



तंत्र-मंत्र से सिद्धि के लिए दलित बुजुर्ग महिला से रेप का सनसनीखेज खुलासा, आरोपी पिता-पुत्र को किया गिरफ्तार, फरार तांत्रिक की तलाश में जुटी पुलिस
राजस्थान के भरतपुर में 85 वर्षीय दलित बुजुर्ग महिला से घर में घुसकर दुष्कर्म मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है. पुलिस ने बुजुर्ग महिला से दुष्कर्म के मामले में आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी अभी भी फरार है. गिरफ्तार आरोपियों से शुरूआती पूछताछ में वारदात को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है. पुलिस के मुताबिक आरोपियों से पूछताछ में तंत्र साधना के लिए बुजुर्ग महिला से दुष्कर्म की बात सामने आई है. भरतपुर के खेड़ली थाना इलाके की ये घटना है और आरोपी अलवर जिले के हैं.
पुलिस के मुताबिक 22 जनवरी को भरतपुर के खेड़ली थाना इलाके में दलित बुजुर्ग महिला से बलात्कार की ये झकझोर देने वाली वारदात सामने आई थी. दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में दहशत फैल गई थी. पीड़िता के बेटे द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक दोपहर करीब 12 बजे पीड़िता और उसका पति ही घर पर था. बच्चे स्कूल गए हुए थे और वो खुद काम पर गया था. पत्नी भी लकड़िया लेने घर से बाहर गई हुई थी. वारदात के वक्त पीड़िता का पति भी सो रहा था.
ये भी पढ़े : उलझी प्रेम बाईसा की मौत की गुत्थी! क्यों देना चाहती थी अग्नि परीक्षा? क्या अन्याय हुआ था साध्वी के साथ?
'मामी' कहकर पुकार, फिर किया महापाप
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने घर के बाहर आकर बुजुर्ग महिला को 'मामी' कहकर पुकारा, बुजुर्ग महिला बाहर आई और उसने आरोपी को पहचानने से इनकार किया तो आरोपी जबरन घर में घुस गया और उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया. बुजुर्ग होने के चलते महिला आरोपी का विरोध नहीं कर सकी, बुजुर्ग पति को भी गहरी नींद में होने के कारण कोई भनक नहीं लगी और आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया. शाम के समय जब बहू घर लौटी, तब बुजुर्ग महिला ने आपबीती सुनाई. इसके बाद परिवार ने पुलिस को सूचना दी. दिनदहाड़े हुई इस वारदात से ग्रामीण क्षेत्रों में बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं.
आरोपी पिता-पुत्र गिरफ्तार, फरार तांत्रिक की तलाश जारी
वहीं, मामला सामने आने के बाद पुलिस ने गंभीरता दिखाते हुए जांच पड़ताल शुरू की. इस दौरान पुलिस ने स्थानीय लोगों से पूछताछ भी की और हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले. वहीं, पड़ताल में सामने आया था कि वारदात के दिन दोपहर को एक संदिग्ध व्यक्ति गांव में घूम रहा था. संदिग्ध ने हेलमेट लगाया हुआ था, इसके चलते उसकी पहचान नहीं हो पा रही थी. बाद में पुलिस ने गहन पड़ताल कर आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया तो तंत्र-मंत्र साधना के लिए दलित बुजुर्ग महिला से बलात्कार करने का खुलासा हुआ. पुलिस के मुताबिक आरोपी तांत्रिक फिलहाल फरार है, लेकिन पुलिस उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही है.


