश्य है कि ग्राम पंचायत मुख्यालयों में प्रेरकों द्वारा युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण मिले. साथ ही, हमारी सरकार युवाओं को आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराने के लिए युवा पॉलिसी लेकर आई है. सरकार पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद की धारणा को अपनाते हुए काम कर रही है, ताकि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की पहुंच अंतिम पंक्ति पर बैठे व्यक्ति तक सुनिश्चित हो. इस मौके पर युवाओं ने मुख्यमंत्री का गत 2 वर्षों में युवाओं के हित में किए गए अनेक निर्णयों के लिए आभार जताया.
कार्यक्रम में अतिरिक्त मुख्य सचिव कौशल एवं उद्यमिता संदीप वर्मा, प्रमुख शासन सचिव महिला एवं बाल विकास भवानी सिंह देथा, प्रमुख शासन सचिव वित्त वैभव गालरिया सहित वरिष्ठ अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में राजस्थान विश्वविद्यालय, विभिन्न राजकीय महाविद्यालय, राजकीय आई.टी.आई., राजकीय पोलिटेक्निक महाविद्यालय के स्टूडेन्ट्स शामिल हुए.